समाचार

अतिशय क्षेत्र नवागढ़ में 46 दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान शुरू: मांगलिक अनुष्ठान में सकल समाजजनों का अनुकरणीय रहा सहयोग 


जैन धर्मावलंबियों के प्राचीन ऐतिहासिक तीर्थ स्थल नवागढ़ में 46 दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान का शुभारंभ हुआ। नवागढ़ अतिशय क्षेत्र में मूल नायक मनोकामना पूर्ण अतिशयकारी अरनाथ भगवान के चरणों में आचार्य श्री उदारसागरजी महाराज, मुनिश्री उपशांत सागरजी महाराज ससंघ के सानिध्य एवं आर्यिका स्वस्तिभूषण माताजी जहाजपुर के मंगल आशीर्वाद से यह आयोजन हुआ। मुरैना से पढ़िए, मनोज जैन नायक की यह खबर…


मुरैना/नवागढ़। जैन धर्मावलंबियों के प्राचीन ऐतिहासिक तीर्थ स्थल नवागढ़ में 46 दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान का शुभारंभ हुआ। नवागढ़ अतिशय क्षेत्र में मूल नायक मनोकामना पूर्ण अतिशयकारी अरनाथ भगवान के चरणों में आचार्य श्री उदारसागरजी महाराज, मुनिश्री उपशांत सागरजी महाराज ससंघ के सानिध्य एवं आर्यिका स्वस्तिभूषण माताजी जहाजपुर के मंगल आशीर्वाद से शारीरिक, मानसिक आधि-व्याधि नाशक, पारिवारिक, आर्थिक समस्याओं के समाधान के लिए विशेष जाप्य अनुष्ठान का शुभारंभ किया गया। प्रातः काल में शुभ मुहूर्त में ध्वजारोहण का सौभाग्य आनंदीलाल लुहर्रा, भागचंद मैनवार ने प्राप्त किया। ब्रह्मचारी जयकुमार निशांत भैया के निर्देशन में अनुष्ठान पंडित अजितकुमार बड़ागांव एवं अनुराग ने संपन्न कराया। इस मांगलिक अनुष्ठान में ब्रह्मचारिणी संध्या दीदी रानू, बबीता जैन, विमला जैन एवं विधान कर्ता परिवार का सक्रिय सहयोग रहा।

इन्होंने लिया आशीर्वाद 

क्षेत्र महामंत्री वीर चंद्र, उपाध्यक्ष अशोक कुमार ने बताया कि जाप्ययानुष्ठान एवं विधान का सौभाग्य जैनम के जन्म दिवस के उपलक्ष्य में मेघा यश जैन इंदौर, भागचंद्र जैन परिवार मैनवार, सेठ आनंदीलाल लुहर्रा ने अर्जित किया। रेखा नरेश सेठी कोलकाता की विवाह की 50वीं सालगिरह पर उन्होंने आचार्यश्री का आशीर्वाद लिया। आचार्य श्री उदार सागरजी महाराज ससंघ 6 पिच्छी के सानिध्य में विशेष शांतिधारा, मंगल आरती, कलश एवं अखंड दीप स्थापना, देव आज्ञा एवं गुरु आज्ञा पूर्वक संपन्न की गई।

नवागढ़ विलक्षण एवं जीवंत क्षेत्र 

आचार्य श्री ने सभी को मंगल आशीर्वाद देते हुए कहा कि नवागढ़ विलक्षण एवं जीवंत क्षेत्र है। मैंने स्वयं यहां की पुण्य वर्गणाओं एवं शैलाश्रय की विशेष ऊर्जा को अनुभूत किया है। यह क्षेत्र इस क्षेत्र के अन्वेषक प्रतिष्ठा पितामह पंडित गुलाबचंद पुष्प की धरोहर है। मुझे पुष्प जी के साथ पंच कल्याणक एवं विधान में सम्मिलित होने का सौभाग्य ब्रह्मचारी अवस्था से ही प्राप्त हुआ है। आपने कभी भी कोई समझौता नहीं किया। आप आगम सिद्धांत को पालन करने एवं पालन करवाने में प्रसिद्ध रहे हैं।

जिन शासन की प्रभावना करते रहें 

आचार्य श्री ने कहा कि ब्रह्मचारी निशांत भैया आज इस क्षेत्र को वह ऊंचाइयां प्राप्त करा रहे हैं, जिससे विश्व पटल पर जिन शासन की ऐतिहासिकता की पृष्ठभूमि, पुरातत्व, पर्यावरण, शैक्षणिक एवं धार्मिकता को स्थापित किया जा सके। मेरा भैया जी एवं सभी पदाधिकारियों को बहुत-बहुत आशीर्वाद है कि आप इसी तरह जिन शासन की प्रभावना करते रहें।

संयम साधना का लिया संकल्प 

दैनिक पूजा के बाद सिद्ध भक्ति पूर्वक श्री अरनाथ महामंडल विधान का शुभारंभ किया गया। जिसमें सभी विधानकर्ता परिवारों एवं श्री नवागढ़ गुरुकुलम् के छात्रों ने उत्साह पूर्वक भाग लेकर अतिशय पुण्यार्जन किया। सभी ने अपनी-अपनी मनोकामना पूर्ति हेतु श्रीफल समर्पित कर संयममय जीवन का संकल्प लिया। जिससे उनकी संयम साधना एवं धर्माचरण में शारीरिक,पारिवारिक,सामाजिक बाधाएं उत्पन्न ना हो। सभी ने विशेष जाप अनुष्ठान करते हुए कार्य संपन्न किया।

आप को यह कंटेंट कैसा लगा अपनी प्रतिक्रिया जरूर दे।
+1
1
+1
0
+1
0
Shree Phal News

About the author

Shree Phal News

Add Comment

Click here to post a comment

You cannot copy content of this page