मुरैना में जैन मित्र मण्डल द्वारा सामूहिक क्षमावाणी स्नेह मिलन समारोह का आयोजन 21 सितम्बर को श्री नसियाजी जैन मंदिर में होगा। कार्यक्रम का पोस्टर मुनिश्री विलोकसागरजी और मुनिश्री विबोधसागरजी महाराज के सान्निध्य में विमोचित किया गया। पढ़िए मनोज जैन की रिपोर्ट…
मुरैना। सामाजिक सौहार्द और समरसता के उद्देश्य से जैन मित्र मण्डल मुरैना द्वारा रविवार 21 सितम्बर को श्री नसियाजी जैन मंदिर में सामूहिक क्षमावाणी स्नेह मिलन समारोह का आयोजन किया जा रहा है। मुख्य संयोजक सतेंद्र जैन ने बताया कि इस अवसर पर श्रीजी का वार्षिक कलशाभिषेक, सामूहिक क्षमावाणी, नगर के बुजुर्ग व्यक्तियों का सम्मान और सामूहिक वात्सल्य भोज होगा। साथ ही लकी ड्रॉ के माध्यम से उपहार भी वितरित किए जाएंगे।
कार्यक्रम का पोस्टर श्री पार्श्वनाथ दिगंबर जैन पंचायती मंदिर में विराजमान पूज्य मुनिश्री विलोकसागरजी और मुनिश्री विबोधसागरजी महाराज के पावन सान्निध्य में विमोचित किया गया। इस अवसर पर मित्र मण्डल के सदस्यों ने भगवान पार्श्वनाथ के श्रीचरणों में श्रीफल अर्पित कर कार्यक्रम पत्रिका प्रस्तुत की। तत्पश्चात मुनिराजों के समक्ष कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत कर उनका मंगल आशीर्वाद प्राप्त किया गया। मुख्य संयोजक मनोज जैन नायक ने बताया कि यह आयोजन नगर में भाईचारे और आत्मीयता का वातावरण बनाने वाला होगा। क्षमावाणी पर्व पर समाजबंधु एक-दूसरे से क्षमा याचना कर संबंधों में नवीनता लाएंगे। बुजुर्गों का सम्मान और सामूहिक भोजन कार्यक्रम समाज में एकता और संस्कारों की परंपरा को मजबूती देगा।













Add Comment