विद्याभूषण आचार्य सन्मति सागर जी (बड़ागांव वाले) की सुशिष्या आर्यिका 105 श्री लक्ष्मीभूषण माताजी ने वर्ष 2026 का चातुर्मास मंडलेश्वर में करने की स्वीकृति प्रदान की। इससे पश्चिम निमाड़ क्षेत्र के हजारों श्रद्धालुओं को धर्म, प्रवचन एवं संयम साधना का लाभ प्राप्त होगा। पढ़िए श्रीफल साथी सन्मति जैन काका की यह रिपोर्ट।
सनावद/खंडवा। नर्मदा तट स्थित मंडलेश्वर नगर में वर्ष 2026 का चातुर्मास आर्यिका 105 श्री लक्ष्मीभूषण माताजी के सान्निध्य में आयोजित होगा। बुधवार को खंडवा के नवकार नगर स्थित श्री मुनिसुव्रतनाथ जिनालय एवं संत निवास में विराजमान पूज्य माताजी को मंडलेश्वर चातुर्मास हेतु श्रीफल अर्पित कर समाजजनों ने भावपूर्ण निवेदन किया, जिसे माताजी ने सहर्ष स्वीकार किया।
समाजजनों ने किया श्रीफल समर्पण
दिगंबर जैन समाज मंडलेश्वर के अध्यक्ष रक्षित जैन, उपाध्यक्ष धर्मेंद्र जैन एवं राजेन्द्र धनोते, मंत्री मनोज जैन, सहमंत्री अंतिम जैन, मुनि सेवा समिति अध्यक्ष नयन जैनी, प्रियकारिणी महिला मंडल अध्यक्ष कुमुदिनी धनोते सहित रचना जैन, संध्या जैन, सीमा जैन, सोनिका जैन एवं राकेश जैन ने माताजी के चरणों में श्रीफल अर्पित कर आशीर्वाद प्राप्त किया। संघस्थ ब्रह्मचारिणी रिम्पी दीदी एवं उषा दीदी भी इस अवसर पर उपस्थित रहीं।
पश्चिम निमाड़ को मिलेगा धर्मलाभ
मंडलेश्वर में चातुर्मास होने से सनावद, बड़वाह, महेश्वर, खरगोन, कसरावद, पिपलगांव, बालसमुंद, बेड़िया, धरगांव, मोहना, बामंदी, बरसलाय सहित आसपास के अनेक नगरों एवं ग्रामों के श्रद्धालुओं को धर्मसभा, प्रवचन एवं आराधना का लाभ प्राप्त होगा।
अष्टानिका पर्व से पूर्व पहुंचेगी मंडलेश्वर
सकल दिगंबर जैन मुनि सेवा ट्रस्ट, खंडवा के अविनाश जैन ने बताया कि आर्यिका श्री ने महाराष्ट्र के मलकापुर में ग्रीष्मकालीन वाचना पूर्ण करने के बाद खंडवा में अल्प प्रवास किया है। वे अष्टानिका पर्व से पूर्व सनावद, बड़वाह एवं धरगांव में धर्म प्रभावना करती हुई मंडलेश्वर पहुंचेंगी।
प्रतिनिधिमंडल का हुआ सम्मान
मंडलेश्वर प्रतिनिधिमंडल के खंडवा आगमन पर मुनि सेवा समिति के अविनाश जैन, अतुल जैन, अर्पित भैया जैन तथा नवकार नगर ट्रस्ट मंडल के पंकज छाबड़ा ने उनका सम्मान किया तथा चातुर्मास का पुण्य अवसर मिलने पर शुभकामनाएं दीं।













Add Comment