इंदौर के शासकीय माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-31 एसएएफ के उच्च श्रेणी शिक्षक श्री संतोष जैन गुरुजी की 43 वर्ष 6 माह की शासकीय सेवा पूर्ण होने पर भव्य सम्मान एवं विदाई समारोह आयोजित किया गया। जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों और समाजजनों ने उनके योगदान का अभिनंदन किया। पढ़िए श्रीफल साथी राजेश जैन दद्दू की यह रिपोर्ट।
इंदौर। शासकीय माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-31 एसएएफ इंदौर के उच्च श्रेणी शिक्षक श्री संतोष जैन गुरुजी की 43 वर्ष 6 माह की गौरवपूर्ण शासकीय सेवा पूर्ण होने पर केट रोड स्थित रुद्राक्ष वाटिका में ऐतिहासिक सम्मान एवं भावभीनी विदाई समारोह आयोजित किया गया। समारोह में शैक्षिक संगठनों, दिगंबर जैन समाज, जैन सोशल ग्रुप सहित विभिन्न सामाजिक संस्थाओं ने शाल, श्रीफल, पगड़ी, दुपट्टा एवं अभिनंदन-पत्र भेंट कर उनका सम्मान किया।
जनप्रतिनिधियों ने किया अभिनंदन
समारोह के मुख्य अतिथि सांसद शंकर लालवानी एवं विधायक मालिनी गौड़ ने श्री संतोष जैन गुरुजी का सम्मान करते हुए कहा कि यह केवल सेवानिवृत्ति नहीं, बल्कि उनके चार दशकों से अधिक समय तक दिए गए शिक्षा, संस्कार और समाज सेवा के अमूल्य योगदान का उत्सव है। उन्होंने हजारों विद्यार्थियों के जीवन निर्माण में निभाई गई भूमिका की सराहना की।
43 वर्षों की प्रेरणादायी सेवा
धर्म समाज प्रचारक राजेश जैन दद्दू ने बताया कि श्री संतोष जैन गुरुजी ने 28 दिसंबर 1982 को उप शिक्षक के रूप में शासकीय माध्यमिक विद्यालय चित्तौड़ा (सांवेर) से अपनी सेवा प्रारंभ की थी। इसके बाद उन्होंने चित्तौड़ा, हुकमाखेड़ी एवं एसएएफ विद्यालय में अपनी सेवाएं देते हुए शिक्षा के साथ सामाजिक एवं धार्मिक क्षेत्रों में भी सक्रिय योगदान दिया।
भव्य आयोजन बना आकर्षण
कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान आदिनाथ एवं मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। समारोह में गुरुजी के 43 वर्षों के सेवाकाल पर आधारित एक विशेष शॉर्ट फिल्म का प्रदर्शन किया गया, जिसे उपस्थित सभी लोगों ने भावुक होकर सराहा। पुष्पहारों से उनका भव्य स्वागत किया गया।
विभिन्न संस्थाओं ने किया सम्मान
समारोह में विश्व हिंदू परिषद के हुकुमचंद सांवला, पार्षद राजीव जैन, मनोहर झांझरी, डॉ. जैनेन्द्र जैन, फेडरेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेश लारेल, राष्ट्रीय महामंत्री विनय जैन, राकेश विनायका सहित अनेक जनप्रतिनिधियों, शिक्षाविदों एवं समाजसेवियों ने सम्मान किया। प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए शिक्षकों, प्राचार्यों, जनशिक्षकों, प्रधानाध्यापकों, समाजजनों एवं परिजनों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।
भावपूर्ण विदाई और आभार
समारोह का संचालन आकाशवाणी के अभिनंदन जैन एवं अनुराग जैन ने किया। अंत में श्री संतोष जैन गुरुजी ने सभी अतिथियों, सहयोगियों, शिक्षकों, समाजजनों एवं अपने परिवार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए जीवनभर शिक्षा, संस्कार और समाज सेवा के मूल्यों पर आगे भी कार्य करते रहने का संकल्प व्यक्त किया।













Add Comment