श्री नेमि गिरनार जी धर्मयात्रा के प्रथम बार शिवपुरी आगमन पर सकल जैन समाज ने भव्य शोभायात्रा एवं धर्मसभा का आयोजन किया। गिरनार तीर्थ की झांकी, 250 फीट तिरंगा और पचरंगा ध्वज आकर्षण का केंद्र रहे। पढ़िए श्रीफल साथी मनोज जैन नायक की यह रिपोर्ट।
मुरैना/शिवपुरी। परम पूज्य आचार्य श्री 108 विमर्श सागर जी महाराज के पावन सान्निध्य में 25 जून को दिल्ली से प्रारंभ हुई 5100 किलोमीटर की श्री नेमि गिरनार जी धर्मयात्रा के प्रथम बार शिवपुरी आगमन पर सकल जैन समाज एवं विभिन्न जैन संगठनों द्वारा भव्य शोभायात्रा निकालकर श्रद्धापूर्वक स्वागत किया गया। यात्रा के समापन पर विशाल धर्मसभा का आयोजन भी हुआ।
भव्य शोभायात्रा का हुआ आयोजन
कार्यक्रम संयोजक चंद्रसेन जैन एवं सकल जैन समाज महापंचायत के अध्यक्ष दिनेश जैन कल्लू भैया ने बताया कि शोभायात्रा श्री महावीर जिनालय, महल कॉलोनी से प्रारंभ होकर राजेश्वरी रोड, अस्पताल रोड, भगवान महावीर स्वामी कीर्ति स्तंभ, कोर्ट रोड, माधव चौक और गुरुद्वारा चौक सहित प्रमुख मार्गों से होकर पुनः जिनालय परिसर पहुंची।
गिरनार झांकी और विशाल ध्वज बने आकर्षण
धर्मयात्रा में ट्रक पर सुसज्जित श्री सिद्धक्षेत्र गिरनार की आकर्षक झांकी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रही। इसके साथ 250 फीट लंबा तिरंगा एवं 250 फीट लंबा पचरंगा जैन ध्वज लेकर समाजजन पूरे उत्साह के साथ नगर भ्रमण में शामिल हुए, जिससे पूरे शहर में धार्मिक वातावरण निर्मित हो गया।
धर्मसभा में गिरनार पहुंचने का आह्वान
धर्मसभा का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं मंगलाचरण के साथ हुआ। विश्व जैन संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय जैन ने 20 जुलाई को भगवान नेमिनाथ के निर्वाण कल्याणक महोत्सव पर अधिक से अधिक संख्या में श्री सिद्धक्षेत्र गिरनार पहुंचने का आह्वान किया। कोऑर्डिनेटर अंचल जैन ने बताया कि तीर्थ पर यात्रियों के लिए भोजन एवं आवास की समुचित व्यवस्था की गई है।
समाज और संगठनों ने किया स्वागत
कार्यक्रम में विश्व जैन संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय जैन, कोऑर्डिनेटर अंचल जैन एवं पुजारी विनोद जैन का सकल जैन समाज, मंदिर समितियों एवं विभिन्न जैन संगठनों द्वारा माल्यार्पण कर स्वागत किया गया। स्वागत भाषण पत्रकार संजीव जैन बाँझल ने दिया।
सामाजिक एकता का दिया संदेश
राष्ट्रभक्त सवर्ण समाज संगठन के मुख्य संयोजक शत्रुघ्न सिंह तोमर ने अपने संबोधन में जैन समाज के धार्मिक कार्यों में सदैव सहयोग देने का विश्वास व्यक्त किया। कार्यक्रम के अंत में संयोजक चंद्रसेन जैन ने सभी मंदिर समितियों, महिला मंडलों, युवा मंडलों एवं सहयोगी संगठनों का आभार व्यक्त किया। संचालन महेंद्र जैन ने किया।
गिरनार यात्रा का उद्देश्य
विश्व जैन संगठन द्वारा आयोजित यह 5100 किलोमीटर की धर्मयात्रा देशभर के श्रद्धालुओं को भगवान नेमिनाथ की मोक्षस्थली श्री सिद्धक्षेत्र गिरनार से जोड़ने तथा 20 जुलाई को आयोजित निर्वाण कल्याणक महोत्सव में अधिकाधिक सहभागिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से निकाली जा रही है।













Add Comment