आगरा के श्री पार्श्वनाथ दिगम्बर जैन मंदिर, छीपीटोला में 5 एवं 6 जुलाई को उपाध्याय पदारोहण दिवस एवं जैनेश्वरी दीक्षा महोत्सव आयोजित होगा। पत्रकार वार्ता में कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए महोत्सव पत्रिका का विमोचन किया गया। पढ़िए श्रीफल साथी शुभम जैन की यह रिपोर्ट।
आगरा। समाधिस्थ आचार्य श्री विद्यासागर जी महाराज एवं आचार्य श्री अभिनंदन सागर जी महाराज के मंगल आशीर्वाद तथा वैज्ञानिक संत आचार्य श्री निर्भयसागर जी महाराज ससंघ के सान्निध्य में 5 एवं 6 जुलाई को श्री पार्श्वनाथ दिगम्बर जैन मंदिर, छीपीटोला (रकाबगंज थाने के सामने) में उपाध्याय पदारोहण दिवस एवं भव्य जैनेश्वरी दीक्षा महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। आयोजन से पूर्व मंदिर परिसर में पत्रकार वार्ता आयोजित कर महोत्सव पत्रिका एवं पोस्टर का विमोचन किया गया।
ऐतिहासिक आयोजन की दी जानकारी
पत्रकारों को संबोधित करते हुए आचार्य श्री निर्भयसागर जी महाराज ने कहा कि यह महोत्सव आगरा के लिए ऐतिहासिक एवं गौरवपूर्ण अवसर है। महोत्सव के दौरान कोटा के ब्रह्मचारी मोहनलाल भैय्या को जैनेश्वरी दीक्षा प्रदान की जाएगी तथा निर्यापक मुनि श्री शिवदत्तसागर जी महाराज का उपाध्याय पद संस्कार सम्पन्न होगा।
दो दिवसीय कार्यक्रमों की रूपरेखा
श्री पार्श्वनाथ दिगम्बर जैन उप पंचायत समिति, छीपीटोला के अध्यक्ष मनोज जैन ‘बल्लो’ ने बताया कि 5 जुलाई को प्रातः 7 बजे पाठशाला शिक्षक संगोष्ठी, दोपहर 2 बजे गणधर वलय विधान तथा सायं 7 बजे ब्रह्मचारी मोहनलाल भैय्या की विनोली यात्रा एवं गोदभराई का आयोजन होगा।
6 जुलाई को निकलेगी भव्य शोभायात्रा
मंदिर समिति के मंत्री मुरारीलाल जैन एवं मुख्य संयोजक अनिल जैन कांटे वालों ने बताया कि 6 जुलाई को प्रातः 7:30 बजे जैन भवन से भव्य शोभायात्रा प्रारंभ होकर पार्श्वधाम पहुंचेगी। यहां ध्वजारोहण, चित्र अनावरण, दीप प्रज्वलन, उपाध्याय पदारोहण, जैनेश्वरी दीक्षा संस्कार एवं अन्य मांगलिक धार्मिक विधियां संपन्न होंगी।
तैयारियां अंतिम चरण में
आयोजन समिति के अनुसार महोत्सव की सभी तैयारियां अंतिम चरण में हैं। विशाल पंडाल सहित श्रद्धालुओं की सुविधाओं की व्यापक व्यवस्था की जा रही है। विभिन्न नगरों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के बसों के माध्यम से आगरा पहुंचने की संभावना है। चातुर्मास की मंगलकामना के साथ विभिन्न क्षेत्रों से श्रद्धालु आचार्य श्री निर्भयसागर जी महाराज को श्रीफल अर्पित करेंगे।
पत्रकार वार्ता में रहे उपस्थित
पत्रकार वार्ता एवं पत्रिका विमोचन कार्यक्रम में मनोज जैन बल्लो, अनिल जैन कांटे, मुरारीलाल जैन, अक्षय जैन, हेमंत जैन, प्रवीन जैन नेताजी, मोनू जैन, दीपक जैन, आयुष जैन, मीडिया प्रभारी शुभम जैन, राजेश जैन, बिट्टू जैन सहित मंदिर समिति के अनेक पदाधिकारी एवं समाजजन उपस्थित रहे।













Add Comment