समाचार

बावनगजा सहित बुंदेलखंड की यात्रा कराएगा शांतिनाथ सेवा संघ : भव्य समारोह में वार्षिक तीर्थयात्रा की घोषणा


दिल्ली में आयोजित भव्य समारोह में श्री शांतिनाथ सेवा संघ ने इस वर्ष की वार्षिक तीर्थयात्रा की घोषणा की। यात्रा में बावनगजा, पुष्पगिरी, मक्सी पार्श्वनाथ सहित अनेक प्रमुख जैन तीर्थों का दर्शन कराया जाएगा। पढ़िए श्रीफल साथी मनोज जैन नायक की यह रिपोर्ट।


दिल्ली। श्री शांतिनाथ सेवा संघ, शकरपुर दिल्ली द्वारा आयोजित भव्य समारोह में इस वर्ष की वार्षिक तीर्थयात्रा की घोषणा की गई। अग्रवाल धर्मशाला, शकरपुर में आयोजित कार्यक्रम में देशभर से आए समाजजन, अतिथि एवं श्रद्धालु बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

तीर्थ यात्रा का महत्व बताया

समारोह को संबोधित करते हुए महक ग्रुप के सजल जैन एवं अन्य वक्ताओं ने कहा कि तीर्थ स्थल केवल भ्रमण या मनोरंजन के केंद्र नहीं, बल्कि आत्मशुद्धि, वैराग्य और आध्यात्मिक जागरण के पवित्र स्थान हैं। जैन धर्म में तीर्थयात्रा का उद्देश्य आत्मनिरीक्षण और आध्यात्मिक उन्नति है।

पोस्टर का हुआ विमोचन

कार्यक्रम में मुख्य अतिथियों एवं संस्था पदाधिकारियों ने सामूहिक रूप से वार्षिक तीर्थयात्रा के पोस्टर का विमोचन किया। संस्था के मुख्य संयोजक गोकुलचंद जैन, अध्यक्ष हरिश्चंद जैन, महामंत्री दिनेश जैन टीटू, कोषाध्यक्ष अजय जैन अजिया सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।

इन प्रमुख तीर्थों की होगी वंदना

संस्था द्वारा घोषित यात्रा में मक्सी पार्श्वनाथ, उज्जैन, पुष्पगिरी, ऊन, सिद्धवर कूट, बावनगजा (बड़वानी) तथा इंदौर क्षेत्र के प्रमुख जैन तीर्थों की वंदना कराई जाएगी। समाज के साधर्मी बंधुओं ने इस घोषणा का उत्साहपूर्वक स्वागत किया।

अतिथियों की रही विशेष उपस्थिति

कार्यक्रम में दिनेशचंद जैन ऐसाह वाले, सुभाषचंद जैन, कैलाशचंद जैन, दिलीप नायक, प्रेमचंद जैन, संजय जैन, पदमचंद जैन, पंकज जैन, सुरेशचंद बाबूजी, देवेंद्र जैन, गजेंद्र जैन एवं मुन्नालाल जैन सहित अनेक समाजश्रेष्ठियों की उपस्थिति रही।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां

कार्यक्रम का शुभारंभ मंगलाचरण से हुआ। नन्ही बालिकाओं एवं नीति आयोग से जुड़े हर्ष जैन ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। समारोह के दौरान चित्रकला प्रतियोगिता, लकी ड्रॉ, वरिष्ठजनों एवं पूर्व यात्राओं के सहयोगियों का सम्मान भी किया गया।

यात्रियों के लिए विशेष व्यवस्थाएं

संघ द्वारा बताया गया कि संपूर्ण तीर्थयात्रा के दौरान यात्रियों के लिए चाय, नाश्ता एवं भोजन की व्यवस्था महक ग्रुप, पूसा रोड दिल्ली के सौजन्य से की जाएगी। साथ ही विभिन्न संस्थाओं एवं समाजजनों ने यात्रा के लिए आर्थिक सहयोग की घोषणाएं भी कीं।

वात्सल्य भोज के साथ हुआ समापन

समारोह के अंत में उपस्थित सभी साधर्मी बंधुओं के लिए वात्सल्य भोज का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में तीर्थ प्रभावना, धर्म जागरण एवं समाज एकता का संदेश देते हुए आगामी यात्रा को सफल बनाने का संकल्प लिया गया।

आप को यह कंटेंट कैसा लगा अपनी प्रतिक्रिया जरूर दे।
+1
3
+1
0
+1
0
Shree Phal News

You cannot copy content of this page