ट्रांस यमुना कॉलोनी के जैन समाज के युवाओं ने धर्म और संस्कृति से नई पीढ़ी को जोड़ने की दिशा में एक प्रेरणादायक पहल शुरू की है। इन युवाओं ने अपने समूह का नाम मुनि सेवा भक्त परिवार रखा है। आगरा से पढ़िए, यह खबर…
आगरा। ट्रांस यमुना कॉलोनी के जैन समाज के युवाओं ने धर्म और संस्कृति से नई पीढ़ी को जोड़ने की दिशा में एक प्रेरणादायक पहल शुरू की है।इन युवाओं ने अपने समूह का नाम मुनि सेवा भक्त परिवार रखा है और संकल्प लिया है कि वे प्रत्येक सप्ताह एक दिन सामूहिक रूप से शहर के विभिन्न जैन मंदिरों में जाकर भगवान का अभिषेक करेंगे। इस पहल का उद्देश्य केवल धार्मिक अनुष्ठान करना नहीं, बल्कि युवाओं के मन में धर्म के प्रति आस्था और जुड़ाव को मजबूत करना भी है।
दूसरों को प्रेरित कर धर्म से जोड़ना
भागदौड़ भरी जिंदगी में जहां युवा वर्ग धर्म से दूर होता जा रहा है, वहीं यह समूह उन्हें आध्यात्मिक ऊर्जा से जोड़ने का प्रयास कर रहा है। समूह के सदस्यों का कहना है कि इस अभियान के तीन प्रमुख उद्देश्य हैं खुद धर्म से जुड़े रहना, दूसरों को प्रेरित कर धर्म से जोड़ना और उन उपेक्षित मंदिरों में भी रौनक लौटाना जहां श्रद्धालुओं की संख्या कम रहती है। प्रत्येक सप्ताह सुबह सात बजे सफेद वस्त्र धारण कर युवा श्रद्धालु शुद्ध भावनाओं के साथ मंदिर पहुंचते हैं।
जिन शासन की ऊर्जा और आध्यात्मिक उल्लास
णमोकार मंत्र की मधुर गूंज और केसर-जल से भगवान का अभिषेक करते हुए जब 20 से 25 युवा एक साथ भक्ति में लीन होते हैं, तो पूरा मंदिर जिन शासन की ऊर्जा और आध्यात्मिक उल्लास से भर उठता है। यह पहल समाज को एक महत्वपूर्ण संदेश भी दे रही है कि धर्म केवल बुजुर्गों तक सीमित नहीं है, बल्कि युवा पीढ़ी की शक्ति और संस्कारों का आधार भी है।
इन युवाओं ने बढ़ाए कदम
यदि युवा आगे बढ़कर धर्म का दायित्व निभाएं तो समाज में सकारात्मक परिवर्तन की नई धारा प्रवाहित हो सकती है। इस अनूठे धार्मिक अभियान में राजीव जैन, बिप्लव जैन (विमल परिवार), संदीप जैन, मोहित जैन, शेखर जैन, पंकज जैन, सीए प्रतीक जैन, कृष जैन, वैभव जैन, दर्पण जैन सहित कई युवा सक्रिय रूप से सहभागिता निभा रहे हैं।













Add Comment