अशोकनगर में शनिचरी अमावस्या पर भगवान मुनि सुब्रतनाथ स्वामी का भव्य महा मस्तिष्काभिषेक हुआ। वहीं गांव मंदिर वेदी प्रतिष्ठा महोत्सव के लिए जैन समाज ने मुनि पुंगव श्री सुधासागर जी महाराज को श्रीफल भेंट कर आमंत्रण दिया। अशोकनगर से पढ़िए राजीव सिंघई की यह विशेष खबर….
अशोकनगर में शनिचरी अमावस्या के अवसर पर जैन धर्म के 20वें तीर्थंकर भगवान मुनि सुब्रतनाथ स्वामी का भव्य महा मस्तिष्काभिषेक श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। पंचकल्याणक महोत्सव के बाद पहली बार हुए इस विशेष आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
मंत्रोच्चार के बीच हुआ अभिषेक
कार्यक्रम की शुरुआत जैन समाज के मंत्री शैलेन्द्र श्रागर के मंगलगान से हुई। इसके बाद राजेश कासल द्वारा मंगलाष्टक प्रस्तुत किया गया। मंत्रोच्चार के बीच भगवान का महा मस्तिष्काभिषेक एवं महाशांतिधारा की गई। प्रथम कलश करने का सौभाग्य धर्मेन्द्र कुमार सूर्यायास रोकड़िया परिवार सहित कई श्रद्धालुओं को मिला।
समाजजनों की रही विशेष उपस्थिति
इस अवसर पर जैन समाज अध्यक्ष राकेश कासंल, उपाध्यक्ष अजित वरोदिया, महामंत्री राकेश अमरोद, कोषाध्यक्ष सुनील अखाई, प्रदीप तारई सहित अनेक समाजजन उपस्थित रहे। मंत्री विजय धुर्रा ने कहा कि यह आयोजन समाज की एकता और आस्था का प्रतीक है।
सुधासागर जी महाराज को दिया निमंत्रण
गांव मंदिर वेदी प्रतिष्ठा महोत्सव को लेकर जैन समाज का एक प्रतिनिधिमंडल बहादुरपुर पहुंचा, जहां राष्ट्र संत मुनि पुंगव श्री सुधासागर जी महाराज को श्रीफल भेंट कर गांव मंदिर में चल रहे कार्यों की जानकारी दी गई और प्रतिष्ठा महोत्सव हेतु निवेदन किया गया।
21 बसों और 108 वाहनों से जाएगी यात्रा
जैन समाज ने निर्णय लिया है कि 17 मई रविवार को सुबह 6 बजे 21 निशुल्क बसों और 108 वाहनों के साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालु बहादुरपुर पहुंचेंगे। समाज के पदाधिकारियों ने युवाओं, महिला मंडलों और विभिन्न संगठनों से इस यात्रा को ऐतिहासिक बनाने का आह्वान किया।
दानदाताओं का भी हुआ सम्मान
समाज के पदाधिकारियों ने बताया कि 21 बसों की व्यवस्था दानदाताओं के सहयोग से की गई है। सभी सामाजिक संगठनों को अलग-अलग जिम्मेदारियां देकर यात्रा को सुव्यवस्थित और यादगार बनाने की तैयारी की जा रही है।













Add Comment