समाचार

सोनागिर जैन मंदिर चोरी का पर्दाफाश होने से समाजजन उत्साहित : त्वरित कार्रवाई पर जैन समाज ने डीजीपी कैलाश मकवाणा का किया सम्मान


दतिया पुलिस ने 25 लाख के चांदी के आभूषण और मूर्तियां बरामद की है। 3 शातिर अंतरराज्यीय चोर भी गिरफ्तार किए गए। डीजीपी मकवाणा ने कहा कि धार्मिक स्थलों से जुड़े अपराधों पर कठोरतम कार्रवाई होगी। 3 मई को सोनागिर में मुख्य सम्मान समारोह के लिए डीजीपी को आमंत्रण दिया गया। सोनगिर से पढ़िए, मनोज जैन नायक की यह खबर…


 सोनगिर। मप्र के प्रसिद्ध श्री दिगंबर जैन सिद्ध क्षेत्र सोनागिर जी के मंदिर में हुई चोरी के मामले का दतिया पुलिस द्वारा त्वरित खुलासा किए जाने पर जैन समाज ने आभार व्यक्त किया है। शुक्रवार को जैन समाज और तीर्थ क्षेत्र कमेटी के प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस मुख्यालय, भोपाल पहुंचकर पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा का सम्मान किया। प्रतिनिधिमंडल ने डीजीपी को स्मृति चिह्न भेंटकर दतिया पुलिस की तत्पर, प्रभावी और संवेदनशील कार्रवाई की जमकर सराहना की। उल्लेखनीय है कि दतिया पुलिस ने संपत्ति संबंधी अपराधों के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए सोनागिर मंदिर चोरी की इस गंभीर घटना का तेजी से पर्दाफाश किया था। पुलिस ने लगभग 25 लाख रुपए मूल्य की चांदी की मूर्ति, चांदी का सिंहासन, चांदी के यंत्र और अन्य सामग्री जब्त कर ली है। साथ ही 20-20 हजार रुपए के इनामी तीन अंतरराज्यीय शातिर मूर्ति चोरों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की थी।

धार्मिक स्थलों की सुरक्षा हमारी प्राथमिकता 

इस अवसर पर पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा ने कहा कि मध्य प्रदेश पुलिस प्रदेशवासियों की आस्था, सुरक्षा और कानून व्यवस्था की रक्षा के लिए पूर्ण निष्ठा के साथ काम कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि धार्मिक स्थलों से जुड़े अपराधों और संगठित अपराधों के खिलाफ कठोर और त्वरित कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। उन्होंने इस महत्वपूर्ण सफलता के लिए दतिया पुलिस टीम की सतर्कता और प्रभावी जांच की भी प्रशंसा की।

जैन समाज में लौटा विश्वास, 3 मई के लिए दिया आमंत्रण 

तीर्थ क्षेत्र कमेटी के प्रतिनिधियों ने बताया कि सोनागिर देशभर के श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है। चोरी की घटना से समाज में गहरी चिंता और व्यथा का माहौल था, लेकिन डीजीपी मकवाणा के सक्षम नेतृत्व, सतत मॉनिटरिंग और दतिया पुलिस के प्रभावी प्रयासों से न केवल माल की शीघ्र बरामदगी हुई, बल्कि आरोपियों की गिरफ्तारी भी संभव हो सकी। इससे आमजन और जैन समाज में पुलिस के प्रति विश्वास और सुदृढ़ हुआ है। प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस महानिदेशक को 3 मई को सोनागिर में होने वाले विशेष सम्मान समारोह के लिए आमंत्रित भी किया है।

ये प्रमुख लोग रहे उपस्थित

इस अवसर पर पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ-साथ जैन समाज के कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। इनमें दतिया श्री दिगंबर जैन सिद्ध क्षेत्र सोनागिर संरक्षणी न्यास कमेटी के मंत्री बालचंद जैन, एडवोकेट राजेंद्र जैन (कोषाध्यक्ष) डॉ. मुकेश जैन, मूलचंद जैन (ठेकेदार), विजयकुमार जैन ‘मामा’ जिनेंद्रकुमार जैन, रविंद्र जैन (वरिष्ठ पत्रकार, भोपाल) शामिल रहे।

आप को यह कंटेंट कैसा लगा अपनी प्रतिक्रिया जरूर दे।
+1
0
+1
0
+1
0
Shree Phal News

About the author

Shree Phal News

Add Comment

Click here to post a comment

You cannot copy content of this page