पूरे देश में तहसील और विकासखंड स्तर पर गौ माता सम्मान आह्वान के तहत प्रदर्शन करते हुए गौ माता की रक्षा करने हेतु विभिन्न बिंदुओं का ज्ञापन प्रशासन के माध्यम से राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री को भेजा जा रहा है। बकस्वाहा से पढ़िए, रत्नेश जैन रागी की यह खबर…
बकस्वाहा। पूरे देश में तहसील और विकासखंड स्तर पर गौ माता सम्मान आह्वान के तहत प्रदर्शन करते हुए गौ माता की रक्षा करने हेतु विभिन्न बिंदुओं का ज्ञापन प्रशासन के माध्यम से राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री को भेजा जा रहा है। बकस्वाहा तहसील मुख्यालय में भी गौ माता की रक्षा हेतु हजारों सनातन धर्मावलंबियों ने शांतिपूर्वक प्रदर्शन करते हुए बस स्टैंड पर तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा। इस पूरे कार्यक्रम की अगवाई श्रीधाम वृन्दावन स्थित गोरीलाल कुंज और पड़रिया धाम के महंत श्री किशोरदास जी महाराज ने की। महाराज श्री ने कहा कि जब गाय बचेगी तभी राष्ट्र बचेगा। उन्होंने गौ माता की महिमा का बखान करते हुए कहा कि गौ माता से ही सारे संकट दूर होंगे। तपती दोपहर के बावजूद हजारों की संख्या में सनातन धर्म प्रेमी ढोल-नगाड़ों और संकीर्तन के साथ सड़क पर उतरे और गौ माता की रक्षा के लिए अपनी एकजुटता दिखाई।
अभ्यारण (गौशालाओं) के निर्माण की मांग की
स्थानीय सिद्ध स्थल श्री बिहारी जी मंदिर में बड़ी संख्या में लोग उपस्थित हुए। यहीं से प्रदर्शन करते हुए बस स्टैंड कदम्ब मैदान पर पहुंचे , जहां विशाल सभा का आयोजन किया गया । सभा के माध्यम से लोगों ने अपने-अपने विचार व्यक्त किए। प्रदर्शन के दौरान श्रद्धालुओं और साधु-संतों ने गौ संरक्षण को राष्ट्र की संस्कृति और सभ्यता आस्था से जोड़ते हुए गौ अभ्यारण (गौशालाओं) के निर्माण की मांग की। साथ ही देश में संचालित हो रहे बूचड़खानों को बंद करने की पुरजोर मांग भी उठाई गई।कार्यक्रम का माहौल पूरी तरह शांतिपूर्ण और धार्मिक भावनाओं से ओतप्रोत रहा। इस अवसर पर महंत श्री किशोरदास जी महाराज ने कहा कि गौ माता भारतीय संस्कृति की आधारशिला है और उनकी रक्षा करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने प्रशासन से गौ संरक्षण के लिए ठोस कदम उठाने की अपील की। कार्यक्रम के दौरान धार्मिक , सामाजिक, राजनीतिक सहित विभिन्न संगठनों में काम करने वाले सनातनी बड़ी संख्या में उपस्थित हुए।













Add Comment