तीर्थंकर महावीर यूनिवर्सिटी के कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग के कंप्यूटर विज्ञान एवं अभियांत्रिकी और इलेक्ट्रॉनिक्स एवं संचार अभियांत्रिकी विभाग की ओर से संयुक्त रूप से आयोजित कॉन्फ्रेंस में देश-विदेश के शिक्षाविद्, शोधकर्ता, वैज्ञानिक, अभियंता और उद्योग विशेषज्ञ मंच साझा करेंगे। मुरादाबाद से पढ़िए, प्रो. श्याम सुंदर भाटिया की यह रिपोर्ट…
मुरादाबाद। तीर्थंकर महावीर यूनिवर्सिटी के इंजीनियरिंग कॉलेज की ओर से कंप्यूटर और इलेक्ट्रॉनिक्स में आधुनिक प्रवृत्तियों पर दो दिनी सेकेंड इंटरनेशनल कॉन्फ्रेंस 1 मई को ऑडिटोरियम में आरंभ होगी। इस इंटरनेशनल कॉन्फ्रेंस में ग्रीस, स्पेन, जर्मनी, यूके, यूएई, सउदी अरब, जॉर्डन, इजिप्ट आदि देशों से एक्सपर्ट्स ऑनलाइन जुड़ेंगे। कंप्यूटर विज्ञान एवं अभियांत्रिकी और इलेक्ट्रॉनिक्स एवं संचार अभियांत्रिकी विभाग की ओर से संयुक्त रूप से आयोजित इस कॉन्फ्रेंस में देश-विदेश के शिक्षाविद्, शोधकर्ता, वैज्ञानिक, अभियंता और उद्योग विशेषज्ञ मंच साझा करेंगे। आईआरडीई, डीआरडीओ, रक्षा मंत्रालय, देहरादून के वैज्ञानिक डॉ. सुधीर खरे बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगे। विशिष्ट अतिथि के रूप में एनसीए-टी, डीओटी, संचार मंत्रालय, भारत सरकार गाजियाबद के निदेशक अतुल जोशी और आईआरडीई, डीआरडीओ, रक्षा मंत्रालय, देहरादून के वरिष्ठ तकनीकी अधिकारी डॉ. वैभव गुप्ता की मौजूदगी रहेगी। सी3एस बिजनेस स्कूल, बार्सिलोना, स्पेन में अनुसंधान निदेशक और एस्पायर बिजनेस स्कूल, स्पेन के निदेशक प्रो. सरत सी. दास और ग्रीनीपैथ एजी, स्विट्जरलैंड में दक्षिण एशिया में परियोजना निर्माण और विकास निदेशक जय आनंद की भी उल्लेखनीय मौजूदगी रहेगी। ये सभी एक्सपर्ट्स प्रौद्योगिकी, रक्षा और राष्ट्रीय संचार के परस्पर संबंध पर महत्वपूर्ण दृष्टिकोण प्रस्तुत करेंगे।
उभरती प्रौद्योगिकी पर शोधपत्र प्रस्तुत किए जाएंगे
फैकल्टी ऑफ इंजीनियरिंग के डीन प्रो. आरके द्विवेदी ने कहा कि तेज़ी से बदलते तकनीकी युग में कंप्यूटर विज्ञान और इलेक्ट्रॉनिक्स नवाचार के अग्रदूत हैं। ब्लेंडेड मोड की कॉन्फ्रेंस आईसीएमसीई- 2026 में विद्वान, वैज्ञानिक और उद्योग जगत के लीडर्स मिलकर विचारों के आदान-प्रदान से वास्तविक समस्याओं के समाधान की दिशा में मंथन करेंगे। आईसीएमसीई-2025 की सफलता के बाद यह द्वितीय संस्करण रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन-डीआरडीओ के प्रतिष्ठित वैज्ञानिकों और संचार मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों की भागीदारी के साथ नई ऊंचाइयां छूएगा। ईसीई की एचओडी एवम् कॉन्फ्रेंस संयोजिका डॉ. अलका वर्मा ने बताया कि आईसीएमसीई-2026 में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग, इंटरनेट ऑफ थिंग्स- आईओटी, वीएलएसआई डिज़ाइन, सिग्नल एवं इमेज प्रोसेसिंग, एम्बेडेड सिस्टम, साइबर सुरक्षा, स्मार्ट इलेक्ट्रॉनिक्स, संचार नेटवर्क एवं अन्य उभरती प्रौद्योगिकी पर शोधपत्र प्रस्तुत किए जाएंगे। सम्मेलन संयोजिका प्रो. गुलिस्ता खान एवं सह-संयोजक प्रशांत कुमार ने बताया कि चयनित शोधपत्र विश्व का प्रतिष्ठित अकादमिक प्रकाशक स्पिंगर प्रकाशित करेगा।आईसीएमसीई-2026 में 130 से अधिक शोधकर्ताओं, शिक्षाविदों और स्टूडेंट्स रिसर्च पेपर प्रस्तुत करेंगे।













Add Comment