समाचार

महावीर जन्म कल्याणक पर 30 मार्च को श्रीमहावीरजी में भव्य आयोजन : आर्यिका आर्षमति के करकमलों से होगी भव्य जैनेश्वरी आर्यिका दीक्षा


भगवान महावीर स्वामी के जन्म कल्याणक के पावन अवसर पर अतिशय क्षेत्र श्रीमहावीरजी में गणिनी आर्यिका आर्षमति माताजी (ससंघ) के करकमलों से भव्य जैनेश्वरी आर्यिका दीक्षा प्रदान की जाएगी। सराकोद्धारक समाधिस्थ आचार्य ज्ञानसागर जी महाराज की अंतिम दीक्षित शिष्या गणिनी आर्यिका आर्षमति माताजी इन दिनों अतिशय क्षेत्र श्रीमहावीरजी में विराजमान रहकर धर्म प्रभावना कर रही हैं। पढ़िए मनोज जैन नायक की विशेष रिपोर्ट…


मुरैना/श्रीमहावीरजी। भगवान महावीर स्वामी के जन्म कल्याणक के पावन अवसर पर अतिशय क्षेत्र श्रीमहावीरजी में गणिनी आर्यिका आर्षमति माताजी (ससंघ) के करकमलों से भव्य जैनेश्वरी आर्यिका दीक्षा प्रदान की जाएगी।

संघस्थ बाल ब्रह्मचारिणी बहन कंचन दीदी द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, सराकोद्धारक समाधिस्थ आचार्य ज्ञानसागर जी महाराज की अंतिम दीक्षित शिष्या गणिनी आर्यिका आर्षमति माताजी इन दिनों अतिशय क्षेत्र श्रीमहावीरजी में विराजमान रहकर धर्म प्रभावना कर रही हैं। उनके दर्शन एवं आशीर्वाद के लिए प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। वर्तमान में वे अपनी शिष्याओं—आर्यिका अमोघमति माताजी, आर्यिका अर्पणमति माताजी एवं आर्यिका अंशमति माताजी—के साथ कटला स्थित मुख्य धर्मशाला में प्रवासरत हैं।

जैन धर्म के 24वें तीर्थंकर भगवान महावीर स्वामी का जन्म कल्याणक 30 मार्च को पूरे विश्व में श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया जाएगा। इसी पावन अवसर पर यहां भव्य जैनेश्वरी दीक्षा समारोह आयोजित किया जाएगा।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्वालियर निवासी ब्रह्मचारिणी बहन रामा दीदी ने आर्यिका दीक्षा हेतु पूज्य गुरुमां आर्षमति माताजी के श्रीचरणों में श्रीफल भेंट कर निवेदन किया था। उनकी साधना, भक्ति एवं दृढ़ भावना को देखते हुए गुरुमां ने दीक्षा प्रदान करने की स्वीकृति दी। इसके लिए सप्तम पट्टाचार्य गुरुदेव श्री ज्ञेयसागर जी महाराज से अनुमोदना प्राप्त कर सोमवार, 30 मार्च को दोपहर 3:30 बजे का समय निर्धारित किया गया है।

इस अवसर पर प्रतिष्ठाचार्य पंडित मुकेश जैन ‘मधुर’ (श्रीमहावीरजी), विधानाचार्य विकर्ष शास्त्री (सलेहा) एवं विधानाचार्य अभिषेक शास्त्री (सागर) विशेष रूप से उपस्थित रहकर सभी धार्मिक विधि-विधान संपन्न कराएंगे। कार्यक्रम में सुप्रसिद्ध भजन गायिका एवं संगीतकार दीक्षा जैन (सागर) अपनी विशेष प्रस्तुति देंगी।

भव्य जैनेश्वरी आर्यिका दीक्षा समारोह का आयोजन बड़ा जैन मंदिर, कटला परिसर, श्रीमहावीरजी में किया जाएगा। इस अवसर पर आगरा, ग्वालियर, मुरैना, अम्बाह, दिल्ली, गाजियाबाद, धौलपुर सहित देशभर से हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है, जिसके मद्देनज़र सभी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

श्री अतिशय क्षेत्र श्रीमहावीरजी प्रबंध समिति ने सभी साधर्मी बंधुओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर धर्मलाभ लेने की अपील की है।

आप को यह कंटेंट कैसा लगा अपनी प्रतिक्रिया जरूर दे।
+1
2
+1
0
+1
0
Shree Phal News

About the author

Shree Phal News

Add Comment

Click here to post a comment

You cannot copy content of this page