समाचार

स्वास्थ्य, संस्कार और सृजनशीलता का संगम : योग स्पेशल हाऊजी के माध्यम से महिला महासमिति की अनूठी पहल


अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर श्री दिगंबर जैन महासमिति महिला अंचल राजस्थान द्वारा ऑनलाइन योग स्पेशल हाऊजी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से योग, स्वास्थ्य एवं सकारात्मक जीवनशैली के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया। पढ़िए जयपुर की यह रिपोर्ट।


जयपुर। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में श्री दिगंबर जैन महासमिति महिला अंचल राजस्थान द्वारा जन-जन को स्वास्थ्य, संस्कार एवं योग के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से ऑनलाइन व्हाट्सएप माध्यम से “योग स्पेशल हाऊजी” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिला सदस्यों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

योग थीम पर तैयार किए गए रचनात्मक टिकट

राष्ट्रीय अध्यक्ष शीला डोड्या ने बताया कि राजस्थान अंचल की महिला सदस्यों ने योग, स्वास्थ्य एवं सकारात्मक जीवनशैली आधारित रचनात्मक हाऊजी टिकटों का निर्माण किया। प्रतियोगिता में प्राप्त प्रविष्टियों में से सर्वश्रेष्ठ तीन टिकटों का चयन कर प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया।

रोचक संचालन ने बांधे रखा उत्साह

राजस्थान अंचल की धार्मिक मंत्री एवं राष्ट्रीय स्तर की पदाधिकारी विनीता बोहरा ने कार्यक्रम का कुशल एवं रोचक संचालन किया। पूरे आयोजन के दौरान प्रतिभागियों में उत्साह और आनंद का वातावरण बना रहा।

योग प्रचार के लिए रखा गया विशेष पुरस्कार

अंचल अध्यक्ष शालिनी बाकलीवाल ने बताया कि योग के व्यापक प्रचार-प्रसार को ध्यान में रखते हुए NG Yoga चैनल को सर्वाधिक सब्सक्राइब करवाने वाले सदस्य के लिए विशेष बम्पर पुरस्कार की घोषणा की गई थी।

योग के महत्व पर डाला प्रकाश

कार्यक्रम की प्रायोजक एवं राजस्थान अंचल की युवा प्रकोष्ठ मंत्री तथा प्रमाणित योग प्रशिक्षक श्रीमती नीता गदिया ने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि नियमित योग स्वस्थ, संतुलित एवं सकारात्मक जीवन का आधार है।

पुरस्कारों को दिए गए योगमय नाम

आयोजकों ने हाऊजी की विभिन्न पुरस्कार श्रेणियों को भी योग से जोड़ते हुए अनुलोम-विलोम, भ्रामरी, उज्जायी, शीतली, भस्त्रिका एवं कपालभाति प्राणायाम के नाम दिए। वहीं विशेष पुरस्कारों को “अर्हम योग”, “भावना योग” तथा “इंटरनेशनल योगा डे” शीर्षकों से सम्मानित किया गया।

योग जागरूकता का प्रभावी संदेश

इस अभिनव आयोजन ने मनोरंजन के साथ-साथ योग एवं स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता का प्रभावी संदेश दिया। प्रतिभागियों ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए इसे योग को जन-जन तक पहुँचाने की दिशा में एक प्रेरणादायी एवं सराहनीय पहल बताया।

आप को यह कंटेंट कैसा लगा अपनी प्रतिक्रिया जरूर दे।
+1
0
+1
0
+1
0
Shree Phal News

You cannot copy content of this page