समाचार

पालकी यात्रा एवं घटयात्रा निकाली : श्री सिद्धचक्र महामंडल विधान का हुआ शुभारंभ


आचार्य श्री चैत्यसागर जी महाराज ससंघ के मंगल सानिध्य में सोमवार को मोती कटरा स्थित श्री पार्श्वनाथ दिगंबर जैन मंदिर, तार की गली के वात्सल्य संत निलय में अष्टाहनिका महापर्व के पावन अवसर पर सिद्धचक्र महामंडल विधान एवं विश्व शांति महायज्ञ का शुभारंभ हुआ। पढ़िए शुभम जैन की विस्तृत रिपोर्ट…


आगरा। आचार्य श्री चैत्यसागर जी महाराज ससंघ के मंगल सानिध्य में सोमवार को मोती कटरा स्थित श्री पार्श्वनाथ दिगंबर जैन मंदिर, तार की गली के वात्सल्य संत निलय में अष्टाहनिका महापर्व के पावन अवसर पर सिद्धचक्र महामंडल विधान एवं विश्व शांति महायज्ञ का शुभारंभ हुआ। विधान की पहले दिन की शुरुआत श्रीजी की पालकी यात्रा एवं भव्य घटयात्रा के साथ हुई। श्रीजी की पालकी यात्रा एवं घटयात्रा मोती कटरा बड़ा जैन मंदिर से शुरू होकर एसएन मेडिकल की ओर से मोती कटरा चौराहा, हेल्प आगरा होते हुए जती कटरा फाटक से तार की गली जैन मंदिर पर जाकर संपन्न हुई। इस घटयात्रा में सबसे आगे जियो और जीने दो के संदेश देते हुए बैनर और घोड़ों पर राजकुमार जैन धर्म की ध्वजा पताकाएं लेकर 10 बग्घियों पर इंद्र-इंद्राणी के स्वरूप बैठकर चल रहे थे। घटयात्रा में 51 सौभाग्यशाली महिलाएं केसरिया साड़ी धारण कर और सिर पर मंगल कलश लेकर चल रही थीं।

किशोर बैंड की मधुर स्वर लहरियां बिखेरता बैंड वातावरण को आनंदमय बना रहा था। पालकी यात्रा एवं घटयात्रा के मंदिर पहुंचने पर पंडाल का ध्वजारोहण आगरा खंडेलवाल दिगंबर जैन समिति के अध्यक्ष निर्मल मौठया परिवार ने किया। विधानाचार्य डॉक्टर आनंद कुमार जैन शास्त्री के कुशल निर्देशन में भक्तों ने मंदिर में मंडप उद्घाटन मंडप शुद्धि इंद्र प्रतिष्ठा, संकलीकरण की सभी मांगलिक क्रियाएं संपन्न की। इसके बाद भक्तों ने श्रीजी की प्रतिमा को पांडुक शिला पर विराजमान कर जिन अभिषेक एवं शांतिधारा की। इसके साथ ही विधान के पहले दिन भक्तों ने मंत्रोच्चारण के साथ आठ अर्घ्य श्रीजी के समक्ष समर्पित किए। आचार्य श्री चैत्यसागर जी महाराज के मंगल प्रवचन भी हुए।

इस अवसर पर बाहर से पधारे सभी अतिथियों ने आचार्यश्री के चरणों में श्रीफल भेंटकर आशीर्वाद प्राप्त किया। मीडिया प्रभारी शुभम जैन ने बताया कि आचार्य श्री चैत्यसागर जी महाराज ससंघ के मंगल सानिध्य में तार की गली जैन मंदिर के पास वात्सल्य संत निलय में श्री सिद्धचक्र महामंडल विधान के दूसरे दिन लघुसंकलीकरण की क्रियाएं एवं जिन अभिषेक एवं नित्य नियम पूजन विधान होगा। कार्यक्रम का संचालन मनोज जैन बाकलीवाल द्वारा किया गया। इस मौके पर पवन बड़जात्या,पंकज भूंच, संजीव जैन पन्नालाल जैन, मानकचंद जैन, देवांश जैन, आकाश जैन, अनुज जैन, हीरालाल जैन, मनोज बाकलीवाल, प्रभा जैन, पुष्पा जैन, प्रीति जैन, प्रिंसी जैन, ममता जैन, खुशबू जैन, श्रेया जैन, अरुणा जैन एवं समस्त मोती कटरा जैन समाज बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

आप को यह कंटेंट कैसा लगा अपनी प्रतिक्रिया जरूर दे।
+1
1
+1
0
+1
0
Shreephal Jain News

About the author

Shreephal Jain News

Add Comment

Click here to post a comment

You cannot copy content of this page