समाचार

मुनिश्री अनुकरण सागर जी का अंबाह में हुआ मंगल प्रवेश : नगर हुआ भक्तिरस में सराबोर


आचार्य श्री अभिनंदन सागर जी के शिष्य, तप, त्याग और संयम की जीवंत प्रतिमूर्ति मुनि श्री अनुकरण सागर जी महाराज का गुरुवार संध्या नगर में भव्य मंगल प्रवेश हुआ। तपस्वी परंपरा का निर्वहन करते हुए भीषण गर्मी में पद विहार कर वे श्रद्धालुओं के साथ नगर में पधारे। अंबाह से अजय जैन की रिपोर्ट…


अंबाह। आचार्य श्री अभिनंदन सागर जी के शिष्य, तप, त्याग और संयम की जीवंत प्रतिमूर्ति मुनि श्री अनुकरण सागर जी महाराज का गुरुवार संध्या नगर में भव्य मंगल प्रवेश हुआ। तपस्वी परंपरा का निर्वहन करते हुए भीषण गर्मी में पद विहार कर वे श्रद्धालुओं के साथ नगर में पधारे। उनके आगमन मात्र से संपूर्ण नगर का वातावरण भक्तिरस, श्रद्धा और आध्यात्मिक ऊर्जा से परिपूर्ण हो उठा। मुनि सेवा समिति के अध्यक्ष संतोष जैन ने बताया कि मुनि श्री अनुकरण सागर जी अपनी कठोर साधना और अद्वितीय तपस्या के लिए सुविख्यात हैं। अल्पायु में ही उन्होंने सात बार 32 उपवास कर संयम और साधना की ऐसी मिसाल प्रस्तुत की है, जो जैन परंपरा में विशेष प्रेरणा का स्रोत बन गई है। उनकी साधना केवल शारीरिक तप तक सीमित नहीं, बल्कि आत्मिक उन्नयन की वह यात्रा है, जो उन्हें जनमानस के बीच विशिष्ट स्थान प्रदान करती है।

पूजा केवल कर्मकांड न रहकर आत्मशुद्धि का माध्यम बने

मुनि श्री ने अपने दिव्य प्रवचनों में धर्म के गूढ़ रहस्यों को अत्यंत सरल और प्रभावशाली शब्दों में व्यक्त करते हुए कहा कि धर्म का वास्तविक स्वरूप तभी प्रकट होता है, जब मनुष्य आत्मचिंतन कर अपने आचरण में सकारात्मक परिवर्तन लाए। उन्होंने जल का उदाहरण देते हुए कहा कि जिस प्रकार जल शीतलता और पारदर्शिता का प्रतीक है, उसी प्रकार मानव जीवन में भी शांति, सरलता और स्पष्टता का संचार होना चाहिए। उन्होंने भगवान के अभिषेक के समय श्रद्धालुओं के भावों को निर्मल और पारदर्शी रखने की प्रेरणा दी, ताकि पूजा केवल कर्मकांड न रहकर आत्मशुद्धि का माध्यम बन सके।

आध्यात्मिक उन्नति भी उतनी ही आवश्यक 

मुनि श्री ने आधुनिकता और आध्यात्मिकता के संतुलन पर विशेष बल देते हुए कहा कि यदि जीवन में इन दोनों का समन्वय न हो तो मनुष्य अपनी जड़ों से दूर हो सकता है। उन्होंने युवाओं को चेताया कि केवल भौतिक प्रगति ही जीवन का लक्ष्य नहीं, बल्कि आध्यात्मिक उन्नति भी उतनी ही आवश्यक है। मुनि श्री के मंगल प्रवेश के अवसर पर नगर में अपार श्रद्धा और उत्साह का वातावरण रहा। श्रद्धालुओं ने मार्ग-मार्ग पर आरती कर उनका स्वागत किया। जिससे उनका यह आगमन नगर के लिए केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि आध्यात्मिक जागरण का पावन अवसर बनकर स्मरणीय हो गया।

आप को यह कंटेंट कैसा लगा अपनी प्रतिक्रिया जरूर दे।
+1
1
+1
0
+1
0
Shree Phal News

About the author

Shree Phal News

Add Comment

Click here to post a comment

You cannot copy content of this page