नगर में विराजित समाधिस्थ आचार्य श्री विद्यासागर जी महाराज के शिष्य एवं शिखर जी में बन रहे सुदर्शनीय जैन तीर्थ गुणायतन के प्रणेता मुनिश्री प्रमाण सागर जी महाराज ससंघ का इस वर्ष 2024 का चातुर्मास इंदौर में हो, इस भावना से रविवार को इंदौर से 71 बसों एवं 140 कारों से दिगंबर जैन समाज इंदौर के विभिन्न क्षेत्रों से भोपाल पहुंचे। पढ़िए राजेश जैन दद्दू की रिपोर्ट…
भोपाल। नगर में विराजित समाधिस्थ आचार्य श्री विद्यासागर जी महाराज के शिष्य एवं शिखर जी में बन रहे सुदर्शनीय जैन तीर्थ गुणायतन के प्रणेता मुनिश्री प्रमाण सागर जी महाराज ससंघ का इस वर्ष 2024 का चातुर्मास इंदौर में हो, इस भावना से रविवार को इंदौर से 71 बसों एवं 140 कारों से दिगंबर जैन समाज इंदौर के विभिन्न क्षेत्रों से भोपाल पहुंचे। लगभग 4000 श्रद्धालु मुनि भक्तों ने मुनि ससंघ के श्री चरणों में सम्यक दर्शन, सम्यक ज्ञान और सम्यक चारित्र के नाम से सुसज्जित विशेष श्रीफल समर्पित करते हुए इंदौर में वर्षा योग किए जाने का निवेदन किया।
स्वीकृति प्रदान करें
इस अवसर पर दिगंबर जैन समाज इंदौर के अध्यक्ष नरेंद्र वेद, दयोदय चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष नरेंद्र पप्पा, तुकोगंज दिगंबर जैन समाज अध्यक्ष रानी अशोक डोसी, सोशल ग्रुप फेडरेशन के मीडिया प्रभारी राजेश जैन दद्दू, श्रीफल समर्पण महा महोत्सव के प्रमुख मनोज अनामिका बाकलीवाल, समाजसेवी इंद्र सेठी, जैनेश झांझरी, हर्ष जैन, मनीष नायक, महावीर जैन, पवन सिंघई एवं ब्रह्मचारी अनिल भैया, नितिन भैया अभय भैया ने पृथक-पृथक निवेदन करते हुए कहा कि गुरुदेव वर्षों से इंदौर आपकी प्रतीक्षा कर रहा है। इस बार पूरा इंदौर सच्चे मन से एक मत होकर अपनी भावना प्रदर्शित करते हुए निवेदन कर रहा है कि आप इस वर्ष अपना चातुर्मास इंदौर में करने की स्वीकृति प्रदान करें। हम सबका संकल्प है कि हम एकजुट होकर इंदौर में आपका चातुर्मास ऐतिहासिक एवं तन, मन, धन से संपन्न कराएगें, आप स्वीकृति प्रदान करें।
इंदौर वाले दिखा रहे तत्परता
प्रत्युत्तर में मुनिश्री प्रमाण सागर जी ने आशीर्वचन देते हुए कहा कि चातुर्मास का लाभ लेने के लिए सभी लोग हमेशा तत्पर रहते हैं लेकिन इस बार इंदौर वालों की तत्परता कुछ ज्यादा ही दिखाई दे रही है और आप लोगों की इतनी अधिक संख्या में उपस्थिति आप सब के अंदर के उत्साह को भी उजागर कर रही है। आपके निवेदन के संबंध में इतना ही कहूंगा कि यह सच है कि इंदौर वाले चातुर्मास के लिए काफी समय से प्रयास कर रहे हैं। इंदौर हमारे ध्यान में है। कुंडलपुर से हमारी गाड़ी इंदौर के लिए ही निकली है जो अभी भी ट्रैक पर है। करतल ध्वनि के बीच मुनिश्री ने यह भी संकेत दिया कि आप सब ने आज जो भावना भाई है वह अवश्य फलीभूत होगी, संशय न करें। अंत में आपने इन पंक्तियों के साथ आशीर्वाद देते हुए कहा कि एक न एक शमा जलाए रखिए, सुबह जरूर होगी, माहौल बनाए रखिए।
ये कार्यक्रम भी हुए
प्रारंभ में गीतकार चिंतन बाकीवाला ने मंगलाचरण किया। आचार्य श्री के चित्र का अनावरण सुरेश जैन आइएएस, राजेश जैन आइएएस एवं गुणायतन परिवार के सदस्यों ने किया। दीप प्रज्वलन विद्यासागर संस्थान भोपाल के पदाधिकारियों एवं मनोज,अरविंद व सूतवाला परिवार ने किया। मुनि श्री का पाद प्रक्षालन नवीन आनंद गोधा परिवार ने किया एवं मुनि संसघ को शास्त्र भेंट रानी अशोक डोसी, रमेश जैन एवं सुनील बिलाला ने किए। संचालन ब्रह्मचारी सी अभय भैया ने किया।













Add Comment