मुनि श्री ने कहा, प्रभु की शरण में जाकर देखो जिन्दगी का चमत्कार
ललितपुर@राजीव सिंघई। श्री अभिनंदनोदय तीर्थ क्षेत्र ललितपुर में धर्मसभा को सम्बोधित करते हुए मुनि सुधासागर महाराज ने कहा है कि संसार बहुत बुरा है, गंदा है, बुराईयां हैं, कुछ बुरी चीजें हैं। हमारी आंख कैसी है हम इतनी बुराई देखते हैं, आंख से अच्छा नहीं देख पा रहे हैं। अपनी आंख बुरा देख रही है। मुनि श्री ने कहा सृष्टि बुरी नहीं है, हमारी दृष्टि बुरी है। ऐसा प्रयास करो कि मुख से गलत नहीं निकले। कभी गलत नहीं बोलना। जीवन में अपने ज्ञान पर गर्व करो। जो मिला वह अनमोल है इसको व्यर्थ में न गवांओ। व्यक्ति यह सोचकर परेशान है कि हम जो देख रहे हैं सब उल्टा ही हो रहा है। कभी सीधा नहीं हो रहा जिन्दगी में, प्रतिकूलता है ऐसा विचार नहीं करना चाहिए। वास्तव में सीधा भी हो रहा है इसका नाम धर्म है।
मुनि श्री ने कहा कि भगवान के पास सब कुछ है। प्रभु की शरण में जाने से देखोगे जिन्दगी का चमत्कार। जिन्दगी अनमोल होगी और जीवन में शान्ति की अनुभूति होगी।
प्रातःकाल मूलनायक अभिनंदनोदय अतिशय तीर्थ पर मूलनायक अभिनंदननाथ भगवान का अभिषेक भक्तजनों ने किया। इसके उपरान्त मुनि सुधासागर महाराज के मुखारविन्द शान्तिधारा हुई जिसका पुर्ण्याजन शान्त कुमार अजय जैन रस्सी परिवार, श्राविका चिरोजीबाई, मातेश्वरी प्रशान्त जैन, सचिन जैन एवं मोहित जैन ने करके गुरुदेव का आशीर्वाद ग्रहण किया। तदुपरान्त धर्मसभा का शुभारम्भ आचार्य श्री विद्यासागर महाराज के चित्र के अनावरण के साथ श्रेष्ठीजनों ने किया। धर्मसभा का संचालन महामंत्री डा. अक्षय टडैया द्वारा किया गया।
आज निर्यापक मुनि श्री सुधासागर महाराज को आहारदान अजय जैन पुजारी परिवार, मुनि पूज्य सागर महाराज को आहारदान वीरेन्द्र शास्त्री चिगलौआ वाले परिवार, धैर्यसागर महाराज को आहारदान देवेन्द्र जैन जिजयावन परिवार एवं क्षुल्लक गम्भीर सागर महाराज को आहारदान का सौभाग्य राजीव नायक परिवार को मिला। सायंकाल जिज्ञासा समाधान के लिए
श्रावक मुनि श्री सुधासागर महाराज के सम्मुख अपनी जिज्ञासाएं करते हैं और उनका निदान पाते हैं। गुरु भक्ति एवं संगीतमय आरती करके पुर्ण्याजक परिवार लाभान्वित हो रहे हैं। मुनि श्री एवं संघस्थ मुनि पूज्यसागर महाराज, एलक धेर्यसागर महाराज, क्षुल्लक गम्भीर सागर महाराज के प्रवास से इन दिनों अभिनंदनोदय तीर्थ में अपूर्व धर्म प्रभावना हो रही है। इस मौके पर प्रमुख रूप से जैन पंचायत अध्यक्ष अनिल जैन अंचल, शीलचंद जैन अनौरा, राजेन्द्र जैन थनवारा, मोदी पंकज जैन, अक्षय अलया, धन्यकुमार जैन एड, महेन्द्र मडवैया,नरेन्द्र जैन छोटे पहलवान, सुधीर सेवनी, कमलेश सराफ, देवेन्द्र पंसारी आदि मौजूद रहे।













