समाचार

दिगंबर जैन सोशल ग्रुप सिटी भिंड ने लगाए 111 पौधे, राष्ट्रीय पदाधिकारियों का किया सम्मान: विश्व पर्यावरण दिवस पर आनंद धाम आश्रम में हुआ वृक्षारोपण, सेवा और सम्मान के साथ मनाया गया दोहरा उत्सव


   विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर दिगंबर जैन सोशल ग्रुप सिटी भिंड ने आनंद धाम आश्रम में 111 पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। साथ ही राष्ट्रीय कार्यकारिणी में मनोनीत सदस्यों का सम्मान किया गया और वृद्धजनों की सेवा भी की गई। भिड से पढ़िए ,सोनल जैन की यह खबर


भिंड। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर दिगंबर जैन सोशल ग्रुप सिटी भिंड ने प्रकृति संरक्षण की दिशा में एक सराहनीय पहल करते हुए आनंद धाम आश्रम (निराश्रित भवन) में 111 पौधों का वृक्षारोपण किया। “जैन सोशल ग्रुप सिटी भिंड का है यह नारा, हरा-भरा हो भिंड हमारा” के संकल्प के साथ आयोजित इस अभियान में संस्था के दंपत्ति सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

अतिथियों का हुआ आत्मीय स्वागत

कार्यक्रम की शुरुआत में संस्था के पदाधिकारियों ने सभी अतिथियों का माला पहनाकर एवं स्मृति पत्रिका भेंट कर स्वागत किया। पूरे आयोजन में सेवा, संस्कार और सामाजिक जिम्मेदारी का सुंदर समन्वय देखने को मिला।

पर्यावरण बचाने का दिया संदेश

मुख्य अतिथि डॉ. शैलेंद्र परिहार (सेवा भारती, भिंड) ने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी देखभाल और संरक्षण भी उतना ही जरूरी है। उन्होंने कहा कि जब ये पौधे बड़े होकर वृक्ष बनेंगे, तभी वृक्षारोपण अभियान की वास्तविक सफलता मानी जाएगी।

विशिष्ट अतिथि एवं पार्षद हेमू राहुल जैन ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल पौधे लगाने से नहीं होगा, बल्कि हमें अपनी जीवनशैली में भी बदलाव लाना होगा। प्लास्टिक, पॉलीथिन और अन्य हानिकारक वस्तुओं का उपयोग कम करके भी हम पर्यावरण को बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

वैवाहिक वर्षगांठ बनी खुशी का अवसर

कार्यक्रम में उस समय विशेष उत्साह देखने को मिला जब संस्था के वरिष्ठ सदस्य विनय जैन एवं नीलम जैन ने अपनी वैवाहिक वर्षगांठ संस्था परिवार के बीच मनाई। दोनों ने एक-दूसरे को माला पहनाकर इस अवसर को यादगार बनाया। उपस्थित सदस्यों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उनके सुखद वैवाहिक जीवन की कामना की।

राष्ट्रीय कार्यकारिणी में चयन पर सम्मान

दिगंबर जैन सोशल ग्रुप सिटी भिंड के लिए यह गौरव का क्षण रहा जब वरिष्ठ सदस्य अशोक-जया जैन सर्राफ तथा अतुल-ज्योति जैन पवैया को दिगंबर जैन सोशल ग्रुप फेडरेशन की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में निदेशक मंडल सदस्य (Board of Directors) मनोनीत किया गया।

इस उपलब्धि पर संस्था के अध्यक्ष शैलेंद्र-पूनम जैन, सचिव अंशुल-आयशा जैन तथा कोषाध्यक्ष रविंद्र-सुधा जैन सहित सभी सदस्यों ने दोनों दंपत्तियों का साफा, पट्टा और मिठाई खिलाकर सम्मान किया तथा राष्ट्रीय स्तर पर भिंड का नाम रोशन करने के लिए बधाई दी।

वृद्धजनों की सेवा भी बनी आयोजन का हिस्सा

कार्यक्रम के दौरान आनंद धाम आश्रम में निवासरत वृद्धजनों को सम्मानपूर्वक स्वल्पाहार कराया गया। संस्था के सदस्यों ने बुजुर्गों के साथ समय बिताकर सेवा भावना का परिचय दिया।

सफल संचालन और आभार

कार्यक्रम का संचालन संस्था के सचिव अंशुल-आयशा जैन ने किया। वहीं कार्यक्रम के बाद सभी आगंतुकों के लिए विनय-नीलम जैन द्वारा स्वल्पाहार की व्यवस्था की गई।

समापन अवसर पर संस्था की ओर से सेवा भारती, मुख्य एवं विशिष्ट अतिथियों तथा सभी सहयोगी सदस्यों का आभार व्यक्त किया गया। पूरे आयोजन में पर्यावरण संरक्षण, समाज सेवा और संगठनात्मक एकता की सुंदर मिसाल देखने को मिली।

आप को यह कंटेंट कैसा लगा अपनी प्रतिक्रिया जरूर दे।
+1
0
+1
0
+1
0
Shree Phal News

About the author

Shree Phal News

Add Comment

Click here to post a comment

You cannot copy content of this page