सकल दिगंबर जैन समाज, श्री मुमुक्षु आश्रम कोटा एवं श्री कुंदकुंद कहान आदिनाथ दिगंबर जैन मंदिर विश्वास नगर दिल्ली के तत्वावधान में शिवपुरी शहर में आयोजित हो रहे श्री नेमिनाथ दिगंबर जिनबिंब पंचकल्याणक महोत्सव के तृतीय दिवस जन्मकल्याणक महोत्सव की खुशियां मनाई गईं। पढ़िए राजेश जैन रागी की रिपोर्ट…
बड़ामलहरा। सकल दिगंबर जैन समाज, श्री मुमुक्षु आश्रम कोटा एवं श्री कुंदकुंद कहान आदिनाथ दिगंबर जैन मंदिर विश्वास नगर दिल्ली के तत्वावधान में शिवपुरी शहर में आयोजित हो रहे श्री नेमिनाथ दिगंबर जिनबिंब पंचकल्याणक महोत्सव के तृतीय दिवस जन्मकल्याणक महोत्सव की खुशियां मनाई गईं। महोत्सव के महामंत्री मनोज जैन, मीडिया प्रभारी दीपकराज जैन एवं प्रद्युम्न फैजदार ने बताया कि प्रातःकाल की मंगल बेला पर शौरीपुर नगरी के महाराजा समुद्रविजय एवं शिवादेवी के दरबार सहित सौधर्म इंद्र के दरबार में बाल तीर्थंकर नेमिकुमार के जन्मकल्याणक की खुशियां मनाकर उत्सव मनाया गया। पश्चात सौधर्म इंद्र ऐरावत हांथी पर बाल तीर्थंकर नेमि प्रभु को बैठाकर पांडुक शिला पर शोभायात्रा के साथ ले गए, जहां सौधर्म इंद्र, कुबेर इंद्र, ईशान इंद्र सहित सभी इंद्रों सहित हजारों श्रावकगणों ने 1008 मंगल कलशों से बाल तीर्थंकर का अभिषेक कर जन्मकल्याणक की खुशियां मनाईं।
मां जिनवाणी का पाठ
जन्माभिषेक के पश्चात सौधर्म इंद्र सभी इंद्रों के साथ वापस शौरीपुर नगरी आए और वहां माता-पिता को बाल तीर्थंकर को सौंपकर तांडव नृत्य कर अपनी खुशियां मनाईं। इस अवसर पर कुबेर इंद्र द्वारा पूरी नगरी में रत्नों की वर्षा कर जन्मकल्याणक की शुभकामनाएं दी गईं। मंगल प्रवचनों की श्रृंखला में सकल समाज को जयपुर से पधारे विद्वान डॉ. दीपक जैन वैद्य, जबलपुर से बाल ब्र. श्रेणिक जैन एवं नागपुर से पंडित विपिन शास्त्री के श्रीमुख से मां जिनवाणी का रसास्वादन करने का सौभाग्य मिला। इस बार बाल ब्रह्मचारी सुनील शास्त्री ने शिवपुरी की ओर से महोत्सव में पधारे सभी ब्रह्मचारी भाई बहनों सहित पूरे देश से पधारे श्रावकगणों का अभिनंदन कर मिलजुल कर जिनशासन की मंगल प्रभावना करने का संकल्प दिलाया। जन्म कल्याणक महोत्सव पर शिवपुरी विधायक देवेंद्र जैन सहित दिल्ली, मुंबई, कलकत्ता, जयपुर, जबलपुर, छिंदवाड़ा, भोपाल, नागपुर सहित पूरे देश से पधारे हजारों जैन बंधुओं ने बाल तीर्थंकर के जन्मकल्याणक की खुशियां मनाकर तीन लोक के नाथ को पालना झुलाकर जन्मकल्याणक के मंगलगान गए।
शुक्रवार को मनेगा तपकल्याणक महोत्सव
महोत्सव के संयोजक बज्रसेन जैन एवं अमित शास्त्री ने बताया की महोत्सव के चतुर्थ दिवस चैत्र सुदी ग्यारस शुक्रवार 19 अप्रैल को तपकल्याणक महोत्सव मनाया जाएगा, जिसका शुभारंभ प्रातः 6 बजे शांति जाप से हुआ। पश्चात जिनेन्द्र पूजन, 8.30 से इंद्र सभा एवं राज सभा का आयोजन, बारात आगमन एवं नेमिनाथ का वैराग्य, 9 भव का प्रदर्शन, लोकांतिक संवाद, वन गमन, दोपहर 12.00 बजे से दीक्षा शौभायात्रा, वन में वैराग्यमय प्रवचन एवं दीक्षा विधि – तपकल्याणक की पूजन होगी। दोपहर में मुनिराज की भक्ति एवं प्रवचन संध्या की बेला पर बाल कक्षा, मंगल प्रवचन के बाद ब्राह्मी सुंदर विद्या निकेतन दिल्ली द्वारा आकर्षक नाटिका जैन रामायण की प्रस्तुति दी जाएगी।













Add Comment