समाचार

कठोर साधना कर आचार्य श्री ने मुनि मार्ग को भी सरल बना दिया : अशोकनगर में श्रद्धाभाव से मनाया गया आचार्य श्री विद्यासागर जी का 59वां मुनि दीक्षा दिवस


अशोकनगर के आदिश्वर धाम में आचार्य श्री विद्यासागर जी महाराज का 59वां मुनि दीक्षा दिवस मुनि श्री निरंजन सागर जी महाराज के सान्निध्य में श्रद्धा एवं भक्ति के साथ मनाया गया। इस अवसर पर महापूजन, प्रवचन एवं विशेषांक का विमोचन भी हुआ। पढ़िए श्रीफल साथी राजीव सिंघई की यह रिपोर्ट।


अशोकनगर। श्री दिगंबर जैन पंचायत कमेटी के तत्वावधान में आदिश्वर धाम, सुभाषगंज में जैन दर्शन के विश्वविख्यात संत आचार्य श्री विद्यासागर जी महाराज का 59वां मुनि दीक्षा दिवस परम पूज्य मुनि श्री निरंजन सागर जी महाराज के मंगल सान्निध्य में श्रद्धा एवं भक्ति के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ आचार्य श्री के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ।

संगीतमय महापूजन में उमड़ा श्रद्धाभाव

जैन समाज के मंत्री शैलेन्द्र श्रागर के मधुर भजनों एवं संगीत के साथ आचार्य श्री की महापूजन संपन्न हुई। विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक संस्थाओं ने पूजन के विविध द्रव्यों का समर्पण कर पुण्यार्जन किया। श्रद्धालुओं ने अर्घ समर्पित कर आचार्य श्री के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की।

मुनि श्री ने बताया आचार्य श्री का तपमय जीवन

मुनि श्री निरंजन सागर जी महाराज ने अपने आशीर्वचन में कहा कि आचार्य श्री विद्यासागर जी महाराज ने कठोर तप, त्याग और साधना के बल पर मुनि मार्ग को भी सरल बना दिया। उनका संपूर्ण जीवन संयम, आत्मानुशासन और आध्यात्मिक साधना की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि आचार्य श्री का जीवन आने वाली पीढ़ियों के लिए आदर्श रहेगा।

‘आचार्य श्री के गुणगान में जीवन भी कम पड़ जाएगा’

मध्यप्रदेश महासभा संयोजक विजय जैन धुर्रा ने कहा कि यह हम सभी का सौभाग्य है कि हमें आचार्य श्री विद्यासागर जी महाराज के युग में जन्म लेने और उनके दर्शन का अवसर प्राप्त हुआ। उन्होंने कहा कि आचार्य श्री के गुणों का वर्णन करने के लिए एक जीवन भी कम पड़ जाएगा। उनकी तपस्या और चर्या ने असंख्य युवाओं को संयम एवं मोक्षमार्ग की प्रेरणा दी।

अनेक युवाओं को मिला संयम पथ का मार्गदर्शन

युवा वर्ग के संरक्षक विनोद मोदी ने कहा कि आचार्य श्री का अशोकनगर से विशेष स्नेह रहा। उनके आशीर्वाद से नगर में निर्यापक श्रमण मुनि पुंगव श्री सुधासागर जी महाराज ससंघ का चातुर्मास हुआ, जिससे समाज की दिशा और दशा में सकारात्मक परिवर्तन आया। उन्होंने कहा कि आचार्य श्री के सान्निध्य से अनेक युवक-युवतियों ने संयम मार्ग अपनाकर नगर का गौरव बढ़ाया।

‘मुनि की कृपा’ विशेषांक का हुआ विमोचन

इस अवसर पर आचार्य श्री विद्यासागर जी महाराज को समर्पित ‘मुनि की कृपा’ हरिभूमि विशेषांक का विमोचन मध्यप्रदेश महासभा संयोजक विजय जैन धुर्रा, विनोद मोदी, पदम कुमार वाझल (पिम्मी), दिनेश मैदापुर एवं अन्य अतिथियों द्वारा किया गया। शैलेन्द्र श्रागर ने बताया कि विशेषांक में आचार्य श्री के प्रेरणादायी जीवन, गौरवगाथा एवं विभिन्न विद्वानों के लेखों को प्रकाशित किया गया है।

श्रद्धा और प्रेरणा का बना वातावरण

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे। सभी ने आचार्य श्री के आदर्शों को जीवन में अपनाने तथा धर्म, संयम और संस्कारों के मार्ग पर आगे बढ़ने का संकल्प लिया।

आप को यह कंटेंट कैसा लगा अपनी प्रतिक्रिया जरूर दे।
+1
0
+1
0
+1
0
Shree Phal News

About the author

Shree Phal News

Add Comment

Click here to post a comment

You cannot copy content of this page