वर्णी संस्थान विकास सभा एवं जनकल्याण समिति के तत्वावधान में वर्णी जी की जन्मस्थली को नशा मुक्ति एवं व्यसन मुक्त ग्राम बनाने के उद्देश्य से नशा मुक्ति अभियान प्रारंभ में किया गया। वर्णी ग्राम हंसेरा से पढ़िए,मनीष विद्यार्थी की यह खबर…
वर्णी ग्राम हंसेरा। वर्णी संस्थान विकास सभा एवं जनकल्याण समिति के तत्वावधान में वर्णी जी की जन्मस्थली को नशा मुक्ति एवं व्यसन मुक्त ग्राम बनाने के उद्देश्य से नशा मुक्ति अभियान प्रारंभ में किया गया। सर्वप्रथम प्राथमिक शाला हंसेरा एवं ग्रामीणों के साथ बैनर पोस्टर एवं नशा विरोधी स्लोगन के साथ स्कूल से स्मारक तक रैली निकालकर गांव के लोगों को नशा त्यागने के प्रति जागरूक किया गया। वर्णी जन्मभूमि स्मारक में दीप प्रज्वलन, मंगलाचरण,स्वागत गीत के साथ कार्यक्रम प्रारंभ हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता विनोद जैन एलआईसी, मुख्य अतिथि ग्राम प्रधान छत्रपाल सिंह, अरुण चंदेरिया क्षेत्रीय अध्यक्ष भारतीय जैन मिलन क्षेत्र 10, विशिष्ट अतिथि डीके सराफ मड़ावरा, राजेंद्र जैन शिक्षक सागर रहे। संस्था परिचय एवं स्वागत भाषण महामंत्री कैलाश जैन टीला ने दिया। संचालन मनीष विद्यार्थी ने किया। उपस्थित अतिथियों का सम्मान शॉल श्रीफल से स्मारक व्यवस्थापक द्वारा किया गया।
व्यसनों से दूर रहेंगे तो देश का भविष्य अच्छा रहेगा
सर्वप्रथम विद्यालय एवं ग्रामीण के उपस्थित 200 छात्र-छात्राओं को गर्म बनियान राजेंद्र जैन शिक्षक नेहानगर ने दी। कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों द्वारा नशा किस प्रकार हमारे लिए हानिकारक है। इस पर अपने विचार रखे। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अरुण चंदेरिया ने बताया 4 फरवरी को विश्व कैंसर दिवस था, और कैंसर जो लोग तंबाकू गुटका का सेवन करते हैं। उस व्यक्ति को कैंसर होने की संभावना रहती है। अगर हम इसका त्याग करते हैं तो हमारे परिवार को एक बहुत बड़े खतरे का सामना नहीं करना होगा। विशिष्ट अतिथि डीके सराफ ने कहा कि शराब स्वयं को, हमारे परिवार, समाज और राष्ट्र को खोखला कर देती है। अगर हमें अपने आप को भारतीय संस्कृति का सच्चा सिपाही बनाना है तो हमें नशा अपने परिवार से निकलना होगा। राजेंद्र जैन शिक्षक ने कहा छात्र-छात्राएं देश का भविष्य हैं, अगर यह व्यसनों से दूर रहेंगे तो हमारे देश का भविष्य अच्छा रहेगा। इसलिए हमें अभी से जागरूक होना है।
कार्यक्रम की सराहना की
कार्यक्रम में उपस्थित छात्राओं ने संकल्प लिया कि हम उस घर में शादी करेंगे, जहां पर कोई शराब नहीं पीता हो। उपस्थित ग्रामीणों ने भी किसी एक नशे को त्याग करने का संकल्प लिया और आगे भी एक व्यक्ति को संकल्प दिलाने की शपथ ली। कार्यक्रम में संस्थान के निर्देशक करोड़ी लाल जैन बंडा की सालगिरह के अवसर पर सभी को मिष्ठान वितरण किया गया। ग्राम प्रधान छत्रपाल सिंह ने सभी का आभार माना एवं इस कार्यक्रम की सराहना की एवं इसे निरंतर चलने की भी अपील की।













Add Comment