महावीर बाग में आयोजित दिगंबर जैन समाज सामाजिक संसद की साधारण सभा में संविधान के अनुसार चुनाव कराने पर सहमति बनी। वक्ताओं ने एकता, पारदर्शिता और युवाओं की भागीदारी पर जोर दिया। रिपोर्ट: श्रीफल न्यूज़ संवाददाता
इंदौर। दिगंबर जैन समाज सामाजिक संसद इंदौर के कीर्ति स्तंभ की साधारण सभा रविवार को महावीर बाग में सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुई। सभा की अध्यक्षता दिलीप जैन पाटनी ने की। बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी चुनावों को लेकर स्थिति स्पष्ट करना और समाज में व्याप्त भ्रम को दूर करना रहा।

संविधान सर्वोपरि
अध्यक्ष दिलीप जैन पाटनी ने साफ शब्दों में कहा, “हम सब एक हैं, एक परिवार हैं। सामाजिक संसद के चुनाव पहले भी संविधान के अनुसार हुए हैं और आगे भी उसी प्रक्रिया से होंगे।” उन्होंने समाज से संयम, धैर्य और एकजुटता बनाए रखने की अपील की।

निष्पक्ष चुनाव पर जोर
सेवानिवृत्त डीएसपी डी.के. जैन ने कहा कि संविधान और तय प्रक्रिया से होने वाले विवाद-रहित चुनाव ही समाज की मजबूती की नींव होते हैं। सुशील पंड्या ने भी बिना दबाव, बिना भेदभाव और पारदर्शी चुनाव की आवश्यकता बताई।
जिम्मेदारी और आत्ममंथन
शील कुमार जैन ने समन्वय समिति और अध्यक्ष स्तर पर हुई त्रुटियों पर नैतिक जिम्मेदारी तय करने की बात कही। राजेंद्र जैन ने कहा कि इंदौर का दिगंबर जैन समाज कभी लाइट हाउस की तरह पूरे प्रदेश को दिशा देता था, उसे फिर से जीवंत करने का समय आ गया है।
उन्होंने सुझाव दिया कि अध्यक्ष पद के दावेदारों का ओपन मंच पर इंटरव्यू हो वर्किंग कमेटी के साथ एक सलाहकार समिति का गठन किया जाए
“सबका साथ, सबकी बात”
नमीष जैन ने सभी वर्गों को साथ लेकर चलने पर सहमति जताई। वक्ताओं ने संविधान के क्लॉज 6 ए-बी-सी का उल्लेख करते हुए कहा कि सामाजिक संसद को केवल मंदिरों तक सीमित न रखकर युवाओं और जातीय संगठनों को भी जोड़ना चाहिए।
चुनाव प्रक्रिया तय
सभा में यह सर्वसम्मति बनी कि एन.के. जैन (सेवानिवृत्त जस्टिस) मुख्य चुनाव अधिकारी रहेंगे। उनके सहयोगी के रूप में प्रिंसिपल टोंग्या कुशलराज जैन, राजीव अलबेला और डी.के. जैन (सेवानिवृत्त डीएसपी) रहेंगे।
मंदिर सूची पर निर्णय
समन्वय समिति पर सभी मंदिरों की सूची समय पर तैयार न करने का आरोप लगा। होलास सोनी, कीर्ति पांड्या, विनोद जैन सहित पदाधिकारियों को 10 फरवरी तक मंदिरों एवं उनके प्रतिनिधियों की सूची तैयार करने की जिम्मेदारी सौंपी गई।
बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित
सभा में लगभग 85 मंदिरों के अध्यक्ष/प्रतिनिधि सहित अमित कासलीवाल, नवीन गोधा, बाहुबली पांड्या, पुष्पा कासलीवाल, राजेंद्र सोनी, विजय चौधरी, आनंद गोधा, अरविंद जैन, संदीप जैन मोयरा, निर्मल कसलीवाल, मनोज बाकलीवाल, सचिन जैन, राहुल जैन स्पोर्ट्स, प्रतिपाल टोंगिया, राजेश जैन लोरल, दिलीप गोधा, विपुल बंसल, भूपेंद्र जैन, विमल चौधरी, राजू अलबेला, संजय अहिंसा, विनोद जैन वैभव नगर, शेखर चाबरा, डॉ. जैनेंद्र जैन सहित अनेक समाजजन मौजूद रहे।
मंगलाचरण और सम्मान
सभा का मंगलाचरण कुसुम पांड्या, माला जैन, अंकिता जैन, पारुल जैन एवं रेखा संजय जैन ने किया। संचालन प्रदीप चौधरी ने किया। इस अवसर पर महावीर जयंती पर झांकियां निकालने वाले मंदिरों और संगठनों का सम्मान भी किया गया।













Add Comment