इंदौर के डेली कॉलेज में पर्यूषण पर्व पर विगत 40 वर्षों से विद्यार्थियों के लिए शुद्ध जैन भोजन की व्यवस्था की जा रही है। इस परंपरा को बनाए रखने हेतु इस वर्ष भी समाज की महिलाओं ने विद्यालय प्रशासन से निवेदन किया। पढ़िए रुचि चोविशया जैन की ख़ास रिपोर्ट…
इंदौर का डेली कॉलेज पर्यूषण पर्व पर संस्कार और संस्कृति का केंद्र बनता है, जहां विद्यार्थियों को प्रतिवर्ष शुद्ध जैन भोजन प्रदान किया जाता है। मीडिया प्रभारी रुचि चोविशया जैन ने बताया कि इंदौर के प्रतिष्ठित डेली कॉलेज में पुष्पा पांड्या के प्रयास से पिछले 40 वर्षों से पर्यूषण पर्व पर जैन विद्यार्थियों के लिए 18 दिन तक शुद्ध जैन भोजन की विशेष व्यवस्था की जाती है। इस दौरान संध्या का भोजन सूर्यास्त पूर्व दिया जाता है।
इस व्यवस्था के लिए प्रतिवर्ष पलासिया जैन समाज की वरिष्ठ सदस्याएँ विजिया पहाड़िया, मंजू अजमेरा, पुष्पा कटारिया, सोनाली जैन, इंद्रा अजमेरा, सुमन जैन और पुष्पा बाकलीवाल सहित अभिभावकगण विद्यालय प्रशासन से निवेदन करते हैं।
क्षमावाणी पर्व मनाने का भी निवेदन
इस वर्ष भी पुष्पा पांड्या और सोनाली जैन ने एडमिनिस्ट्रेटिव ऑफिसर हर्षवर्धन सिंह को पत्र देकर निवेदन किया कि 20 अगस्त से प्रारंभ होने वाले श्वेतांबर आम्नाय के पर्यूषण पर्व तथा 28 अगस्त से 6 सितम्बर तक चलने वाले दिगंबर आम्नाय के दसलक्षण महापर्व के दौरान विद्यार्थियों को सूर्यास्त पूर्व शुद्ध जैन भोजन प्रदान किया जाए। पिछले 40 वर्षों से चली आ रही इस व्यवस्था के लिए समाज ने विद्यालय प्रशासन का आभार व्यक्त किया और साथ ही विद्यालय में क्षमावाणी पर्व मनाने का भी निवेदन किया।













Add Comment