समाचार

शांति समागम - टोंक में राष्ट्रीय पत्रकार संगोष्ठी का आयोजन 27 जुलाई को : आचार्य शांतिसागरजी महाराज की शताब्दी वर्ष पर विशेष आयोजन


राजस्थान के टोंक में 27 जुलाई को जैन नसियाँ जी परिसर में “शांति समागम – राष्ट्रीय पत्रकार संगोष्ठी” का आयोजन होगा। यह संगोष्ठी आचार्य श्री शांतिसागर जी महाराज की आचार्य पद प्रतिष्ठा की शताब्दी वर्ष के तहत आयोजित की जा रही है। इसमें देशभर के वरिष्ठ जैन पत्रकार भाग लेंगे और समाज, संवाद, समाधान व समन्वय जैसे विषयों पर विचार-विमर्श होगा। आयोजन का सान्निध्य आचार्य श्री 108 वर्धमान सागर जी महाराज ससंघ प्रदान करेंगे। पढ़िए उदयभान जैन की विस्तृत खबर…… 


टोंक। नगर में 27 जुलाई रविवार को जैन नसियाँ जी परिसर में “शांति समागम – राष्ट्रीय पत्रकार संगोष्ठी” का भव्य आयोजन होने जा रहा है। यह संगोष्ठी 20वीं सदी के प्रथमाचार्य चारित्र चक्रवर्ती आचार्य श्री शांतिसागर जी महाराज के आचार्य पद प्रतिष्ठापन शताब्दी समारोह के अंतर्गत आयोजित की जा रही है। आयोजन का शुभारंभ प्रातः 8 बजे परम पूज्य पंचम् पट्टाधीश, राष्ट्र गौरव, वात्सल्य वारिधि आचार्य श्री 108 वर्धमान सागर जी महाराज ससंघ के पावन सान्निध्य व आशीर्वाद से होगा।

जैन पत्रकार महासंघ के तत्वावधान में होगा संवाद और समन्वय का आयोजन

इस आयोजन का संयोजन जैन पत्रकार महासंघ के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्री राजेन्द्र जैन महावीर (सनावद, मध्यप्रदेश) द्वारा किया जा रहा है। जैन पत्रकार महासंघ के राष्ट्रीय महामंत्री उदयभान जैन (जयपुर) ने बताया कि यह संगोष्ठी देशभर के जैन पत्रकारों, लेखकों, संपादकों और धर्मप्रेमियों की सहभागिता का एक महत्वपूर्ण अवसर होगा। संगोष्ठी का उद्देश्य आचार्य श्री शांतिसागर जी के सिद्धांतों, तप, त्याग और समाज सुधारक संदेशों को आधुनिक मीडिया के माध्यम से व्यापक जनमानस तक पहुँचाना है। कार्यक्रम में संवाद, समाधान, समन्वय और समाज के समृद्ध निर्माण जैसे विचारों पर गहन चर्चा होगी। समागम में यह विचार किया जाएगा कि कैसे संवाद से समाधान निकलता है, समाधान से समन्वय, समन्वय से समाज, समाज से सद्भावना, सद्भावना से समृद्धि, समृद्धि से समानुभूति, और अंततः समानुभूति से संवेदना व शांति की प्राप्ति होती है। यह विचार यात्रा ही “शांति समागम” की मूल आत्मा है।

जैन पत्रकार महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष रमेश जैन तिजारिया की अपील

जैन पत्रकार महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष रमेश जैन तिजारिया ने बताया कि इस संगोष्ठी में देश के विभिन्न प्रांतों से वरिष्ठ और नवोदित जैन पत्रकार उपस्थित रहेंगे। उन्होंने सभी पत्रकार बंधुओं से निवेदन किया है कि वे 27 जुलाई को प्रातः 8 बजे जैन नसियाँ जी, टोंक में आयोजित इस संगोष्ठी में अनिवार्य रूप से सहभागी बनें।

 कार्यक्रम के आयोजनकर्ता 

यह कार्यक्रम वात्सल्य वारिधि वर्धमान वर्षायोग समिति एवं सकल दिगंबर जैन समाज टोंक द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित किया जा रहा है। आयोजन से जुड़ी सभी सूचनाएं और व्यवस्थाएं जैन पत्रकार महासंघ द्वारा सुनिश्चित की जा रही हैं। यह संगोष्ठी न केवल धार्मिक चेतना को बल देगी, बल्कि पत्रकारिता के सामाजिक उत्तरदायित्व को भी सशक्त करेगी।

आप को यह कंटेंट कैसा लगा अपनी प्रतिक्रिया जरूर दे।
+1
0
+1
0
+1
0
Shreephal Jain News

About the author

Shreephal Jain News

Add Comment

Click here to post a comment

You cannot copy content of this page