दिगंबर जैन समाज ने वर्ष 2023-24 की बोर्ड परीक्षाओं में 85 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को उनके घर-घर जाकर सम्मानित किया। इस सम्मान समारोह में विद्यार्थियों को समाज के वरिष्ठजनों द्वारा सम्मान-पत्र, श्रीफल, पुष्पमाला और शैक्षणिक सामग्री प्रदान की गई। अंबाह से पढ़िए, अजय जैन की यह खबर…
अंबाह। शिक्षा के क्षेत्र में विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने की दिशा में दिगंबर जैन समाज, अंबाह द्वारा एक अनुकरणीय पहल की गई। समाज ने वर्ष 2023-24 की बोर्ड परीक्षाओं में 85 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को उनके घर-घर जाकर सम्मानित किया। इस सम्मान समारोह में विद्यार्थियों को समाज के वरिष्ठजनों द्वारा सम्मान-पत्र, श्रीफल, पुष्पमाला और शैक्षणिक सामग्री प्रदान की गई। इस अनोखे आयोजन का उद्देश्य न केवल बच्चों की मेहनत की सराहना करना था, बल्कि समाज में शिक्षा के प्रति जागरूकता और सकारात्मक माहौल तैयार करना भी था। सम्मान पाने वाले छात्रों में एकता जैन (जैन बगीची), वंशिका जैन (सदर बाजार), सार्थक जैन, लवी जैन, अनुकल्प जैन (किला रोड), कनिष्का जैन (मयूर गली), कृति जैन (करौली माता रोड) सहित कई अन्य छात्र-छात्राएं शामिल रहीं।
विद्यार्थियों को दिया मार्गदर्शन
इस अवसर पर समाज के वरिष्ठ सदस्य और पूर्व शिक्षक महेश चंद जैन ने विद्यार्थियों को करियर मार्गदर्शन दिया। उन्होंने कहा कि केवल अच्छे अंक लाना ही सफलता की गारंटी नहीं है, बल्कि छात्रों को अपनी रुचि और क्षमता के अनुसार करियर का चयन करना चाहिए। उन्होंने इंजीनियरिंग, मेडिकल, कानून, सिविल सेवा, डिजिटल मीडिया, डिजाइनिंग और कॉमर्स जैसे अनेक क्षेत्रों की जानकारी देते हुए बच्चों को आत्मविश्वास और मेहनत के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम में समाज के सक्रिय सदस्य नरेश जैन गुरु ने कहा कि इस तरह के आयोजन समाज में शिक्षा के प्रति नई चेतना का संचार करते हैं। यह पहल न केवल मेधावी छात्रों को प्रोत्साहित करती है, बल्कि अन्य विद्यार्थियों को भी मेहनत कर उच्च प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करती है।
उन्होंने कहा कि समाज को ऐसे आयोजनों के माध्यम से शिक्षा को प्राथमिकता देनी चाहिए, ताकि आने वाली पीढ़ियाँ मजबूत और सक्षम बन सकें। समाज का दायित्व है कि वह बच्चों को संसाधन, मार्गदर्शन और नैतिक समर्थन प्रदान करे।
कार्यक्रम में यह रहे मौजूद
इस अवसर पर महेश चंद जैन, नरेश जैन गुरु, अमित जैन टकसारी, संतोष जैन, कुलदीप जैन, अजय जैन, पंकज जैन, मनीष जैन, मनीष बीज, आकाश जैन, केपी जैन, आशु जैन, श्रेयांस जैन सहित समाज के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।













Add Comment