श्री दिगंबर जैन अतिशय क्षेत्र टिकटोली दूमदार में वार्षिक मेला एवं महामस्तकाभिषेक महोत्सव का आयोजन 01 जनवरी को होगा। इस अवसर पर श्री जिनेंद्र प्रभु का अभिषेक, शांतिधारा, विशेष पूजन, श्री शांतिनाथ विधान, श्री जी की भव्य शोभा यात्रा एवं महामस्तकाभिषेक के साथ-साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन होगें। मनोज जैन नायक की रिपोर्ट…
मुरैना। श्री दिगंबर जैन अतिशय क्षेत्र टिकटोली दूमदार में वार्षिक मेला एवं महामस्तकाभिषेक महोत्सव का आयोजन 01 जनवरी को होगा। टिकटौली अतिशय क्षेत्र के अध्यक्ष राजेंद्र भंडारी के अनुसार जिला मुख्यालय से लगभग 45 किलोमीटर एवं जोरा से लगभग 22 किलोमीटर की दूरी पर शांतिप्रिय सुरभ्य वातावरण में अति प्राचीन विशाल एवं भव्य जैन मंदिर स्थापित है। प्राचीन शिलालेखों एवं ग्रंथों के अनुसार उक्त जैन तीर्थ लगभग 1000 वर्ष पुराना प्रतीत होता है। इस जैन मंदिर में जैन धर्म के सोलहवें तीर्थंकर भगवान शांतिनाथ जी की मनमोहक खड़गासन प्रतिमा के साथ साथ अन्य जैन तीर्थंकरों की अति प्राचीन प्रतिमायें एक पहाड़ी पर उकेरी गई हैं। यह जैन मंदिर एक विशाल पहाड़ी की तलहटी में बना हुआ है।
जैन मंदिर के बाजू में विशाल एवं भव्य प्राकृतिक झरना बना हुआ है, जो बरसात के समय लोगों के आकर्षण का केंद्र रहता है। मंदिर के नजदीक ही एक पानी का चमत्कारिक कुंड भी बना हुआ है। इस कुंड में वर्षभर पानी बना रहता है, कभी सूखता ही नहीं हैं। अभी हाल ही में सन 2022 में संत शिरोमणी आचार्य श्री विद्यासागर जी महाराज के परम प्रभावक शिष्य मुनिश्री अजीत सागर जी महाराज का चातुर्मास हुआ था। पूज्य गुरुदेव के आशीर्वाद से विशाल एवं भव्य नवीन जिनालय का निर्माण कार्य चल रहा है। वर्तमान में तलहटी से 26 फुट की ऊंचाई लेकर 115 फुट लम्बा और 74 फुट चौड़ा पाषाण की शिलाओ से फाउंडेशन का निर्माण हो चुका है। जिस पर बंशी पहाड़ के लाल पत्थर से 84 गुणा 60 फुट का भव्य जिन मंदिर का निर्माण होना प्रस्तावित है। इसके साथ ही क्षेत्र पर अनेकों निर्माण कार्य पूर्णता की ओर हैं।
घर-घर जाकर आमंत्रित किया
कार्यक्रम के मुख्य संयोजक सतेंद्र जैन मास्टर के अनुसार विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी नववर्ष में क्षेत्र पर 1 जनवरी को वार्षिक मेला एवं भगवान शांतिनाथ जी का महामस्तकाभिषेक महोत्सव का आयोजन होने जा रहा है। आसपास की सभी शैलियों में टिकटोली आयोजन के लिए अति उत्साह देखा जा रहा है। जैन मित्र मंडल मुरैना ने घर-घर जाकर सभी को पीले चावल देकर टिकटोली आने के लिए आमंत्रित किया है।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन होगें
इस अवसर पर श्री जिनेंद्र प्रभु का अभिषेक, शांतिधारा, विशेष पूजन, श्री शांतिनाथ विधान, श्री जी की भव्य शोभा यात्रा एवं महामस्तकाभिषेक के साथ-साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन होगें। मेले में बच्चों के मनोरंजन हेतु झूलों की व्यवस्था की गई हैं। अन्य सभी के लिए चाय, नाश्ता आदि के स्टॉल लगाए जाएंगे। जैन मित्र मंडल मुरैना द्वारा कूपन के द्वारा स्वल्पाहार की व्यवस्था एवं मुरैना से टिकटोली जाने बाबत निःशुल्क बसों की व्यवस्था की गई है। अतिशय मित्र मंडल जोरा द्वारा सभी के लिए वात्सल्य भोज का आयोजन किया गया है। क्षेत्र कमेटी के महामंत्री ओमप्रकाश जैन जोरा ने बताया कि इस अवसर पर इटावा, आगरा, अंबाह, ग्वालियर, जोरा, बानमोर, धौलपुर, राजाखेड़ा, शमशावाद, मुरैना सहित सम्पूर्ण भारतवर्ष से भक्तों के सम्मिलित होने की संभावना को देखते हुए क्षेत्र पर सभी तैयारियां कर ली गईं हैं। सहयोगी संस्थाओं के रूप में अतिशय मित्र मंडल जौरा, यंग दिगंबर फाउंडेशन मुरैन, जैन मित्र मंडल मुरैना, जैन नवयुवक मंडल मुरार, सद्भावना सहयोग ग्रुप मुरैना, जिनेंद्र सेवा समूह मुरैना, श्रमण सेवा समूह मुरैना अपनी सेवाए प्रदान करेंगे।
श्रद्धालुओं के आवागमन हेतु मुरेना, जोरा, अम्बाह, ग्वालियर सहित अनेकों स्थान पर बसों की व्यवस्था रखी गई है। पधारे हुए सभी बंधुओं के आवास एवं भोजनादि की समुचित व्यवस्था क्षेत्र कमेटी की ओर से की गई है।













Add Comment