समाचार

नवीन संसद भवन का ऐतिहासिक उद्घाटन समारोह : डॉ. इन्दु जैन राष्ट्र गौरव के स्वर में गूंजी जैनधर्म की प्रार्थना


नवीन संसद भवन के ऐतिहासिक उद्घाटन समारोह के पावन अवसर पर आयोजित “सर्वधर्म प्रार्थना सभा” में सभी धर्म के प्रतिनिधियों ने अपने धार्मिक ग्रंथों से विशेष प्रार्थनाएं कीं। इस गौरवपूर्ण समारोह में जैनधर्म का प्रतिनिधित्व करते हुए डॉ. इन्दु जैन राष्ट्र गौरव ने सम्पूर्ण जैन समाज की ओर से भारत की भूमि को नमन किया तथा सभी का अभिवादन “णमो जिणाणं-जय जिनेन्द्र” से किया। पढ़िए यह विशेष रिपोर्ट…


नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदीजी ने विभिन्न धर्मों के प्रख्यात धर्माचार्यों तथा लोकसभा व राज्यसभा के सदस्यों की उपस्थिति में नए संसद भवन का उद्घाटन एवं पवित्र सेंगोल को स्थापित कर भारत के इतिहास में एक नए अध्याय का सूत्रपात किया। नरेन्द्र मोदी ने भारत देश को लोकतंत्र का भव्य मंदिर समर्पित कर दिया। इस ऐतिहासिक अवसर पर लोकसभा के अध्यक्ष ओम बिड़ला, राज्यसभा के उपसभापति, अमित शाह, राजनाथ सिंह, योगी आदित्यनाथ, मीनाक्षी लेखी, आनंदीबेन पटेल, प्रहलाद पटेल एवं केन्द्रीय मंत्रिमंडल के सदस्य व सांसद मौजूद रहे।

नवीन संसद भवन के ऐतिहासिक उद्घाटन समारोह के पावन अवसर पर आयोजित “सर्वधर्म प्रार्थना सभा” में सभी धर्म के प्रतिनिधियों ने अपने धार्मिक ग्रंथों से विशेष प्रार्थनाएं कीं। इस गौरवपूर्ण समारोह में जैनधर्म का प्रतिनिधित्व करते हुए डॉ. इन्दु जैन राष्ट्र गौरव ने सम्पूर्ण जैन समाज की ओर से भारत की भूमि को नमन किया तथा सभी का अभिवादन “णमो जिणाणं-जय जिनेन्द्र” से किया। आपने आचार्य कुन्दकुन्द विरचित ‘प्रवचनसार’ की सर्वप्राचीन प्राकृत भाषा में गाथा एवं संस्कृत में मंगलाष्टक, महावीराष्टक श्लोक का सस्वर पाठ किया तथा भगवान महावीर के 2550वें निर्वाण उत्सव पर पूरे विश्व में अहिंसा की स्थापना हो इस भावना का उद्घोष किया। उद्घाटन समारोह के पश्चात् जब डॉ. इन्दु जैन ने सांसदों एवं गणमान्य अतिथियों से मुलाकात की तो सभी ने उनकी प्रस्तुति की प्रशंसा की तथा भविष्य के लिए हार्दिक शुभकामनाएं दीं। जब जैनधर्म की प्रार्थना नवीन संसद भवन में गूंज रही थी, तब पूरे विश्व के जैन समाज के लिए ये बेहद ही गौरवान्वित होने वाला पल था।

आचार्य लोकेश मुनि ने भी की प्रार्थना

सर्वधर्म प्रार्थना में आचार्य लोकेश मुनि ने भी विशेष प्रार्थना की तथा सभी धर्मगुरुओं ने अपने धर्म का प्रतिनिधित्व करते हुए बौद्ध प्रार्थना, ईसाई प्रार्थना, पारसी प्रार्थना, बहाई प्रार्थना, यहूदी प्रार्थना, गीता पाठ, कुरआन शरीफ से पाठ, गुरु ग्रन्थ साहिब से पाठ, शब्द कीर्तन आदि का वाचन विश्व कल्याण की भावना से किया। इस अवसर पर भारतीय डाक टिकट एवं वित्त मंत्रलाय द्वारा मुद्रा सिक्का भी जारी किया गया। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला एवं राज्य सभा के उपसभापति हरिवंश ने विचार व्यक्त किये। राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश ने महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के संदेश का वाचन भी किया।

इंदु जैन ने बताया अविस्मरणीय पल

कार्यक्रम के पश्चात् कई न्यूज चैनल ने सभी धर्मों के प्रतिनिधियों से बातचीत की। जब संवाददाताओं ने डॉ. इन्दु से इस ऐतिहासिक क्षण के अनुभव पूछे तो उन्होंने प्रधानमंत्री का हार्दिक आभार अभिनंदन करते हुए उनके मन में स्थापित सर्वधर्मसमभाव एवं भारत को विश्वगुरु बनाने की भावना की अनुमोदना की। डॉ. इन्दु ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि जैनधर्म के प्रथम तीर्थंकर आदिनाथ के ज्येष्ठ पुत्र भरत चक्रवर्ती जिनके नाम पर इस देश का नाम भारत हुआ, ऐसी पवित्र भारत भूमि पर लोकतंत्र का नया मंदिर भव्य रूप में स्थापित हो चुका है और मेरे लिए अविस्मरणीय क्षण हैं कि नवीन संसद भवन के भूमि पूजन एवं उद्घाटन समारोह दोनों ऐतिहासिक अवसरों पर मुझे जैनधर्म का प्रतिनिधित्व करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। समाचार चैनल के प्रश्नों के उत्तर देते हुए उन्होंने कहा कि यदि सभी लोग ‘अहिंसा परमो धर्म:’ , ‘जीयो और जीने दो’, ‘अनेकांतवाद’, माध्यस्थभाव आदि के दृष्टिकोण रखें तो विश्व में सभी समस्याओं का समाधान सम्भव है।

अनेक पुरस्कारों से हो चुकी हैं सम्मानित

ज्ञातव्य है कि जैनदर्शन, प्राकृत भाषा के प्रसिद्ध विद्वान प्रो. फूलचन्द जैन ‘प्रेमी’ एवं विदुषी डॉ. मुन्नी पुष्पा जैन,वाराणसी की सुपुत्री तथा समाजसेवी राकेश जैन की जीवनसंगिनी डॉ. इन्दु जैनधर्म-दर्शन-संस्कृति, प्राकृत संस्कृत हिन्दी- अपभ्रंश भाषा एवं साहित्य, ब्राह्मी लिपि, शाकाहार तथा भारतीय संस्कृति के संरक्षण-संवर्धन के लिए राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय रूप में निरंतर प्रचार-प्रसार का कार्य कर रहीं हैं। डॉ. इन्दु अनेक पुरस्कारों से सम्मानित हो चुकीं हैं तथा कई वर्षों से माननीय राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री एवं विशिष्ट जनों के सानिध्य में सरकार द्वारा आयोजित “सर्वधर्म प्रार्थना” सभा में “जैनधर्म” का प्रतिनिधित्व कर रही हैं।

आप को यह कंटेंट कैसा लगा अपनी प्रतिक्रिया जरूर दे।
+1
2
+1
0
+1
0
Shreephal Jain News

About the author

Shreephal Jain News

Add Comment

Click here to post a comment

You cannot copy content of this page