समाचार

हर्षोल्लास से मनाया श्रुत पंचमी महापर्व: पंचामृत अभिषेक के साथ 24 तीर्थंकर भगवान के पूजन में आम की चौबीसी चढ़ाई 


धर्मनगरी फलटण में आज सुबह वात्सल्य वारिधि पंचम पट्टाचार्य श्री वर्धमानसागर महाराज के सुशिष्य युगल मुनि श्री अपूर्वसागर महाराज, मुनि श्री अर्पितसागर महाराज के मंगल सान्निध्य में श्रुत पंचमी महापर्व बड़े हर्ष उल्लास के साथ मनाया गया। पढ़िए अशोक कुमार जेतावत की रिपोर्ट…


फलटण। धर्मनगरी फलटण में आज सुबह वात्सल्य वारिधि पंचम पट्टाचार्य श्री वर्धमानसागर महाराज के सुशिष्य युगल मुनि श्री अपूर्वसागर महाराज, मुनि श्री अर्पितसागर महाराज के मंगल सान्निध्य में श्रुत पंचमी महापर्व बड़े हर्ष उल्लास के साथ मनाया गया। बा. ब्र. नमन भैया ने बताया कि इस अवसर पर भगवान पार्श्वनाथ स्वामी जी का 23 द्रव्यों से भव्य पंचामृत अभिषेक किया गया तत्पश्चात माता सरस्वती पूजन, श्रुत स्कंध विधान, धवल-जयधवल-महाधवल ग्रंथो के पूजन के साथ आचार्य धरसेन, आचार्य पुष्पदंत, भूतबलि, प्रथमाचार्य श्री शांतिसागर, आचार्य श्री वर्धमान सागर महाराज सहित सभी आचार्यों के चरणों में अर्घ्य समर्पित किए गए। नवीन ग्रंथ गागर में सागर का विमोचन किया गया। 24 तीर्थंकर भगवान के पूजन में 24-24 आम की चौबीसी चढ़ाई गई।

यह शास्त्र अवतरण पर्व भी…

मुनि श्री अर्पितसागर जी ने श्रुत पंचमी महापर्व के महत्व को बताते हुए कहा कि ज्येष्ठ शुक्ल की पंचमी तिथि जैन परंपरा में सदियों से मनाई जा रही है। इस दिन शास्त्र भण्डारों में रखे प्राकृत, संस्कृत, अपभ्रंश आदि प्राचीन भाषाओं में हस्तलिखित प्राचीन मूल शास्त्रों को शास्त्र भण्डार से बाहर निकाल कर भगवान की वेदी के समीप विराजमान करके उनकी पूजा की जाती है। सुरक्षा की दृष्टि से शास्त्रों को बांधने वाले वस्त्र आदि को बदलकर उन्हें नए वस्त्रों में सुरक्षित किया जाता है। साथ ही अप्रकाशित दुर्लभ ग्रंथ प्रकाशित करने की योजनाएं बनाई जाती है। गृहस्थ लोग शास्त्रों की सुरक्षा के लिए शास्त्रों के प्रकाशन के लिए यथा शक्ति दान करते है। श्रुतपंचमी जैनधर्म में शास्त्र अवतरण का पर्व कहा जाता है। महावीर जयंती की तरह से ही इस ज्ञान पर्व को बडे़ उत्साह व श्रद्धा-आस्था के साथ मनाया जाता है। इस दिन शास्त्रों की विशेष पूजा-अर्चना के साथ विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं शोभा यात्राएं निकाली जाती हैं। यह पर्व ज्ञान आराधना का मांगलिक महापर्व है।

श्रुतकेवलियों ने अपने शिष्यों तक पहुंचाया 

जैनधर्म में आगम को भगवान महावीर की द्वादशांगवाणी के रूप में प्रस्तुत किया गया है। इसे भगवान महावीर के बाद से चली आ रही श्रुत परम्परा के अन्तर्गत आचार्यों के द्वारा जीवित रखा गया। इसके अंतर्गत तीर्थकर केवल उपदेश देते थे और उनके गणधर उसे ग्रहण कर सभी को समझाते थे। उनके मुख से जो वाणी जन कल्याण के लिए निकलती थी, वह अत्यन्त सरल एवं प्राकृत भाषा में ही होती थी, जो उस समय सामान्यतः बोली जाती थी। उनके अतिशय के कारण जो भी उसे सुनता था, उसे लगता था कि वह उसी की भाषा में कही गयी है और उसके हृदय को स्पर्श करती है। तीर्थकर भगवान महावीर ने अपने ग्यारह गणधरों अर्थात् श्रुतकेवलियों ने इन्हें इसी गुरू परंपरा के आधार पर अपने शिष्यों तक पहुंचाया।

ऐसे मिला श्रुतज्ञान जिसे लिपिबद्ध किया गया

भगवान महावीर की उत्तरवर्ती आचार्य परम्परा में लगभग दो हजार वर्ष पूर्व अग्रणी धरसेनाचार्य का नाम आता है। गुजरात प्रान्त में स्थित श्री गिरनार पर्वत की चन्द्र गुफा में वयोवृद्ध आचार्यरत्न परम पूज्य 108 धरसेनाचार्य महाराज जप तप ध्यान और स्वाध्याय में निमग्न थे। वे एक दिन विचार करने लगे कि जैन दर्शन और सिद्धांत का जो ज्ञान अभी तक अर्जित कर पाया हॅू वह मेरी जिव्हा तक सीमित है, भविष्य में जब मेरी समाधि हो जाएगी तो सम्पूर्ण ज्ञान भी विलुप्त हो जाएगा, अतः उन्होंने दक्षिण पथ की महिमा नगरी के मुनि सम्मेलन को श्रुत रक्षा सम्बन्धि पत्र लिखा। उनके पत्र की व्यथा से पूज्य अर्हदबलि वात्सल्य से द्रवीभूत हो गए और उन्होंने अपने संघ के युवा तथा विद्धान मुनिद्वय श्री पुष्पदन्त एवं श्री भूतबलि को गिरनार पहुंचकर ग्रंथ लेखन की आज्ञा दे दी। फलतः दोनों परम प्रतापी मुनिराज गिरनार पर्वत की ओर विहार कर गए। जब वे दो मुनि गिरनार की ओर आ रहे थे, तब यहां श्री धरसेनाचार्य ऐसा शुभ स्वप्न देखा कि दो श्वेत वृषभ आकर उनकी विनय पूर्वक वंदना कर रहे हैं। आचार्य श्री महान प्रज्ञाश्रमण थे वे स्वप्न का अर्थ समझ गए कि दो योग्य मुनि दक्षिण से मेरी ओर आ रहे हैं। उन्हें अपार हर्ष हुआ, उन्हें विश्वास हो गया कि अब श्रुत लेखन का कार्य संभव हो सकेगा, अतः खुशी के वेग में उनके मुख से दो शब्द स्फुर हो पडे़ हो ‘‘जयदु सुद देवदा’’ अर्थात् श्रुत की जय हो। दूसरे दिन दोनों मुनिवर वहां आ पहुंचे और विनय पूर्वक उन्होंने आचार्य के चरणों में वंदना की। दो दिन पश्चात श्रीधरसेनाचार्य ने विद्यामंत्र देकर उनकी परीक्षा की। एक को अधिकाक्षरी और दूसरे को हीनाक्षरी मंत्र बताकर उनसे उन्हें षष्ठोपवास से सिद्ध करने को कहा। जब मंत्र सिद्ध हुआ तो एक के समक्ष दीर्घ दन्त वाली ओर दूसरे के सम़क्ष एकाक्षी चेहरे वाली देवी प्रकट हुई। उन्हें देखते ही मुनियों ने समझ लिया कि आचार्य श्री द्वारा मंत्र लेखन में सोच समझकर कोई त्रुटि की गई है। उन्होंने पुनः मंत्रों को शुद्ध करके सिद्ध किया जिसमें देवियां अपने स्वाभाविक सौम्य रूप में प्रकट हुई। आचार्यश्री को उनकी सुपात्रता पर विश्वास हो गया। अतः उन्हें अपना शिष्य बनाकर उन्हें सैद्धान्तिक देशना दी। यह श्रुत अभ्यास आषाढ़ शुक्ला एकादशी को समाप्त हुआ। आचार्य भूतवलि और आचार्य पुष्पदन्त ने धरसेनाचार्य की सैद्धान्तिक देशना को श्रुतज्ञान द्वारा स्मरण कर उसे षट्खण्डागम नामक महान जैन परमागम के रूप में रचकर ज्येष्ठ शुक्ल पंचमी के दिन प्रस्तुत किया। इस शुभ अवसर पर अनेक देवी-देवताओं ने तीर्थंकरों की द्वादशांग वाणी के अंतर्गत महामंत्र णमोकार से युक्त जैन परमागम षट्खण्डागम की पूजा की तथा सबसे बड़ी विशेषता यह रही कि इस दिन से श्रुत परंपरा को लिपिबद्ध परम्परा के रूप में प्रारंभ किया गया।

जैन साहित्य भारतीय संस्कृति का अक्षय भंडार


यह दिवस शास्त्र उन्नयन के अंतर्गत श्रुतपंचमी के नाम से प्रसिद्ध हुआ। सबसे बड़ी विशेषता यह रही कि इस दिन से श्रुत परम्परा को लिपिबद्ध परम्परा के रूप में प्रारंभ किया गया तथा पुस्तकारूढ़ किया गया। यह दिवस शास्त्र उन्नयन के अंतर्गत ‘श्रुतपंचमी’ नाम से प्रसिद्ध हुआ। दूसरे रूप में इसे ‘शास्त्र दिवस’ के नाम से भी संबोधित किया गया। जैन परम्परा का साहित्य भारतीय संस्कृति का अक्षय भण्डार है। जैनाचार्यों ने ज्ञान-विज्ञान की विविध विधाओं पर विपुल मात्रा में स्वपरोपकार की भावना से साहित्य का सृजन किया। आज भी अनेक शास्त्र-भण्डारों में हस्तलिखित प्राचीन ग्रंथ विद्यमान हैं, जिनकी सुरक्षा, प्रचार-प्रसार, संपादन, अनुवाद की आज की आवश्यकता है। समस्त आयोजन बड़े आनंद के साथ जिनवाणी माता का गुणगान करते हुए भक्ति भाव सहित संपन्न हुए। समाज के सभी गणमान्य लोगों ने युगल मुनि श्री को वर्षायोग 2023 के लिए श्रीफल चढ़ाकर निवेदन किया।

आप को यह कंटेंट कैसा लगा अपनी प्रतिक्रिया जरूर दे।
+1
6
+1
0
+1
0
Shreephal Jain News

About the author

Shreephal Jain News

Add Comment

Click here to post a comment

You cannot copy content of this page