समाचार सम्मेदशिखर

सम्मेद शिखर : डॉ.वीरेन्द्र हेगड़े केन्द्रीय पर्यटन मंत्री से मिले, केन्द्रीय मंत्री ने दिया भरोसा, जैन समुदाय का रखेंगे मान

अपनी भेंट का फोटो सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए डॉक्टर वीरेन्द्र हेगड़े ने बताया कि केन्द्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी ने उन्हें जैन समाज की भावनाओं के अनुरुप कार्य करने का भरोसा दिलाया है ।

कौन है डॉ.वीरेन्द्र हेगड़े जानिए

73 वर्षीय डॉक्टर वीरेंद्र हेगड़े जैन समुदाय से आने वाले डॉक्टर हेगड़े कर्नाटक के धर्मस्थल मंदिर के धर्माधिकारी हैं । उन्हें अपने दान और सामाजिक कार्यों के लिए कई अवॉर्ड भी मिल चुके हैं । इनमें कर्नाटक का सबसे बड़ा पुरस्कार कर्नाटक रत्न भी शामिल है । इसके अलावा उन्हें प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के शासन के दौरान साल 2000 में पद्म भूषण से सम्मानित किया जा चुका है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शासन के दौरान 2015 में उन्हें पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया था । वीरेंद्र हेगड़े का जन्म 25 नवंबर 1948 को कर्नाटक के दक्षिण कन्नड़ स्थित बंटवाल तालुका में हुआ था। वे धर्माधिकारी रत्नवर्मा हेगड़े के सबसे बड़े बेटे हैं। वे कर्नाटक के दक्षिण कन्नड़ जिले में स्थित श्री धर्मस्थल मंजुनाथ स्वामी मंदिर के अनुवांशिक ट्रस्टी हैं। जैन समुदाय से होने के बावजूद वीरेंद्र हेगड़े का परिवार कई हिंदू समुदाय के मंदिरों के भी ट्रस्टी हैं ।

इन कार्यों के कारण डॉ.वीरेन्द्रे हेगड़े का है सम्मान
वीरेंद्र हेगड़े को जैन समुदाय की करीब छह सौ साल पुरानी परंपरा को आगे बढ़ाने के लिए जाना जाता है । इतना ही नहीं कला और संस्कृति के प्रचार में भी उनका अहम योगदान रहा है । नैचुरोपैथी, योगा और नैतिक शिक्षा के प्रसार के लिए धर्मस्थल से जुड़े 400 हाईस्कूल और प्राइमरी टीचर हर साल इन विषयों में 30,000 छात्रों को शिक्षा देते हैं । डॉ. हेगड़े 1972 से लेकर अब तक श्री क्षेत्र धर्मस्थल में हर साल सामूहिक विवाह कार्यक्रम भी करा रहे हैं ।

इन कार्यक्रमों के जरिए हजारों जोड़ों की शादी कराई जा चुकी है । इसके अलावा गरीब वर्ग के लिए हेगड़े ने बेंगलुरु, मैसूर समेत कई और शहरों में मैरिज हॉल भी खोले हैं । वीरेंद्र हेगड़े को कर्नाटक के तटीय क्षेत्र में ग्रामीण विकास प्रोजेक्ट्स को बढ़ावा देने के लिए भी जाना जाता है । उनके योगदान से अलग-अलग क्षेत्र के 600 गांवों और छह शहरों का विकास कार्य हुआ है । इन जगहों पर हेगड़े ने कृषि, तकनीक, महिला सशक्तीकरण, शिक्षा और स्वास्थ्य से जुड़े प्रोजेक्ट शुरू कराए हैं । हेगड़े कर्नाटक के गांवों में सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने से जुड़े कार्यक्रम भी चला रहे हैं ।

आप को यह कंटेंट कैसा लगा अपनी प्रतिक्रिया जरूर दे।
+1
1
+1
0
+1
0
Shreephal Jain News

You cannot copy content of this page