एक से छह फरवरी तक पंच कल्याणक प्रतिष्ठा कार्यक्रम

धौलपुर. मनोज नायक | –मुरैना हाईवे पर जैन धर्म के लिए एक विशिष्ट स्थान विकसित हो रहा है । ये स्थान है, ज्ञानतीर्थ क्षेत्र, जैन मंदिर । एक से छह फरवरी तक श्री आदिनाथ मज्जिनेन्द्र पंचकल्याणक प्रतिष्ठा एवं विश्व शांति महायज्ञ का विशाल एवं भव्य आयोजन किया जा रहा है । विशेष बात यह है कि यह आयोजन गणिनी आर्यिका स्वस्तिभूषण माताजी के निर्देशन में आयोजित होने जा रहा है ।
ज्ञानतीर्थ में भक्ति व आस्था की बहेगी धारा
ज्ञानतीर्थ पर संयम साधना में रत वा. व्र. बहिन अनीता दीदी द्वारा प्रदत्त जानकारी के अनुसार स्वस्तिधाम प्रणेत्री, भारत गौरव गणिनी आर्यिका श्री 105 स्वस्तिभूषण माताजी ससंघ ने लगभग एक माह पूर्व जयपुर से ज्ञानतीर्थ मुरैना के लिए विहार किया । आर्यिका माताजी संघ श्री अतिशय क्षेत्र महावीर जी, करौली, सरमथुरा, बाड़ी-बसेड़ी पद विहार करते हुए इस समय धौलपुर में विराजमान हैं ।
आर्यिका स्वास्तिका माताजी का ऐसे होगा मंगल प्रवेश
आर्यिका संघ का शनिवार 24 दिसम्बर को दोपहर 2 बजे जैन मंदिर धौलपुर से ज्ञानतीर्थ मुरैना के लिए पद विहार होगा । रास्ते में रात्रि विश्राम के बाद पूज्य माताजी रविवार 25 दिसम्बर को सुबह 09 बजे श्री ज्ञानतीर्थ क्षेत्र पर मंगल प्रवेश करेंगीं । मंगल प्रवेश के समय सौभाग्यशाली महिलाएं सिर पर मंगल कलश रखकर माताजी की अगवानी करेंगी और प्रवेश द्वार पर रंगोली-चौक बनाकर माताजी का पाद प्रक्षालन कर आरती करेंगी ।
स्वस्तिभूषण माताजी का पहली बार हो रहा प्रवेश
प्राप्त जानकारी के अनुसार गणिनी आर्यिका स्वस्तिभूषण माताजी का ज्ञानतीर्थ क्षेत्र पर प्रथमबार आगमन को देखते हुए जैन समाज में सर्वत्र हर्ष व्याप्त है । ज्ञानतीर्थ क्षेत्र कमेटी द्वारा माताजी के मंगल प्रवेश को लेकर भव्य तैयारियां की जा रही हैं । इस पावन अवसर पर ज्ञानतीर्थ जैन मंदिर को आकर्षक ढंग से सजाया जा रहा है ।
पूज्य आर्यिका संघ की अगवानी के लिए समस्त साधर्मी बन्धु घड़ियाल केंद्र देवरी पर एकत्रित होंगे । घड़ियाल केंद्र से विशाल एवं भव्य शोभायात्रा प्रारंभ होगी । जिसमें बैंड बाजे के साथ साथ सभी महिला मंडल की महिलाएं एवं बालिका मंडल की बालिकाएं अपनी अपनी आकर्षक परिधान में मौजूद रहेंगी ।
ज्ञानतीर्थ महाआराधक परिवार एवं सकल जैन समाज मुरेना ने सभी साधर्मी बन्धुओं, माता-बहिनों, युवा साथियों से अधिकाधिक संख्या में 25 दिसम्बर को सुबह सात बजे घड़ियाल केंद्र पहुँचकर पूज्य आर्यिका संघ की अगवानी एवं शोभायात्रा में सम्मिलित होने की अपील की है ।












