सम्मेद शिखर बचाने एकजुट होता दिखा जयपुर
दिगम्बर,श्वेतांबर सकल जैन समाज की महत्वपूर्ण बैठक
महावीर स्कूल में दिगम्बर-श्वेताबंर संतों का समागम

जयपुर,18 दिसम्बर – जैन धर्म के शाश्वत् तीर्थराज श्री सम्मेदशिखरजी को झारखण्ड सरकार की ओर से पर्यटन स्थल (टूरिस्ट प्लेस) घोषित किए के विरोध में आगामी रविवार,25 दिसम्बर को जयपुर सहित पूरे प्रदेश में सकल जैन समाज द्वारा मौन रैलियां निकाली जाकर विरोध में ज्ञापन सौंपे जाएंगे।
जयपुर में यहां से निकाली जाएगी विरोध प्रदर्शन रैली
जयपुर में रामनिवास बाग स्थित अल्बर्ट हॉल से मौन रैली रवाना होकर जौहरी बाजार, त्रिपोलिया बाजार, किशनपोल बाजार,अजमेरी गेट,एम आई रोड होते हुए महावीर स्कूल पहुंचेगी जहां दिगम्बर एवं श्वेताम्बर जैन संतों के सानिध्य में धर्म सभा का आयोजन किया जाएगा ।
जयपुर के सम्पूर्ण दिगम्बर एवं श्वेताम्बर जैन समाज की रविवार, 18 दिसम्बर, को नारायण सिंह सर्किल स्थित भट्टारक जी की नसियाँ में आयोजित हुई बैठक में सर्वसम्मति आंदोलन का स्वरूप तैयार किया गया ।
समाज के महिला व युवा मंडल भी करेंगे आंदोलन
सभा में दिगम्बर एवं श्वेताम्बर समाजों के गणमान्य लोगों के साथ संस्थाओं, संगठनों, महिला मण्डलों, युवा मण्डलों, जैन सोश्यल ग्रुप, दिगम्बर जैन सोशल ग्रुप, सहित मन्दिरों के मुख्य प्रतिनिधि जुटें और इस मामले में आगे की रणनीति तय की । भारतवर्षीय दिगम्बर जैन तीर्थ क्षेत्र कमेटी के आव्हान पर राजस्थान जैन सभा जयपुर द्वारा आयोजित इस बैठक में विश्व शांति प्रदायक णमोकार महामंत्र के तीन बार सामूहिक उच्चारण पश्चात मनीष चौधरी द्वारा मंगलाचरण किया गया और श्री सम्मेद शिखर जी के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
इसके बाद, शाश्वत सिद्ध क्षेत्र श्री सम्मेद शिखर के चित्र के समक्ष गणमान्य श्रेष्ठीजनों ने दीप प्रज्ज्वलन किया । भारतवर्षीय दिगम्बर जैन तीर्थक्षेत्र कमेटी राजस्थान अंचल के अध्यक्ष राजकुमार कोठ्यारी ने अब तक हुई प्रगति पर प्रकाश डाला ।
इन गणमान्य लोगों ने तय की आंदोलन की रणनीति
सभा में महावीर जी क्षेत्र कमेटी के अध्यक्ष सुधांशु कासलीवाल,उप महापौर पुनीत कर्णावट, भारतवर्षीय दिगम्बर जैन तीर्थ क्षेत्र कमेटी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एन के सेठी, श्वेताम्बर जैन समाज से राज कुमार बरडिया, प्रमोद दरडा, महेन्द्र सिंघवी, दिगम्बर जैन समाज के राजेन्द्र के शेखर, बाबूलाल ठेकेदार, जस्टिस एन के जैन, सुधीर जैन, हेमन्त सोगानी, रमेश जैन तिजारिया, महेश काला,शीला डोड्या, अशोक जैन नेता,भानू छाबड़ा, विनोद जैन कोटखावदा,रवि जैन सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे ।
ये है सकल जैन समाज की रणनीति
राजस्थान जैन सभा के अध्यक्ष सुभाष चन्द जैन ने आंदोलन की रणनीति सामने रखते हुए कहा कि पूरा आंदोलन अहिंसात्मक होगा । पूरे प्रदेश में मौन रैलियां निकाली जाएंगी । साथ ही भारत सरकार द्वारा झारखंड सरकार की अनुशंसा पर जारी अधिसूचना को रद्द करने के लिए की मांग को लेकर महामहिम राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल, मुख्यमंत्री,सांसद आदि को ज्ञापन दिया जाएगा । कार्यक्रम में राजस्थान जैन युवा महासभा के प्रदेश महामंत्री एवं राजस्थान जैन सभा के मंत्री विनोद जैन कोटखावदा ने भी अपने विचार व्यक्त किए । राजस्थान जैन सभा के अध्यक्ष सुभाष चन्द जैन एवं भारतवर्षीय दिगम्बर जैन तीर्थ क्षेत्र कमेटी राजस्थान अंचल के अध्यक्ष राज कुमार कोठ्यारी भी इस बैठक में शामिल रहे ।
सम्मेद शिखर को बचाने साधु-संत हुए एकजुट
दिगम्बर जैन समाज के आचार्य सुनील सागर महाराज 60 पिच्छी, आचार्य शशांक सागर महाराज, उपाध्याय ऊर्जयन्तसागर महाराज, खरतरगच्छ श्वेताम्बर जैन समाज के आचार्य जिनपीयूष सागरजी, मुनिश्री सम्यक्सागर जी, साध्वी शशीप्रभा, साध्वी मणिप्रभाजी, साध्वी श्री चन्दन बालाजी के दिशानिर्देशन में यह बैठक हुई ।
ताली बजाने का नहीं, ताल ठोकने का समय है
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि जैन समाज अहिंसा को मानने वाला है, यह शांतिप्रिय के लोग है पर अब ताली बजाने और बारा लगाने का समय नहीं है बल्कि ‘ताल‘ ठोकने का समय है। उन्होंने कहाँ कि देश की आजादी में बड़ी संख्या में जैन समाज के लोगों ने भी अपनी भूमिका निभाई है। हम अहिंसक है लेकिन कायर नहीं ।
*20 तीर्थंकर की मोक्षस्थली है सम्मेद शिखर
राजस्थान जैन सभा के महामंत्री मनीष बैद ने बताया कि दोनों संस्थाओं के राजकुमार कोठ्यारी एवं सुभाष चन्द जैन ने सभा को सम्बोधित करते हुए कहाँ कि सम्पूर्ण जैन समाज अपने पवित्र स्थल जो कि धर्म के कुल 24 तीर्थंकरों में से 20 तीर्थंकर भगवान की मोक्षस्थली है। \उसको किसी भी कीमत पर पर्यटन क्षेत्र नहीं बनने देगी । जैन समाज ने मौन रैलियां निकालने के लिए रविवार रात से ही तहसील,कस्बों और गांवों में जन-संपर्क शुरु कर दिया है












