धामनोद के समीप बिखरोंन स्थित श्री पार्श्वनाथ दिगंबर जैन अतिशय मंदिर में अष्टानिका महापर्व के अंतर्गत प्रतिदिन अभिषेक, शांतिधारा, पूजन एवं नंदीश्वर द्वीप पूजन श्रद्धाभाव से सम्पन्न हो रहा है। श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह दिखाई दे रहा है। पढ़िए श्रीफल साथी दीपक प्रधान की यह रिपोर्ट।
धामनोद। धामनोद के समीप स्थित श्री पार्श्वनाथ दिगंबर जैन अतिशय मंदिर, बिखरोंन में अष्टानिका महापर्व के अवसर पर प्रतिदिन विविध धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ किया जा रहा है। मंदिर परिसर में धर्ममय वातावरण के बीच बड़ी संख्या में श्रावक-श्राविकाएं धर्मलाभ प्राप्त कर रहे हैं।
अभिषेक एवं शांतिधारा का हुआ आयोजन
जैन समाज के मीडिया प्रभारी यश जैन एवं समाज अध्यक्ष दीपक प्रधान ने बताया कि श्री चौबीस तीर्थंकर भगवान की प्रतिमाओं का अभिषेक एवं शांतिधारा बोली के माध्यम से सम्पन्न हुई। इसके पश्चात श्रद्धापूर्वक आरती एवं नित्य पूजन किया गया।
नंदीश्वर द्वीप पूजन में उमड़ा उत्साह
महापर्व के अंतर्गत श्री नंदीश्वर द्वीप पूजन भी विधि-विधान से सम्पन्न हुआ। पूजन के दौरान उपस्थित श्रावक-श्राविकाएं भक्ति में भावविभोर होकर जिनेन्द्र भक्ति में लीन दिखाई दिए। रिमझिम वर्षा के बीच मंदिर परिसर का वातावरण और भी आध्यात्मिक एवं आनंदमय बन गया।
मंदिर की आकर्षक सजावट
समाज सचिव प्रभा प्रधान ने बताया कि अष्टानिका महापर्व के उपलक्ष्य में मंदिर को आकर्षक सजावट एवं रोशनी से अलंकृत किया गया है, जिससे पूरे परिसर में धार्मिक उल्लास का वातावरण बना हुआ है।
समाज का मिल रहा सहयोग
कार्यकारिणी सदस्य विनय जैन, मुकेश भाई जैन एवं पंडित नितिन जैन ने बताया कि महापर्व के सफल आयोजन में समाज कमेटी एवं सभी समाजजनों का सराहनीय सहयोग प्राप्त हो रहा है। सभी श्रद्धालु उत्साहपूर्वक धार्मिक आयोजनों में सहभागिता निभा रहे हैं।













Add Comment