इंदौर चातुर्मास 2026 से पूर्व मध्यप्रदेश शासन ने राष्ट्रसंत मुनि पुंगव 108 श्री सुधासागर जी महाराज को राजकीय अतिथि घोषित किया। सुमित धाम गोधा स्टेट में धर्मसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने मानवीय मूल्यों और गुरु आज्ञा पालन का प्रेरक संदेश दिया। पढ़िए श्रीफल साथी राजीव सिंघई की यह रिपोर्ट।
इंदौर। इंदौर में 26 जुलाई को होने वाले भव्य मंगल प्रवेश से पूर्व राष्ट्रसंत, निर्यापक श्रमण मुनि पुंगव 108 श्री सुधासागर जी महाराज ससंघ को मध्यप्रदेश शासन द्वारा राजकीय अतिथि घोषित किए जाने की घोषणा से श्रद्धालुओं में हर्ष का वातावरण है। इस अवसर पर सुमित धाम गोधा स्टेट में आयोजित विशाल धर्मसभा में हजारों श्रद्धालुओं ने गुरुवर का मंगल सान्निध्य प्राप्त किया।
मानवीय मूल्यों को सुदृढ़ करने का आह्वान
धर्मसभा को संबोधित करते हुए मुनि पुंगव श्री सुधासागर जी महाराज ने कहा कि समाज में मानवीय मूल्यों को मजबूत करने के लिए निरंतर प्रयास आवश्यक हैं। उन्होंने सूर्य का उदाहरण देते हुए कहा कि जैसे सूर्य बिना रुके सभी को प्रकाश देता है, उसी प्रकार मनुष्य को भी सद्गुणों और सम्मान की भावना के साथ जीवन जीना चाहिए। उन्होंने कहा कि जो दूसरों का सम्मान करता है, वही वास्तविक सम्मान का अधिकारी बनता है।
राजकीय अतिथि घोषित होने पर हर्ष
जिज्ञासा समाधान कार्यक्रम में मध्यप्रदेश महासभा संयोजक विजय धुर्रा ने जानकारी दी कि मध्यप्रदेश शासन ने मुनि पुंगव श्री सुधासागर जी महाराज को राजकीय अतिथि का दर्जा प्रदान किया है। उन्होंने कहा कि गुरुदेव का चिंतन सदैव राष्ट्र, समाज, संस्कृति और नैतिक मूल्यों के उत्थान के लिए समर्पित रहा है। यह सम्मान संत परंपरा और धर्म प्रभावना का भी सम्मान है।
सुमित धाम गोधा स्टेट में हुआ भव्य मंगल प्रवेश
सेटेलाइट नगर से मंगल विहार करते हुए मुनि संघ अठारह पिच्छिकाओं सहित सुमित धाम गोधा स्टेट पहुँचा, जहाँ सपना-मनीष गोधा ने श्रीफल अर्पित कर पाद प्रक्षालन के साथ भव्य अगवानी की। श्रद्धालुओं ने जयघोषों के बीच गुरुवर का स्वागत किया।
‘मेरे बस की बात नहीं’ शब्द का करें त्याग
अपने प्रेरक उद्बोधन में गुरुदेव ने कहा कि जीवन में कभी भी “मेरे बस की बात नहीं” जैसे नकारात्मक शब्दों का प्रयोग नहीं करना चाहिए। यदि गुरु की आज्ञा और विश्वास साथ हो तो प्रत्येक कार्य संभव हो सकता है। उन्होंने कहा कि सकारात्मक संकल्प, गुरु भक्ति और आत्मविश्वास व्यक्ति के जीवन में सफलता का मार्ग प्रशस्त करते हैं।
26 जुलाई को होगा इंदौर में मंगल प्रवेश
इंदौर में वर्षायोग चातुर्मास 2026 के लिए मुनि पुंगव श्री सुधासागर जी महाराज का भव्य मंगल प्रवेश 26 जुलाई को होगा। धर्म प्रभावना समिति एवं सकल जैन समाज द्वारा इसकी व्यापक तैयारियाँ की जा रही हैं। विजय धुर्रा ने समाजजनों से आह्वान किया कि हर घर और हर हृदय में चातुर्मास की तैयारी हो, तभी इस महापर्व का आनंद कई गुना बढ़ेगा।













Add Comment