महरौनी जैन समाज का प्रतिनिधिमंडल मध्यप्रदेश के कुटोरा (घुवारा) पहुंचकर मुनि श्री विकौशल सागर जी महाराज के दर्शन किए तथा वर्ष 2026 का चातुर्मास महरौनी में करने का विनम्र आग्रह किया। पढ़िए श्रीफल साथी राजीव सिंघाई की यह रिपोर्ट।
महरौनी। श्री दिगंबर जैन समाज महरौनी के पदाधिकारियों एवं प्रमुख श्रेष्ठियों का एक प्रतिनिधिमंडल मध्यप्रदेश के छतरपुर जिले स्थित कुटोरा (घुवारा) पहुंचा। यहां प्रतिनिधिमंडल ने परम पूज्य मुनि श्री विकौशल सागर जी महाराज के दर्शन कर उनके मंगलमय आशीर्वचन एवं धर्मोपदेश का लाभ प्राप्त किया।
श्रद्धाभाव से किया पाद प्रक्षालन एवं शास्त्र भेंट
दर्शन उपरांत समाजजनों ने अत्यंत श्रद्धा एवं भक्ति के साथ मुनि श्री का पाद प्रक्षालन किया तथा विनयपूर्वक जैन शास्त्र भेंट कर जिनशासन एवं धर्म प्रभावना के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की। पूरे कार्यक्रम के दौरान वातावरण भक्तिमय बना रहा।
चातुर्मास हेतु किया विनम्र निवेदन
श्री दिगंबर जैन समाज महरौनी की ओर से प्रतिनिधिमंडल ने वर्ष 2026 का पावन चातुर्मास महरौनी में सम्पन्न कराने का भावपूर्ण आग्रह किया। समाज के पदाधिकारियों ने कहा कि गुरुदेव के चातुर्मास से क्षेत्र के श्रद्धालुओं को धर्म, संयम, स्वाध्याय एवं संस्कारों का अमूल्य लाभ मिलेगा तथा नगर का धार्मिक वातावरण और अधिक सशक्त होगा।
मुनि श्री ने दिया धर्ममार्ग पर चलने का संदेश
मुनि श्री विकौशल सागर जी महाराज ने समाजजनों की श्रद्धा, भक्ति एवं समर्पण भाव की सराहना करते हुए सभी को धर्ममार्ग पर निरंतर अग्रसर रहने, जिनवाणी के अध्ययन तथा संयममय जीवन अपनाने की प्रेरणा दी। साथ ही उन्होंने समस्त समाज को मंगलमय आशीर्वाद प्रदान किया।
समाज ने जताई आशा
कार्यक्रम में श्री दिगंबर जैन समाज महरौनी के पदाधिकारी, वरिष्ठजन, युवा वर्ग एवं अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे। प्रतिनिधिमंडल ने विश्वास व्यक्त किया कि गुरुदेव की मंगल कृपा से महरौनी को वर्ष 2026 के चातुर्मास का सौभाग्य प्राप्त होगा।













Add Comment