समाचार

भगवान मुनिसुव्रतनाथ की प्रतिमा की भव्य शोभायात्रा : आज सुखोदय तीर्थ नौगामा में होगी 15 फीट ऊंची प्रतिमा की प्रतिष्ठा


भगवान मुनिसुव्रतनाथ की 15 फीट ऊंची प्रतिमा की विशाल शोभायात्रा विरोदय तीर्थ से बड़ोदिया, कलिंजरा और बागीदौरा होते हुए श्रद्धा एवं भक्ति के साथ निकाली गई। 12 जुलाई को नौगामा स्थित सुखोदय तीर्थ में प्रतिमा प्रतिष्ठा होगी। पढ़िए श्रीफल साथी सुरेश चंद्र गांधी की यह रिपोर्ट।


नौगामा। भगवान मुनिसुव्रतनाथ की 15 फीट ऊंची प्रतिमा की प्रतिष्ठा महोत्सव के तहत विरोदय तीर्थ से भव्य शोभायात्रा का शुभारंभ हुआ। प्रतिमा बड़ोदिया, कलिंजरा एवं बागीदौरा पहुंची, जहां जैन समाज एवं सकल समाज के श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव से स्वागत कर श्रीफल अर्पित किए और मंगल दर्शन का लाभ लिया।

जयकारों से गूंजा मार्ग

शोभायात्रा में बैंड-बाजों की मधुर धुनों पर पंचरंगी जैन धर्म ध्वज लिए युवा भक्ति में झूमते नजर आए। भगवान मुनिसुव्रतनाथ के जयकारों और भक्तिमय भजनों से पूरा वातावरण धर्ममय हो गया। श्रद्धालुओं ने विभिन्न स्थानों पर पुष्पवर्षा एवं श्रीफल अर्पित कर प्रतिमा का अभिनंदन किया।

विभिन्न नगरों में हुआ भव्य स्वागत

बड़ोदिया में तिलकदान की बोली के माध्यम से श्रद्धालुओं ने अपनी भक्ति व्यक्त की। कलिंजरा में दिगंबर जैन समाज एवं सकल समाज ने बैंड-बाजों, जयघोष और मंगल कलश के साथ प्रतिमा की अगवानी की। बागीदौरा में भी बस स्टैंड पर विशाल स्वागत समारोह आयोजित किया गया तथा रात्रि में भजन संध्या एवं धार्मिक कार्यक्रम संपन्न हुए।

आज निकलेगी विशाल नगर शोभायात्रा

जैन समाज के प्रवक्ता सुरेश चंद्र गांधी ने बताया कि 12 जुलाई को प्रातः प्रज्ञा पेट्रोल पंप से विशाल शोभायात्रा निकलेगी। शोभायात्रा में हाथी पर धर्मेन्द्र के रूप में पंचोली गीतांश विपुल जी विराजमान रहेंगे। महिलाओं के मंगल कलश, बालिकाओं की धर्म ध्वजाएं एवं बैंड-बाजों के साथ शोभायात्रा नगर भ्रमण करते हुए सुखोदय तीर्थ पहुंचेगी।

प्रतिष्ठा महोत्सव की भव्य तैयारियां

सुखोदय तीर्थ में प्रतिष्ठाचार्य प्रदीप भैया के सान्निध्य में प्रातः 11 बजे वैदिक मंत्रोच्चार के मध्य भगवान मुनिसुव्रतनाथ की प्रतिमा मूल वेदी पर विराजमान कराई जाएगी। पूरे नगर को तोरण द्वार, रंगोली एवं धार्मिक सजावट से सुसज्जित किया गया है। आयोजन में लगभग 10 हजार श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।

आप को यह कंटेंट कैसा लगा अपनी प्रतिक्रिया जरूर दे।
+1
0
+1
0
+1
0
Shree Phal News

About the author

Shree Phal News

Add Comment

Click here to post a comment

You cannot copy content of this page