उदयपुर मार्ग स्थित बस्सी के आदि वात्सल्य तीर्थ धाम, अतिशय क्षेत्र में धर्मालंकार आचार्य श्री रयण सागर जी महाराज के गुरु मंदिर का प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव 5 एवं 6 जुलाई को विविध धार्मिक अनुष्ठानों एवं आचार्यों के सान्निध्य में आयोजित होगा। पढ़िए श्रीफल साथी की यह रिपोर्ट।
सलूम्बर। उदयपुर मार्ग पर सलूम्बर के समीप बस्सी स्थित पहाड़ी पर विराजमान आदि वात्सल्य तीर्थ धाम, अतिशय क्षेत्र में धर्मालंकार आचार्य श्री रयण सागर जी महाराज के गुरु मंदिर का भव्य प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव 5 एवं 6 जुलाई को आयोजित किया जाएगा। यह आयोजन आचार्य श्री समता सागर जी गुरुदेव, प्रज्ञाश्रमण वागड़ केसरी आचार्य श्री चंद्रगुप्त जी गुरुदेव ससंघ, ब्रह्मचारिणी निर्मला दीदी एवं क्षेत्र अधिष्ठाता नितिन जैन के सान्निध्य में संपन्न होगा।

प्रतिष्ठाचार्यों के सान्निध्य में होंगे धार्मिक अनुष्ठान
आयोजन प्रतिष्ठाचार्य पंडित विनोद पगारिया “विरल” (सागवाड़ा) तथा प्रतिष्ठाचार्य अरविंद जैन (रामगढ़) के निर्देशन में सम्पन्न होगा। सागवाड़ा में जन्मे समाधिस्थ धर्मालंकार आचार्य रयण सागर जी महाराज की स्मृति में निर्मित गुरु मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर व्यापक तैयारियां की गई हैं।
5 जुलाई को होंगे मांगलिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम
आयोजन समिति के नितिन जैन ने बताया कि 5 जुलाई, रविवार को प्रातः 6 बजे मांगलिक ध्वजारोहण होगा। इसके पश्चात अभिषेक, पूजा-प्रस्तावना, श्रीजी का अभिषेक एवं शांतिधारा, नित्य नियम पूजन, यागमंडल विधान अर्चना तथा वास्तु मंडल अर्चना संपन्न होगी। सायं 7 बजे आचार्य उद्बोधन, जिज्ञासा समाधान, आरती एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
6 जुलाई को होगी गुरु प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा
सोमवार, 6 जुलाई को प्रातः जाप्य अनुष्ठान, जिनेन्द्र भगवान का अभिषेक, शांतिधारा एवं नित्य नियम पूजन के बाद नवनिर्मित गुरु मंदिर में वेदी शुद्धि संस्कार एवं वेदी धाम सम्प्रोक्षण क्रिया संपन्न होगी। इसके उपरांत गुरु प्रतिमा प्रतिष्ठा विधि के साथ नूतन वेदी पर आचार्य रयण सागर जी महाराज के गुरु बिंब की स्थापना की जाएगी। विश्व शांति महायज्ञ की पूर्णाहुति के साथ दो दिवसीय प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का समापन होगा।
देशभर से जुटेंगे श्रद्धालु
आयोजन समिति के अनुसार महोत्सव में वागड़, मेवाड़ सहित देशभर से जैन समाज के श्रद्धालु, संत भक्त एवं आचार्य रयण सागर जी महाराज के अनुयायी बड़ी संख्या में भाग लेंगे। आयोजन को लेकर क्षेत्र में धार्मिक उत्साह एवं भक्ति का वातावरण बना हुआ है।













Add Comment