अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर धामनोद में भारत विकास परिषद एवं लायंस क्लब धामनोद प्लेटिनम के संयुक्त तत्वावधान में योगाभ्यास और रन फॉर हेल्थ मैराथन का आयोजन किया गया। सैकड़ों नागरिकों ने सहभागिता कर स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया। पढ़िए श्रीफल साथी दीपक प्रधान की यह रिपोर्ट।
धामनोद। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर धामनोद नगर में स्वास्थ्य और फिटनेस के प्रति जागरूकता का अनूठा उदाहरण देखने को मिला। भारत विकास परिषद एवं लायंस क्लब धामनोद प्लेटिनम के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित योग एवं “रन फॉर हेल्थ” कार्यक्रम में सैकड़ों नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
सामूहिक योगाभ्यास से हुआ शुभारंभ
कार्यक्रम का शुभारंभ श्री वेंकटेश बालाजी मंदिर परिसर में सामूहिक योगाभ्यास के साथ हुआ। भारत विकास परिषद के अध्यक्ष डॉ. मनोज नाहर ने योग को स्वस्थ एवं संतुलित जीवन का आधार बताते हुए सभी को नियमित योग करने के लिए प्रेरित किया।
‘रन फॉर हेल्थ’ मैराथन ने जगाई जागरूकता
योग सत्र के बाद स्वास्थ्य जागरूकता के उद्देश्य से “रन फॉर हेल्थ” मैराथन का आयोजन किया गया। मैराथन श्री वेंकटेश बालाजी मंदिर से प्रारंभ होकर अलबेला हनुमान मंदिर, गुलझरा तक निकाली गई। नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती सीमा विष्णु पाटीदार एवं भारत विकास परिषद के प्रांतीय अध्यक्ष विजय नामदेव ने भारत माता की जय के उद्घोष के साथ मैराथन को रवाना किया।
हर आयु वर्ग ने दिखाई भागीदारी
मैराथन में पुरुषों, महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह के साथ दौड़ लगाकर समाज को स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने का संदेश दिया।
चिकित्सकों ने बढ़ाई आयोजन की गरिमा
नगर के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. विष्णु पाटीदार, डॉ. मीनाक्षी डांगी, डॉ. पल्लवी पाटीदार, डॉ. प्रीति जैन, डॉ. विनय जैन एवं डॉ. महेश पटेल ने भी सहभागिता कर कार्यक्रम को प्रेरणादायी बनाया।
प्रतिभागियों का किया सम्मान
मां नर्मदा डिग्री कॉलेज द्वारा मैराथन के प्रथम 100 प्रतिभागियों को प्रोत्साहन स्वरूप टी-शर्ट प्रदान की गई। समापन समारोह में लायंस क्लब प्लेटिनम की अध्यक्ष लायन निधि जैन, रीना नाहर, ज्योति पारीक, विभा झा, पिंकी मालवीया एवं मोनिका मालवीया ने विभिन्न क्षेत्रों में योगदान देने वाले प्रतिभागियों का सम्मान किया।
स्वल्पाहार और एनर्जी ड्रिंक की व्यवस्था
कार्यक्रम के दौरान रागिनी जायसवाल द्वारा सभी प्रतिभागियों के लिए स्वल्पाहार की व्यवस्था की गई, जबकि लायंस क्लब प्लेटिनम की ओर से एनर्जी ड्रिंक वितरित किए गए।
सामाजिक सहभागिता का प्रेरक उदाहरण
इस अवसर पर जगदीश बालाजी, राकेश पाटीदार, महेश सेन, देवकरण पाटीदार, राजू उतवानी, द्वारका सराफ, मुकेश आगीवाल, दुर्गेश दाबड़, विजेंद्र सिंह चौहान, नरेंद्र पटेल, सचिन यादव सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम की सफलता में महर्षि नाहर एवं शाश्वत पारीक का विशेष सहयोग रहा। संचालन राजेश पारीक ने किया तथा आभार प्रदर्शन निधि जैन ने व्यक्त किया।
स्वस्थ भारत के संकल्प को मिली नई ऊर्जा
योग, स्वास्थ्य और सामाजिक सहभागिता से जुड़ा यह आयोजन धामनोद में जन-जागरूकता का प्रेरणादायी उदाहरण बनकर सामने आया। कार्यक्रम के माध्यम से फिट और स्वस्थ भारत के संकल्प को नई ऊर्जा प्रदान करने का संदेश दिया गया।













Add Comment