समाचार

तीन दिवसीय आयोजन में रथयात्रा, प्रवचन, सांस्कृतिक कार्यक्रम और सेवा गतिविधियां होंगी प्रमुख आकर्षण : भगवान महावीर का 2625वां जन्म कल्याणक महोत्सव 30 मार्च से


भगवान महावीर का 2625वां जन्म कल्याणक महोत्सव जैन समाज की प्राचीनतम प्रतिनिधि संस्था आगरा दिगम्बर जैन परिषद के तत्वाधान में, आचार्य श्री आजर्व सागर जी महाराज के शिष्य पूज्य निर्यापक मुनि श्री विलोकसागर जी महाराज एवं मुनि श्री विबोधसागर जी महाराज के पावन सानिध्य में हर्षोल्लासपूर्वक मनाया जाएगा। पढ़िए आशीष जैन मोनू एवं राहुल जैन की विशेष रिपोर्ट…


आगरा। भगवान महावीर का 2625वां जन्म कल्याणक महोत्सव जैन समाज की प्राचीनतम प्रतिनिधि संस्था आगरा दिगम्बर जैन परिषद के तत्वाधान में, आचार्य श्री आजर्व सागर जी महाराज के शिष्य पूज्य निर्यापक मुनि श्री विलोकसागर जी महाराज एवं मुनि श्री विबोधसागर जी महाराज के पावन सानिध्य में हर्षोल्लासपूर्वक मनाया जाएगा। यह तीन दिवसीय आयोजन दिनांक 30 मार्च 2026 से 1 अप्रैल 2026 तक एम.डी. जैन इंटर कॉलेज मैदान में आयोजित होगा।

पत्रकार वार्ता में दी गई कार्यक्रमों की जानकारी

इन कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी देने हेतु परिषद द्वारा दिनांक 28 मार्च 2026 को श्री शांतिनाथ दिगम्बर जैन मंदिर, नारायण भवन, हरीपर्वत में पत्रकार वार्ता आयोजित की गई। परिषद के अध्यक्ष जगदीश प्रसाद जैन ने बताया कि इस वर्ष महोत्सव को लेकर समाज में विशेष उत्साह है और कार्यक्रम भव्य स्तर पर आयोजित किए जाएंगे।

पहला दिन (30 मार्च 2026) — धार्मिक व सेवा गतिविधियाँ

पहले दिन प्रातः 8:00 बजे से देव दर्शन, श्रीजी एवं मुनि संघ को श्रीफल भेंट की जाएगी। इसके बाद 8:30 बजे अहिंसा स्तंभ पर ध्वजारोहण तथा 8:45 बजे मुख्य पंडाल में ध्वजारोहण, पंडाल शुद्धि एवं उद्घाटन होगा। मुनि संघ के मंगल प्रवचन के पश्चात प्रातः 10:00 बजे से अखिल भारतीय पल्लीवाल जैन महासभा, आगरा द्वारा निःशुल्क चिकित्सा परामर्श शिविर तथा 10:30 बजे परिषद द्वारा रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा। मध्यान्ह 2:00 बजे से महिलाओं एवं बच्चों के लिए मेहंदी, रंगोली, बंदनवार, मंगल कलश, चित्रकला, पोस्टर, थाल सज्जा, निबंध एवं व्यंजन प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। सायं 7:00 बजे मानस्तंभ की महाआरती एवं रात्रि 8:00 बजे मुख्य पंडाल में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

दूसरा दिन (31 मार्च 2026) — भव्य रथयात्रा और कलशाभिषेक

परिषद के महामंत्री मनीष कुमार जैन (ठेकेदार) ने बताया कि प्रातः 7:30 बजे भगवान महावीर की भव्य रथयात्रा श्री 1008 महावीर स्वामी दिगम्बर जैन मंदिर, मोती कटरा से प्रारंभ होगी। यह रथयात्रा हनुमान चौराहा, हींग की मंडी, कोतवाली, अग्रसेन चौक, फव्वारा, किनारी बाजार, जौहरी बाजार, दरेसी, छत्ता बाजार, कचहरी घाट, बेलनगंज, पथवारी, धूलियागंज, सिटी स्टेशन रोड, घटिया, मंडी सईद खां होते हुए अपरान्ह 3:00 बजे एम.डी. जैन इंटर कॉलेज मैदान (कुंडलपुर नगर) पहुंचेगी। मुख्य पंडाल में पूजन, मुनि संघ के प्रवचन एवं श्रीजी का कलशाभिषेक किया जाएगा। इसके पश्चात श्री अग्रवाल दिगम्बर जैन महासभा, आगरा द्वारा वात्सल्य भोज का आयोजन होगा।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों की विशेष प्रस्तुतियाँ

परिषद के अर्थमंत्री राकेश जैन (परदे वाले) ने बताया कि 30 मार्च को सायं 7:00 बजे महिला मंडलों द्वारा संगीतमयी आरती तथा रात्रि 8:00 बजे “रानी चेलना एवं राजा श्रेणिक” नाटिका (नितिन शर्मा एंड पार्टी, दिल्ली) का मंचन होगा। 31 मार्च को रात्रि 7:30 बजे लक्की ड्रा (मुनि त्यागव्रती कूपन) तथा रात्रि 8:00 बजे “बालक महावीर का पालना एवं बधाई” कार्यक्रम प्रस्तुत किया जाएगा, जिसमें विभिन्न महिला मंडल भाग लेंगी।

आकर्षक सजावट और झांकियां रहेंगी केंद्र में

कार्यक्रम के संयोजक विमल जैन (ज्योति नगर) ने बताया कि तीनों दिन सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे तथा पूरे परिसर को आकर्षक विद्युत सजावट से सजाया जा रहा है। मुख्य पंडाल का निर्माण कोलकाता से आए कारीगरों द्वारा किया जा रहा है। सह-संयोजक दीपक जैन (बोतल वाले) ने बताया कि कार्यक्रम स्थल पर पावापुरी जल मंदिर, कैलाश पर्वत, आचार्य मानतुंग तथा बड़ौत की झांकियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगी। साथ ही पूरे परिसर को भगवान महावीर के गृहस्थ काल के नंद्यावर्त महल का स्वरूप दिया जा रहा है।

तीसरा दिन (1 अप्रैल 2026) — धार्मिक अनुष्ठान व समापन

1 अप्रैल को प्रातः 8:00 बजे श्री शांतिनाथ दिगम्बर जैन मंदिर में श्रीजी का अभिषेक एवं नित्य पूजा होगी। 8:15 बजे चित्रावरण, दीप प्रज्ज्वलन एवं 8:30 बजे मुनि संघ के सानिध्य में जिनेन्द्र महाअर्चना विधान एवं मंगल प्रवचन होंगे। दोपहर 1:00 बजे परिषद की साधारण सभा आयोजित होगी तथा 3:00 बजे रथयात्रा वापसी मोती कटरा के लिए प्रस्थान करेगी। सायं 7:00 बजे सम्मान समारोह एवं रात्रि 8:00 बजे सुप्रसिद्ध संगीतकार अजीत जैन एंड पार्टी (जयपुर) द्वारा भजन संध्या का आयोजन होगा।

कार्यक्रम में अनेक गणमान्य लोग रहेंगे उपस्थित

इस अवसर पर डॉ. जितेन्द्र जैन, अशोक जैन एडवोकेट, सुनील जैन ठेकेदार, राकेश जैन पार्षद, अध्यक्ष जगदीश प्रसाद जैन, महामंत्री मनीष जैन, कोषाध्यक्ष राकेश जैन, संयोजक विमल जैन, सहसंयोजक दीपक जैन, प्रचार मंत्री आशीष जैन मोनू, मनोज जैन, रमेश जैन, सतेंद्र जैन, सुशील जैन, पवन जैन, मनीष जैन, अनुज जैन, शैलेन्द्र जैन, राजेंद्र जैन एडवोकेट, प्रमेन्द्र जैन, मयंक जैन, विशाल जैन, कुमार मंगलम, रवि जैन, दीपक गर्ग, राहुल जैन एडवोकेट, अनिल जैन बजाज, शोभित जैन, सुबोध जैन, अमित जैन सहित समस्त कार्यकारिणी सदस्य उपस्थित रहेंगे।

आप को यह कंटेंट कैसा लगा अपनी प्रतिक्रिया जरूर दे।
+1
0
+1
0
+1
0
Shree Phal News

About the author

Shree Phal News

Add Comment

Click here to post a comment

You cannot copy content of this page