समाचार

आज रामगंजमंडी में पुनः मुनिद्वय का मंगल प्रवेश : आचार्य श्री समयसागर जी महाराज की महत्ती कृपा से नगर को पुनः मिला संत सान्निध्य


पूज्य मुनि श्री 108 निष्पक्षसागर जी महाराज एवं पूज्य मुनि श्री 108 निस्पृहसागर जी महाराज का आज प्रातः रामगंजमंडी में मंगल प्रवेश होगा। मुनिद्वय के आगमन को लेकर जैन समाज सहित नगर के श्रद्धालुओं में अत्यंत हर्ष और उत्साह का वातावरण बना हुआ है। पढ़िए अभिषेक जैन लुहाड़िया की रिपोर्ट..


रामगंजमंडी। परम पूज्य आचार्य श्री 108 विद्यासागर जी महाराज की परंपरा में साधना कर रहे तथा आचार्य श्री 108 समयसागर जी महाराज के आशीर्वाद से तप-आराधना में निरंतर रत पूज्य मुनि श्री 108 निष्पक्षसागर जी महाराज एवं पूज्य मुनि श्री 108 निस्पृहसागर जी महाराज का आज प्रातः रामगंजमंडी में मंगल प्रवेश होगा। मुनिद्वय के आगमन को लेकर जैन समाज सहित नगर के श्रद्धालुओं में अत्यंत हर्ष और उत्साह का वातावरण बना हुआ है।

मुनिद्वय हाल ही में रामगंजमंडी से विहार कर चंद्रोदय तीर्थ चांदखेड़ी पधारे थे, जहाँ भगवान श्री 1008 आदिनाथ जन्म कल्याणक महोत्सव के अवसर पर आयोजित दो दिवसीय भव्य धार्मिक कार्यक्रमों में उन्होंने श्रद्धालुओं को धर्मोपदेश प्रदान कर धर्म प्रभावना की। महोत्सव के कार्यक्रम सम्पन्न होने के पश्चात अब मुनिद्वय पुनः रामगंजमंडी पधार रहे हैं।

आज प्रातः नगर के श्रद्धालु कमल फिलिंग से मुनिद्वय की भव्य अगवानी करेंगे। इसके पश्चात मुनिश्री का नगर में शोभायात्रा स्वरूप नगर भ्रमण करवाया जाएगा तथा उन्हें शांतिनाथ दिगंबर जैन मंदिर ले जाया जाएगा। मंदिर में धर्मसभा का आयोजन किया जाएगा, जिसमें मुनिद्वय के सान्निध्य में श्रद्धालुओं को धर्मोपदेश का लाभ प्राप्त होगा। धर्मसभा के पश्चात मुनिद्वय की आहारचर्या संपन्न होगी।

उल्लेखनीय है कि रामगंजमंडी में मुनिद्वय के सान्निध्य में उनके विहार से पूर्व 16 दिवसीय अखंड जाप अनुष्ठान का शुभारंभ हुआ था, जो निरंतर जारी है। इस अनुष्ठान की पूर्णाहुति आगामी 20 मार्च को संपन्न होगी।

ज्ञात हो कि पूर्व में रामगंजमंडी जैन समाज के प्रतिनिधिमंडल ने मध्यप्रदेश के सिद्धक्षेत्र मुक्तागिरी में विराजमान परम पूज्य आचार्य श्री समयसागर जी महाराज के श्रीचरणों में विनम्र निवेदन किया था कि रामगंजमंडी क्षेत्र को संत सान्निध्य का सौभाग्य प्रदान करें। आचार्य श्री की असीम अनुकम्पा से नगर को मुनिद्वय का यह मंगल प्रवास प्राप्त हो रहा है, जिसे समाज अत्यंत पुण्यदायी अवसर के रूप में देख रहा है।

आप को यह कंटेंट कैसा लगा अपनी प्रतिक्रिया जरूर दे।
+1
0
+1
0
+1
0
Shree Phal News

About the author

Shree Phal News

Add Comment

Click here to post a comment

You cannot copy content of this page