नेपाल की पुण्य धरा पर स्थित श्री 1008 आदिनाथ दिगंबर जैन मंदिर, कमल पोखरी, काठमांडू में भगवान आदिनाथ का जन्म एवं तप कल्याणक महोत्सव विभिन्न धार्मिक आयोजनों के साथ भक्ति भाव से मनाया गया। पढ़िए यह विशेष रिपोर्ट..
काठमांडू (नेपाल)। नेपाल की पुण्य धरा पर स्थित श्री 1008 आदिनाथ दिगंबर जैन मंदिर, कमल पोखरी, काठमांडू में भगवान आदिनाथ का जन्म एवं तप कल्याणक महोत्सव विभिन्न धार्मिक आयोजनों के साथ भक्ति भाव से मनाया गया। कार्यक्रम के संबंध में मंदिर समिति के अध्यक्ष सुभाष जैन सेठी ने बताया कि प्रातःकाल भगवान आदिनाथ का अभिषेक, शांतिधारा तथा नित्य पूजन-पाठ अत्यंत श्रद्धा और भक्ति के साथ संपन्न हुआ। विशेष बात यह है कि पूरे नेपाल देश में यह एकमात्र जैन मंदिर है, जहाँ मूलनायक प्रतिमा भी भगवान आदिनाथ की ही स्थापित है। इस पावन अवसर पर संध्या काल में रिद्धि-सिद्धि मंत्रों के साथ 48 दीपकों द्वारा भक्तामर की महाअर्चना की गई। इसके पश्चात संगीतमय महाआरती, नमोकार महामंत्र का पाठ, भक्तिमय भजन तथा आदिनाथ चालीसा के पाठ से पूरा वातावरण धर्ममय हो उठा।
मंदिर परिसर को विशेष रोशनी और आकर्षक सजावट से आलोकित किया गया तथा भगवान आदिनाथ के जयकारों से वातावरण गूंज उठा। इस भव्य कार्यक्रम में जैन मंदिर समिति के पदाधिकारियों के साथ रंगिया (असम) और आगरा से आए तीर्थयात्री तथा स्थानीय जैन समाज के गणमान्य नागरिक उल्लेखनीय संख्या में उपस्थित रहे। अंत में अध्यक्ष सुभाष जैन सेठी ने कार्यक्रम में पधारे सभी श्रावकों एवं अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम का समापन किया।













Add Comment