ललितपुर में आयोजित विराट दिव्यांग शिविर में 92 दिव्यांगजनों को निःशुल्क कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण वितरित किए गए। उपकरण मिलने के बाद लाभार्थियों के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी। सेवा और संवेदना से जुड़े इस आयोजन की सभी ने सराहना की।पढ़िए ललितपुर से राजीव सिंघई की यह खबर
ललितपुर। सेवा और संवेदना का अनूठा संगम उस समय देखने को मिला जब अखिल भारतीय संस्था तरुण मित्र परिषद द्वारा अन्नपूर्णा सेवा संघ के तत्वावधान में आयोजित विराट दिव्यांग शिविर में 92 चयनित दिव्यांगजनों को निःशुल्क कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण वितरित किए गए। उपकरण प्राप्त करते ही लाभार्थियों के चेहरों पर मुस्कान खिल उठी और उनके जीवन में नई उम्मीद का संचार हुआ।
सेवा कार्य बने प्रेरणा का स्रोत
अन्नपूर्णा भोजनशाला में आयोजित परिषद के 64वें दिव्यांग शिविर का शुभारंभ अपर जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र विक्रम के मुख्य आतिथ्य एवं पूर्व मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एम.सी. गुप्ता की अध्यक्षता में हुआ। इस अवसर पर ज्ञानेंद्र विक्रम ने कहा कि ऐसे सेवा कार्य समाज के लिए प्रेरणादायी हैं। कृत्रिम अंग और सहायक उपकरण दिव्यांगजनों के जीवन को अधिक सहज और आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
विभिन्न उपकरणों का हुआ वितरण
संस्था के संस्थापक एवं अध्यक्ष अशोक जैन ने बताया कि समीर एवं शिल्पी सौंधी (यूएसए) के सहयोग से आयोजित इस शिविर में 24 कृत्रिम पैर, 5 कृत्रिम हाथ, 28 पोलियो कैलिपर्स, 7 ऑर्थो शूज, 10 स्टिक, 5 वॉकर, 2 बैसाखियां तथा 11 श्रवण बाधित बुजुर्गों को श्रवण यंत्र वितरित किए गए।
उन्होंने बताया कि परिषद देश के विभिन्न राज्यों में लगातार दिव्यांग सेवा शिविर आयोजित कर रही है, जिससे हजारों जरूरतमंद लोगों को लाभ मिल रहा है।
गिरनार में लगेगा अगला शिविर
अशोक जैन ने जानकारी दी कि परिषद का 65वां दिव्यांग शिविर आगामी 5 एवं 18 जुलाई को गुजरात के जूनागढ़ स्थित गिरनार पर्वत की तलहटी में भगवान नेमीनाथ के मोक्ष कल्याणक दिवस के अवसर पर आयोजित किया जाएगा।
वंचित दिव्यांगों को भी मिलेगा अवसर
शिविर संयोजक समकित जैन ने बताया कि जो दिव्यांगजन इस बार किसी कारणवश लाभ नहीं ले सके हैं, उनके लिए जल्द ही पुनः शिविर आयोजित किया जाएगा ताकि कोई भी जरूरतमंद सहायता से वंचित न रहे।
उच्च गुणवत्ता के उपकरण
संस्था की संरक्षक श्रीमती सुषमा भगवानदास साध ने बताया कि सभी कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण दिल्ली स्थित कार्यशाला में उच्च गुणवत्ता मानकों के अनुरूप तैयार किए गए हैं, जिससे लाभार्थियों को लंबे समय तक सुविधा मिल सके।
गणमान्य नागरिक रहे उपस्थित
कार्यक्रम में सुरेश बाबू जैन, एडवोकेट अरविंद जैन, महेंद्र बड़घरिया, मनमोहन जड़िया, शिवनारायण नायक, बॉबी सरदार, कंचन सिंह सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। अंत में संस्था के संरक्षक बी.के. अग्रवाल ने सभी अतिथियों, सहयोगियों और दानदाताओं का आभार व्यक्त किया।













Add Comment