समाचार

चिंतन बैठक : राजस्थान जैन सभा की वेबसाइट का हुआ लोकार्पण


जयपुर के जैन मंदिरों में हो रही घटनाओं को लेकर रविवार को राजस्थान जैन सभा की जयपुर में बैठक हुई। इसमें मंदिरों की सुरक्षा के लिए किए जाने वाले उपायों पर चर्चा की गई। पढ़िए एक विस्तृत रिपोर्ट…


जयपुर। शहर के जैन मंदिरों में हो रही चोरियों की घटनाओं को लेकर राजस्थान जैन सभा, जयपुर के तत्वावधान में शहर के जैन मंदिरों की प्रबंध समितियों के पदाधिकारियों की चिन्तन बैठक का आयोजन भट्टारक जी की नसियां में हुआ। इस मौके पर राजस्थान जैन सभा की वेबसाइट का लोकार्पण भी किया गया। नारायण सिंह सर्किल स्थित भट्टारक जी की नसियां के बड़जात्या सभागार में आयोजित इस चिन्तन बैठक का शुभारंभ विश्व शांति प्रदायक णमोकार महामंत्र के तीन बार सामूहिक रूप से उच्चारण कर हुआ।

राजस्थान जैन सभा जयपुर के अध्यक्ष सुभाष चन्द जैन ने स्वागत उदबोधन देते हुए जैन मंदिरों में लगातार हो रही चोरियों की घटनाओं की रोकथाम एवं चोरों को पकड़ने के सम्बन्ध में राजस्थान जैन सभा द्वारा की गई कार्रवाई से सभी को अवगत कराया।

मंदिरों की सुरक्षा पर दें ध्यान 

चिन्तन बैठक की अध्यक्षता करते हुए राजस्थान जैन सभा के पूर्व अध्यक्ष एवं दिगम्बर जैन मंदिर महासंघ के अध्यक्ष महेन्द्र कुमार पाटनी ने सभी से अपील की कि मंदिरों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाए एवं मंदिर में विराजित प्रतिमाओं एवं अन्य सामग्री का पूर्ण लेखा जोखा, फोटोज आदि रिकार्ड में सुरक्षित रखे जाए। सभा के मंत्री विनोद जैन कोटखावदा ने कहा कि मंदिर समिति के पदाधिकारी समय-समय पर मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था चैक करते रहें। सीसीटीवी कैमरे लगाएं, उन्हें मोबाइल से जोडें। चोरी की घटना होने पर तुरंत पुलिस को सूचना देते हुए पुलिस रिपोर्ट दर्ज कराई जाए तथा राजस्थान जैन सभा को पूरी जानकारी दी जाए, जिससे पुलिस अधिकारियों पर दबाव डाला जा सके एवं मीडिया को पूरी जानकारी दी जा सके। कार्यकारिणी सदस्य एवं प्रशासनिक समन्वयक महेश काला ने इस सम्बन्ध में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत एवं उनके प्रमुख सचिव कुलदीप रांका से मिलने एवं पुलिस महानिदेशक, पुलिस आयुक्त सहित अन्य अधिकारियों को ज्ञापन देने की जानकारी दी।

गतिविधियों की दी जानकारी

इस मौके पर सभा के कोषाध्यक्ष राकेश छाबड़ा ने गत 25 दिसंबर को आयोजित सम्मेदशिखर बचाओ आंदोलन के आय-व्यय का लेखा-जोखा प्रस्तुत किया।

महामंत्री मनीष बैद ने सभा का संचालन करते हुए राजस्थान जैन सभा की गतिविधियों पर प्रकाश डाला। कार्यकारिणी सदस्य जिनेन्द्र जैन जीतू ने आगामी 16 मार्च को आने वाली आदिनाथ जयन्ती पर भट्टारक जी की नसियां में आयोजित होने वाले भक्तामर स्तोत्र अनुष्ठान के आयोजन पर प्रकाश डाला। अध्यक्ष सुभाष चन्द जैन ने आगामी 3 अप्रैल को महावीर जयंती मनाए जाने तथा सभा की ओर से किए जाने वाले कार्यक्रमों यथा रक्तदान शिविर, स्मारिका प्रकाशन, शोभायात्रा, धर्म सभा आदि पर प्रकाश डाला।

वेबसाइट का लोकार्पण

इस मौके पर राजस्थान जैन सभा द्वारा संचालित वेबसाइट rajasthanjainsabha.in का लोकार्पण प्रवीण चन्द्र छाबड़ा एवं महेन्द्र कुमार पाटनी द्वारा किया गया। संयोजक शैलेन्द्र शाह चीकू ने वेबसाइट पर उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी। कार्यकारिणी सदस्य अनिल छाबडा ने सभा की ओर से साइबर सेल बनाने का सुझाव दिया। सभा के उपाध्यक्ष मुकेश सोगानी द्वारा विशेषज्ञों के माध्यम से सीसीटीवी कैमरा संचालन एवं सुरक्षा व्यवस्था की सुनिश्चितता के सम्बन्ध में जानकारी दी गई। बैठक में प्रवीण चन्द्र छाबड़ा, सुनील बख्शी, भाग चन्द जैन, प्रकाश गंगवाल, रवि जैन, पदम चन्द बिलाला, नीरज जैन, विपिन बज, निर्मल सेठी, रामपाल जैन आदि ने भी चोरी की घटनाओं पर रोकथाम के लिए सुझाव दिए। चोरियों के सम्बन्ध में विधानसभा में प्रश्न उठाने के लिए विधायक कालीचरण सराफ एवं अशोक लाहोटी का आभार व्यक्त किया गया। अन्त में महामंत्री मनीष बैद ने सभी का आभार व्यक्त किया। बैठक में बडी संख्या में मंदिर समितियों के पदाधिकारी शामिल हुए।

आप को यह कंटेंट कैसा लगा अपनी प्रतिक्रिया जरूर दे।
+1
1
+1
0
+1
0
Shreephal Jain News

About the author

Shreephal Jain News

Add Comment

Click here to post a comment

You cannot copy content of this page