मेथी मलाई मटर एक स्वादिष्ट, क्रीमी और सुगंधित उत्तर भारतीय व्यंजन है, जिसे बिना प्याज और लहसुन के बनाया जाता है। यह रसोई की सादगी और संतुलित स्वाद का बेहतरीन उदाहरण है। जानते हैं कैसे बना सकते हैं यह सब्जी…
मेथी मलाई मटर
सामग्री:
मुख्य सब्जी के लिए:
– ताजी या फ्रोजन मटर – 1 कप
– ताजी ज़ी मेथी की पत्तियाँ – 1 कप (धोकर बारीक काटी हुई)
तेल या घी – 2 बड़े चम्मच
नमक – स्वादानुसार
चीनी – ½ चम्मच (वैकल्पिक, मेथी की कड़वाहट कम करने के लिए)
ग्रेवी के लिए:
-काजू – 10 से 12 (10 मिनट गरम पानी में भिगोए हुए)
– हरी मिर्च – 1
– दूध – 1 कप
– मलाई (फ्रेश क्रीम) – 3 बड़े चम्मच
– कसूरी मेथी – ½ चम्मच
– जीरा – ½ चम्मच
– हल्दी – ¼ चम्मच
– धनिया पाउडर – 1 चम्मच
– गरम मसाला – ¼ चम्मच
विधि:
1. काजू पेस्ट बनाएं:
भिगोए हुए काजू को हरी मिर्च और थोड़ा दूध डालकर पीस लें। (स्मूद पेस्ट बना लें)
2. मेथी को तैयार करें:
कड़ाही में थोड़ा तेल गरम करें, मेथी डालकर 2 मिनट भूनें जब तक कड़वाहट थोड़ी कम न हो जाए। अलग निकाल लें।
3. ग्रेवी बनाएं:
उसी कड़ाही में थोड़ा और तेल डालें, जीरा डालें।
अब हल्दी, धनिया पाउडर और तैयार काजू पेस्ट डालें।
लगातार चलाते हुए 2–3 मिनट धीमी आंच पर पकाएँ ताकि पेस्ट का कच्चापन चला जाए।
4. अब दूध डालें:
धीरे-धीरे दूध डालें और हिलाते रहें ताकि गुठलियाँ न बनें।
जब ग्रेवी हल्की गाढ़ी हो जाए, तो उसमें मेथी और मटर डालें।
5. अंत में मलाई और कसूरी मेथी डालें:
मलाई डालकर 2 मिनट और पकाएं।
गरम मसाला और नमक डालें।
स्वाद के अनुसार हल्की चीनी भी डाल सकते हैं।
6. सर्व करें:
गरमागरम जैन मेथी मलाई मटर को फुल्का, पराठा या जीरा राइस के साथ परोसें।
टिप्स:
अगर आप ज्यादा क्रीमी स्वाद चाहते हैं, तो दूध के कुछ हिस्से की जगह फ्रेश क्रीम या नारियल दूध का इस्तेमाल करें।
ग्रेवी को रेस्टोरेंट जैसा रिच बनाना हो तो थोड़ा पनीर भी ग्रेवी में डाल सकते हैं।













Add Comment