मुनि श्री विनम्र सागर जी महाराज ने शनिवार प्रगति कॉन्वेंट स्कूल में प्रवचन के दौरान आचार्य विद्यासागर जी का स्मरण कर अपनी देशना दी। उन्होंने जीवन में दान का महत्व बताया। शनिवार को रेवती रेंज स्थित सर्वतो भद्र जिनालय में एक प्रतिमा की राशि की घोषणा संजय मृदुला अनमोल कासलीवाल परिवार, प्रगति कॉन्वेंट स्कूल एवं एक प्रतिमा स्थापित करने की राशि की घोषणा की। इंदौर से पढ़िए यह खबर…
इंदौर। मुनि श्री विनम्र सागर जी महाराज ने शनिवार प्रगति कॉन्वेंट स्कूल में आचार्य विद्यासागर जी महाराज को याद करते हुए कहा कि गुरुदेव गहरी और सुंदर बात कहते थे। वे कहते थे कि सूरज को, चंद्रमा को, हिमालय को, हवा को सब जानते हैं। ऐसे ही दानवीर को भी सभी जानते हैं। दान देने से चेहरे की चमक बढ़ती है। दानवीर हमेशा प्रसन्न और संतुष्ट रहते हैं। अपने प्रवचन में उन्होंने कहा कि मंदिर के अंदर बजने वाले हारमोनियम और तबले जो बजते हैं वो सामान्य नहीं होते। ये चीज हमें भगवान तक पहुंचाने वाली होती है या भगवान को हम तक पहुंचाने वाली होती है। जिसका प्रभु के प्रति विशेष प्रेम उमड़ता है, उसे प्रभु पार्षद कहते हैं। आप सभी के लिए मैं प्रभु पार्षद हूं। शायद ये आप लोगों के लिए एक नया शब्द होगा।
मंदिर शांति के लिए बनाए जाते हैं
मुनि श्री ने कहा कि दानदाता केवल दान का दाता ही नहीं है वो किसी को भगवान तक पहुंचाने की कोशिश कर रहा है। आपने कहा कि धन की ताकत और मर्यादा दोनों को पहचानो। धन सुविधा देता है, सुख नहीं देता।
आपने कहा कि आपके द्वारा मंदिरों में विराजित किए हुए जिनबिम्ब से किसी का वैराग्य बढ़ता है, किसी की कषाय मिटती है और साधु को केवल ज्ञान होता है । मंदिर शांति के लिए बनाए जाते हैं। अपने पुरुषार्थ से कमाया हुआ धन ही मंदिर निर्माण में लगाना चाहिए।
प्रतिमा की राशि की घोषणा
दिगंबर जैन समाज सामाजिक संसद के प्रचार प्रमुख सतीश जैन ने बताया कि शनिवार को रेवती रेंज स्थित सर्वतो भद्र जिनालय में एक प्रतिमा की राशि की घोषणा संजय मृदुला अनमोल कासलीवाल परिवार, प्रगति कॉन्वेंट स्कूल एवं एक प्रतिमा स्थापित करने की राशि की घोषणा का सौभाग्य निर्मल कुमार शशि जैन साहिल जैन सीए परिवार को प्राप्त हुआ।
मुनि श्री मंच पर रहे मौजूद
कार्यक्रम के प्रारंभ में मंगलाचरण के बाद आचार्य श्री विद्यासागर जी महाराज के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन अतिथियों ने किया। मुनि श्री निस्वार्थ सागर जी भी मंच पर मौजूद थे। इस अवसर पर मनीष नायक, स्वर्णकुमार जैन, सचिन जैन, सतीश जैन, दीपक सोधिया, प्रफुल्ल जैन, सचिन जैन सहित बड़ी संख्या में समाज जन उपस्थित थे।













Add Comment