नैनवा वर्षायोग के लिए मुनिश्री प्रज्ञानसागर जी एवं मुनिश्री प्रसिद्ध सागर महाराज का मंगल प्रवेश होगा। भव्य ऐतिहासिक मंगल प्रवेश अगवानी के लिए नगर में 51 स्वागत द्वार लगाए गए हैं। गाजे-बाजे के साथ शोभायात्रा निकाली जाएगी। नैनवा से पढ़िए, अभिषेक जैन लुहाड़िया की यह खबर…
नैनवा। आचार्य श्री विनिश्चय सागरजी महाराज के शिष्य मुनि प्रज्ञान सागर जी, मुनि प्रसिद्ध सागर महाराज का वर्षायोग के लिए 19 जून गुरुवार को नगर में मंगल प्रवेश होगा। नगर की सीमा पर स्थित देई पोल चुंगी नाके पर दिगंबर जैन समाज की ओर से उनकी भव्य अगवानी की जाएगी। उन्हें वहां से गाजे-बाजे के साथ सभी महिला मंडलों द्वारा जय घोष करते हुए शहीद भगत सिंह स्मारक शांति वीर धर्मस्थल सदर बाजार होते हुए कोटिया जी के जैन मंदिर लाया जाएगा। अग्रवाल दिगंबर जैन बड़े मंदिर में मुनिद्वय के मंगलमय प्रवचन होंगे। महावीर जैन सरावगी ने बताया कि मुनि द्वय ने 27 मई को मक्सी पारसनाथ उज्जैन नगरी से 450 किमी पैदल विहार करते हुए नैनवा पहुंच रहे हैं। नैनवा समाज गुरुदेव की अगवानी के लिए आतुर है एवं अगवानी बहुत ही ऐतिहासिक होगी। भव्य शोभायात्रा में जगह-जगह समाज द्वारा पेयजल व्यवस्था की गई है।
शोभायात्रा का यह रहेगा आकर्षण
सरावगी ने बताया कि शोभायात्रा में चार घोड़े बगियों में समाज के श्रेष्ठी इंद्र के रूप में सुशोभित होंगे। जगह-जगह पर मुनिद्वय का पाद प्रक्षालन होगा एवं पुष्य वर्षा की जाएगी। इस दौरान नगर के जैन समाज के प्रतिष्ठान बंद रहेंगे। संपूर्ण नगर को दुल्हन की तरह सजाया गया है एवं पूरा नगर तोरण द्वार से अटा हुआ है। नगर में अगवानी के लिए 51 तोरण द्वार लगाए गए हैं। आपको बता दे नैनवा वह नगर है, जहां आचार्य श्री धर्म सागर महाराज का अवतरण हुआ था।













Add Comment