जैन साध्वी गणिनी आर्यिका श्री स्वस्तिभूषण माताजी ससंघ 1008 भक्तों के साथ एक जून को सोनागिर पर्वत की वन्दना करेंगी । इसी दिन पर्वत पर श्री सहस्त्र कूट जिनालय की आधारशिला रखी जाएगी एवं गुरुमां 2023 के वर्षायोग की घोषणा करेंगी। पढ़िए मनोज नायक की रिपोर्ट…
सोनागिर। जैन साध्वी गणिनी आर्यिका श्री स्वस्तिभूषण माताजी ससंघ 1008 भक्तों के साथ एक जून को सोनागिर पर्वत की वन्दना करेंगी । इसी दिन पर्वत पर श्री सहस्त्र कूट जिनालय की आधारशिला रखी जाएगी एवं गुरुमां 2023 के वर्षायोग की घोषणा करेंगी।
श्री दिगम्बर जैन सिद्धक्षेत्र सोनागिर कमेटी के महामंत्री बालचन्द जैन ने बताया कि सिंहरथ प्रवर्तक, त्रिलोकतीर्थ धाम प्रणेता, छाणी परम्परा के पंचम पट्टाचार्य श्री विद्याभूषण सन्मतिसागर महाराज की परम प्रभावक शिष्या स्वस्तिधाम प्रणेत्री, विदुषी लेखिका, भारत गौरव गुरुमां गणिनी आर्यिका श्री स्वस्तिभूषण माताजी एवं गणिनी आर्यिका लक्ष्मीभूषण माताजी ससंघ श्री सिद्धक्षेत्र सोनागिर में विराजमान हैं ।

सहस्त्रकूट जिनालय की आधारशिला रखी जाएगी
जैन के अनुसार गुरुमां गणिनी आर्यिका श्री स्वस्तिभूषण माताजी की प्रेरणा एवं आशीर्वाद से आर्यिका संघ के पावन सान्निध्य में श्री सिद्धक्षेत्र सोनागिर जी के पर्वत पर गुरुवार को सहस्त्रकूट जिनालय की आधारशिला रखी जाएगी। नवीन जिनालय की आधारशिला रखने से पूर्व पूज्य गुरुमां अपने 1008 भक्तों के साथ सिद्धक्षेत्र सोनागिर पर्वत की वंदना करेगी । साथ ही गुरुमां अपने 2023 के चातुर्मास स्थल की घोषणा करेंगी ।

कमेटी जुटी व्यवस्थाएं बनाने में
गुरुमां के वर्षायोग के लिए मुरार, मुरैना, धौलपुर, डबरा सोनागिर कमेटी, मुरैना ज्ञानतीर्थ परिवार काफी प्रयासरत हैं। वर्षायोग के लिए मुरार जैन समाज द्वारा अथक प्रयास किया जा रहा है। गुरुमां श्री स्वस्तिभूषण माताजी ससंघ का 2023 का वर्षायोग सोनागिर जी या मुरार होने की पूर्ण सम्भावना है। इस पावन अवसर पर जयपुर, दिल्ली, धौलपुर, मुरैना, अम्बाह, मुरार, लश्कर, ग्वालियर, डबरा, करैरा, शिवपुरी, झांसी सहित सम्पूर्ण भारतवर्ष से लगभग 2500 गुरुमां के भक्तों के आने की संभावना है । कार्यक्रम में अपार जनसमुदाय के आने की सम्भावना को देखते हुए क्षेत्र कमेटी ने आवास एवं भोजन व्यवस्था सहित अन्य सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप प्रदान करने में लगी हुई है।













Add Comment