समाचार

रथ पर सवार होकर श्री जिनेंद्र प्रभु का नगर भ्रमण : महायज्ञ, भव्य रथयात्रा से हुआ सिद्धचक्र विधान का समापन


मुरैना में चल रहे सात दिवसीय श्री सिद्धचक्र महामंडल विधान का शनिवार को समापन हुआ। इस अवसर पर रथयात्रा का आयोजन कर श्रीजी को नगर भ्रमण करवाया गया। सात दिनों तक विविध कार्यक्रमों में समाजजनों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और आराधना में हिस्सा लिया। पढ़िए मुरैना से मनोज नायक की यह खबर…


मुरैना। सात दिवसीय श्री सिद्धचक्र महामंडल विधान के समापन पर विश्व शांति महायज्ञ और भव्य रथयात्रा निकाली गई। आयोजन समिति के मुख्य संयोजक विनोद जैन (लोहे वाले) ने बताया कि पुण्यार्जक परिवार लोहिया बाजार मुरैना निवासी नेमीचंद विमलचंद जैन बर्तन वाले परिवार ने ज्ञानसागर सेवा सदन मुरैना में 26 जनवरी से 1 फरवरी तक सात दिवसीय श्री1008 सिद्धचक्र महामंडल विधान का आयोजन किया। प्रतिष्ठाचार्य महेंद्रकुमार शास्त्री एवं विधानाचार्य राजेंद्र जैन शास्त्री मंगरोनी के आचार्यत्व में सात दिन सिद्धों की आराधना करते हुए अर्घ्य समर्पित किए गए। भजन गायक एवं संगीतकार सौरभ जैन एंड पार्टी ने प्रतिदिन रात को महाआरती एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी।


विश्व शांति की कामना से किया महायज्ञ
आयोजन समिति के मीडिया संयोजक मनोज जैन नायक एवं आशीष जैन ने बताया कि विधान के अंतिम दिन प्रातः कालीन बेला में अभिषेक, शांतिधारा, नित्य नियम पूजन के बाद विश्व शांति की कामना से महायज्ञ किया। जिसमें इंद्र-इंद्राणियों ने आहुति दी। विधान के समापन पर भव्य रथयात्रा निकाली गई। श्री जिनेंद्र प्रभु को रथ में विराजमान कर नगर भ्रमण कराया गया।

कलशाभिषेक में गूंजे भगवान के जयकारे
भव्य रथ यात्रा चल समारोह शंकर बाजार, स्टेशन रोड, हनुमान चौराहा, सराफा बाजार, लोहिया बाजार होता हुआ बड़े जैन मंदिर पहुंचा। बड़े जैन मंदिर जी में श्री जिनेंद्र प्रभु को पांडुक शिला पर विराजमान कर स्वर्ण कलशों से कलशाभिषेक किया गया। स्वर्ण कलशों से जलधारा जैसे ही प्रभुजी के सिर पर ढारी गई, वैसे ही पूरा मंडप भगवान की जय-जयकारों से गूंज उठा। रथयात्रा में चल रही घोड़ा बग्घियों में प्रतिष्ठाचार्य, विधानाचार्य एवं इंद्र-इंद्राणी विराजमान थे। चार इंद्र श्री जिनेंद्र प्रभु पर चवर ढार रहे थे। स्थान स्थान पर साधर्मी बंधुओं ने चल समारोह की अगवानी करते हुए श्री जिनेंद्र प्रभु की आरती की। बैंड बाजों की भक्तिमय धुन पर साधर्मी बंधु नृत्य करते हुए चल रहे थे। रथयात्रा में श्री जी विराजमान वाले रथ को युवा क्लब के युवा साथी खींच रहे थे।

सहयोगियों का किया सम्मान
कार्यक्रम समापन की पूर्व संध्या पर पुण्यार्जक परिवार ने प्रतिष्ठाचार्य महेन्द्रकुमार शास्त्री मुरैना, विधानाचार्य राजेंद्र शास्त्री मंगरोनी ग्वालियर, विद्वत नवनीत शास्त्री मुरैना, अभिषेक जैन टीटू आलोक प्रेस, मनोज जैन नायक का सम्मान किया।

यह समाज श्रेष्ठीजन मौजूद रहे
कार्यक्रम के बाद कुम्हेरी के नेमीचंद विमलचंद जैन (बर्तन वाले) परिवार की ओर से सकल जैन समाज के वात्सल्य भोज का आयोजन किया गया था। इस पावन अवसर पर अतिशय क्षेत्र टिकटोली के अध्यक्ष राजेंद्र भंडारी, जैन छात्रावास के अधीक्षक चक्रेश शास्त्री, पल्लीवाल मंदिर के अध्यक्ष शेखर जैन, मंत्री अमर जैन, बड़ा मंदिर के अध्यक्ष प्राचार्य अनिल जैन, मंत्री विनोद जैन, रज्जू जैन, अनूप जैन, बृजेश जैन हप्पू, ओमप्रकाश जैन, रमेश जैन, पदमचंद जैन, एडवोकेट पदम जैन, दर्शनलाल, वैद्य राजेंद्र जैन, प्रदीप जैन उपस्थित रहे।

आप को यह कंटेंट कैसा लगा अपनी प्रतिक्रिया जरूर दे।
+1
1
+1
0
+1
0
Shreephal Jain News

About the author

Shreephal Jain News

Add Comment

Click here to post a comment

You cannot copy content of this page