मोक्ष सप्तमी के पावन अवसर पर अखिल भारतीय श्री दिगम्बर जैसवाल जैन उपरोचियां सेवा न्यास परिवार द्वारा श्री सम्मेद शिखरजी पर विशाल चिकित्सा शिविर एवं वात्सल्य भोज का आयोजन किया गया। हजारों श्रद्धालुओं ने इस सेवा कार्य का लाभ उठाया। पढ़िए मनोज जैन नायक की विस्तृत खबर…
श्री सम्मेद शिखरजी। अखिल भारतीय श्री दिगंबर जैसवाल जैन उपरोचियां सेवा न्यास परिवार द्वारा मोक्ष सप्तमी के पावन अवसर पर जैन समाज के शाश्वत तीर्थ श्री सम्मेद शिखरजी पर यात्रियों के लिए निःशुल्क चिकित्सा शिविर और वात्सल्य भोज का भव्य आयोजन किया गया।
सेवा न्यास परिवार के महामंत्री सीए कमलेश जैन (गुरुग्राम) ने जानकारी देते हुए बताया कि इस आयोजन में लगभग 8,000 से 10,000 श्रद्धालुओं ने भोजन ग्रहण किया। यह सेवा शिखरजी पर्वत पर स्थित डाक बंगले क्षेत्र में 31 जुलाई को पार्श्वनाथ भगवान के मोक्ष कल्याणक पर आयोजित की गई।
स्वास्थ्य शिविर में भी उमड़ी भीड़
वात्सल्य भोज के साथ साथ स्वास्थ्य चिकित्सा शिविर का भी आयोजन किया गया, जिसमें डॉ. शादाब, डॉ. कन्हैया झा और आरू क्लिनिक दिल्ली की डॉक्टर्स टीम ने तीर्थयात्रियों की जांच कर दवाएं वितरित कीं। यात्रियों ने इस सेवा का भरपूर लाभ लिया।
यात्रा संयोजक सुदीप जैन (गुरुग्राम) और मंत्री रूपेश जैन (उत्तम नगर, दिल्ली) ने बताया कि श्रद्धालु सेवा कार्य से अत्यंत भावविभोर रहे। महिला सेवा टीम की सदस्यों शशि जैन, रश्मि जैन, डॉली जैन आदि ने भी तीर्थयात्रियों से आत्मीय व्यवहार कर उन्हें भोजन परोसा।
पर्वत पर भक्ति और सेवा का संगम
सेवा न्यास के मीडिया प्रभारी मनोज जैन नायक (मुरैना) ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी हजारों श्रद्धालुओं ने भगवान पार्श्वनाथ के निर्वाण दिवस पर शिखरजी की वंदना कर निर्वाण लड्डू चढ़ाए। न्यास परिवार द्वारा निरंतर रूप से यह सेवा कार्य किया जाता रहा है, जिसे सभी यात्रियों ने खूब सराहा और धन्यवाद ज्ञापित किया।













Add Comment