वरिष्ठ समाजसेवी सीए कमलेश जैन के मार्गदर्शन में 8 अक्टूबर को राजाखेड़ा में विशाल निःशुल्क नेत्र परीक्षण शिविर लगाया जा रहा है। यह शिविर वह अपनी मां स्व. भगवानदेवी जैन की पुण्य स्मृति में वर्ष 2016 से लगातार लगवा रहे हैं। अंबाह से पढ़िए, अजय जैन की यह खबर…
अंबाह। वरिष्ठ समाजसेवी सीए कमलेश जैन के मार्गदर्शन में 8 अक्टूबर को राजाखेड़ा में विशाल निःशुल्क नेत्र परीक्षण शिविर लगाया जा रहा है। यह शिविर वह अपनी मां स्व. भगवानदेवी जैन की पुण्य स्मृति में वर्ष 2016 से लगातार लगवा रहे हैं। 8 अक्टूबर को लगाए जाने वाला मासिक शिविर रतन ज्योति चैरिटेबल फाउंडेशन ग्वालियर संचालित करेगा। जिसमें डॉ. भसीन मार्गदर्शन करेंगे। शिविर सुबह 10 से दोपहर 1 बजे तक दुकान नं. 21, पंचायत समिति, राजाखेड़ा में होगा।
आंखों से संबंधित सभी रोगों की होगी जांच
शिविर में आने वाले मरीजों की मोतियाबिंद, रेटिना, भेंड़ापन, काला पानी और अन्य नेत्र रोगों की निःशुल्क जांच कर उचित परामर्श और मार्गदर्शन दिया जाएगा। चयनित मरीजों के मोतियाबिंद लैंस प्रत्यारोपण ऑपरेशन में आने-जाने, ठहरने, खाने-पीने और दवाइयों की पूरी व्यवस्था निःशुल्क की जाएगी। इसके अतिरिक्त दूर-दृष्टि वाले मरीजों को निःशुल्क चश्मा भी दिया जाएगा। यह सुविधा केवल कार्यक्रम में चयनित मरीजों के लिए उपलब्ध होगी।
2006 से लगाया जा रहा शिविर
सीए कमलेश जैन ने बताया कि यह शिविर उनकी माता जी की पुण्य स्मृति में आयोजित किया जा रहा है। उनका उद्देश्य आंखों की रोशनी बचाने के साथ-साथ समाज में सेवा, स्वास्थ्य जागरूकता और मानवता का संदेश प्रसारित करना भी है। उल्लेखनीय है कि 16 जनवरी 2006 से अब तक सीए कमलेश जैन और उनके सहयोगियों द्वारा आयोजित इन नेत्र शिविरों में लगभग 50 हजार मरीजों को लाभ पहुंचा है। शिविर में मरीजों को जांच, दवा और उचित उपचार मिलते हैं, जिससे उनकी जीवन गुणवत्ता में सुधार आता है।
ग्रामीण करते हैं शिविर की सराहना
राजाखेड़ा के दिलीप जैन बताते है कि राजाखेड़ा और आसपास के ग्रामीण क्षेत्र में यह शिविर सेवा और जागरूकता का प्रेरक उदाहरण बन चुका है। स्थानीय लोग इस पहल को सराहते हैं और इसे स्वास्थ्य जागरूकता और मानव सेवा का महत्वपूर्ण कदम मानते हैं। यह शिविर समाज में सेवा की भावना को मजबूत करता है और जरूरतमंद मरीजों को समय पर उपचार उपलब्ध कराता है।
मानवता की भावना मजबूत करता है
राजाखेड़ा में यह निःशुल्क नेत्र शिविर न केवल आंखों की रोशनी बचाने का कार्य करता है, बल्कि समाज में सेवा, जागरूकता और मानवता की भावना को भी मजबूत करता है। यही वजह है कि सीए कमलेश की यह पहल हजारों लोगों के जीवन में सुधार ला रही है और उन्हें बेहतर दृष्टि के साथ जीवन जीने का अवसर प्रदान कर रही है।













Add Comment